TRENDING TAGS :
Tejender Singh Bagga: मेडिकल चेकअप के लिए अस्पताल जे जाए गए बग्गा, गुरूग्राम में जज के घर होगी पेशी
Tejender Singh Bagga Arrested: बग्गा को मेडिकल के बाद गुरूग्राम स्थित जज के घर में पेश किया जाएगा। बता दें कि शुक्रवार सुबह बग्गा को पंजाब पुलिस दिल्ली से गिरफ्तार कर मोहाली लेकर जा रही थी।
भाजपा नेता तेजिंदर सिंह बग्गा। (Social Media)
Tejender Singh Bagga: दिल्ली भाजपा के नेता और प्रवक्ता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा को दिल्ली पुलिस हरियाणा से दिल्ली लेकर आ चुकी है। मेडिकल चेकअप के लिए उन्हें दिन दयाल अस्पताल ले जाया गया है। मेडिकल के बाद उन्हें गुरूग्राम स्थित जज के घर में पेश किया जाएगा। बता दें कि शुक्रवार सुबह बग्गा को पंजाब पुलिस दिल्ली से गिरफ्तार कर मोहाली लेकर जा रही थी। लेकिन कुरूक्षेत्र में दिल्ली पुलिस के कहने पर हरियाणा पुलिस ने पंजाब पुलिस का काफिला रोक दिया था। हरियाणा पुलिस ने बाद में बग्गा को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया था।
दिल्ली में बीजेपी का बवाल
बीजेपी ने दिल्ली में आज आम आदमी पार्टी के दफ्तर के बाहर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता आप दफ्तर के बाहर जमा हो गए थे। दिल्ली पुलिस ने दफ्तर के बाहर भारी बैरिकेंडिंग की हुई थी लेकिन बीजेपी कार्यकर्ता इसे लांघकर आम आदमी पार्टी के दफ्तर के अंदर जाने को आतुर थे। इधर, द्वारका कोर्ट पहुंचे पंजाब पुलिस के डीएसपी केएस संधू को भाजपा कार्यकर्ताओं के भारी विरोध से दो – चार होना पड़ा।
अनिल विज ने साधा आप पर निशाना
हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज ने बग्गा प्रकरण को लेकर आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आप के लिए पंजाब आप के लिए एक टॉर्चर हाउस बन गया है। सारे केस पंजाब में क्यों दर्ज करवाए जा रहे हैं? दिल्ली में भी पुलिस व्यवस्था है, यहां भी केस दर्ज किया जा सकता है। हरियाणा पुलिस की कार्रवाई पर विज ने कहा कि, जानकारी मिली थी कि तेजिंदर बग्गा नाम के शख्स का अपहरण कर पंजाब की तरफ ले जाया जा रहा है, उसको रोका जाए। हमने उसे रोका और दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया।
वहीं इस कार्रवाई के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। पंजाब की सभी विपक्षी पार्टियां कांग्रेस, अकाली दल और बीजेपी ने इसे बदले की कार्रवाई बताते हुए पंजाब पुलिस का नाम खराब करने का आरोप लगाया है।
बता दें कि तीन राज्यों के पुलिस के बीच उलझा ये मामला हाईकोर्ट की दहलीज लांघ चुका है। इस मामले में आज सुनवाई होने के बाद अदालत कल इसपर फिर सुनवाई करेगी। कोर्ट ने आज बग्गा को हरियाणा में रोकने की मांग को ठुकरा दिया था।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!