TRENDING TAGS :
Gujarat Exit Poll 2022: पीएम मोदी का मैजिक बरकरार, गुजरात में फिर सत्ता में लौट रही भाजपा
Gujarat Exit Poll: गुजरात के एग्जिट पोल में एक बार फिर भाजपा की आंधी चलती हुई दिख रही है। गुजरात में 1995 से ही सत्ता पर भाजपा का कब्जा है और एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक इस बार भी भाजपा की सत्ता बरकरार रहेगी।
Gujarat Exit Poll 2022 PM Modi magic intact BJP (Social Media)
Gujarat Exit Poll 2022: गुजरात के विधानसभा चुनाव के नतीजों पर पूरे देश की निगाहें लगी हुई हैं। गुजरात में विधानसभा की 182 सीटें हैं। सौराष्ट्र, कच्छ और दक्षिण गुजरात की 89 सीटों के लिए पहले चरण में एक दिसंबर को मतदान हुआ था। दूसरे चरण की 93 विधानसभा सीटों पर आज मतदान का काम पूरा हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का गृह राज्य होने के कारण गुजरात के चुनाव को सियासी नजरिए से काफी अहम माना जा रहा है। गुजरात के एग्जिट पोल में एक बार फिर भाजपा की आंधी चलती हुई दिख रही है। गुजरात के चुनाव में पिछली बार भाजपा को 99 सीटों पर जीत हासिल हुई थी मगर इस बार सभी एग्जिट पोल में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलता दिख रहा है। गुजरात में 1995 से ही सत्ता पर भाजपा का कब्जा है और एग्जिट पोल के नतीजों के मुताबिक इस बार भी भाजपा की सत्ता बरकरार रहेगी। अधिकांश एग्जिट पोल के मुताबिक गुजरात में प्रधानमंत्री मोदी का जादू अब भी बरकरार है और लोग भाजपा की ही सरकार चाहते हैं।
गुजरात का चुनावी नतीजा काफी अहम
गुजरात के चुनाव नतीजों से बड़ा सियासी संदेश निकलना तय है। गुजरात के नतीजों को प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता का पैमाना भी माना जा रहा है। इसी कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने गुजरात के चुनाव में पूरी ताकत झोंक दी थी। गृह मंत्री शाह के संचालन में ही भाजपा की ओर से पूरी रणनीति तैयार की गई थी। चुनाव तारीखों के ऐलान से पहले ही पीएम मोदी ने राज्य का कई बार दौरा किया था। गुजरात की चुनावी सभाओं में पीएम मोदी ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोला था और भरोसा जताया था कि गुजरात के मतदाताओं का समर्थन भाजपा को जारी रहेगा। सभी एग्जिट पोल में पीएम मोदी की यह उम्मीद पूरी होती दिख रही है।
TV9
TV9 के एग्जिट पोल के मुताबिक गुजरात में भाजपा को 125 से 130 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। गुजरात में कांग्रेस ने भी काफी जोर लगाया था मगर पार्टी 40 से 50 सीटों पर सिमट सकती है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के धुआंधार चुनाव प्रचार के बावजूद आप की स्थिति मजबूत नहीं दिख रही है। टीवी नाइन के मुताबिक आप को 3 से 5 सीटें मिल सकती हैं। दूसरे दलों और निर्दलीय उम्मीदवारों को 3 से 7 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है।
News X-Jan Ki Batt
जन की बात के एग्जिट पोल के मुताबिक भी भाजपा कांग्रेस पर भारी पड़ती दिख रही है। इस बार के गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा को 117 से 140 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। कांग्रेस यहां भी काफी पिछड़ती हुई दिख रही है और एग्जिट पोल के मुताबिक पार्टी 34 से 51 सीटों पर सिमट सकती है। आम आदमी पार्टी की हालत काफी पतली दिख रही है और उसे 6 से 13 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है।
P-MARQ
P-MARQ के मुताबिक भी भाजपा की सत्ता में वापसी तय है। भाजपा को इस बार के चुनाव में 128 से 148 सीटों पर जीत मिल सकती है। चुनाव में कांग्रेस की हालत काफी खस्ता दिख रही है और उसे 30 से 42 सीटें मिलने की उम्मीद है। आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी तो काफी बेदम दिख रहे हैं और उन्हें 2 से 10 सीटों पर जीत मिलने की उम्मीद जताई गई है।
इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया
इंडिया टुडे-एक्सिस माय इंडिया के मुताबिक गुजरात में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलता दिख रहा है। भाजपा को 131 से 151 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। इस एग्जिट पोल के मुताबिक कांग्रेस सिर्फ 16 से 30 सीटों पर सिमट सकती है। आम आदमी पार्टी को 9 से 21 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। गुजरात के विधानसभा चुनाव में इस बार निर्दलीय है या अन्य दलों का खाता खुलने की कोई उम्मीद नहीं है।
टुडेज चाणक्य
टुडेज चाणक्य के मुताबिक भाजपा काफी मजबूत स्थिति में नजर आ रही है और उसे 150 सीटें मिलने का अनुमान है। कांग्रेस की स्थिति काफी खराब रहेगी और उसे 19 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। आम आदमी पार्टी भी काफी कमजोर स्थिति में नजर आ रही है और उसे 11 सीटें मिल सकती हैं। अन्य उम्मीदवारों के खाते में 2 सीटें जा सकती हैं।
टाइम्स नाउ-ईटीजी
टाइम्स नाउ-ईटीजी के एग्जिट पोल के मुताबिक गुजरात में इस बार भाजपा को प्रचंड बहुमत हासिल होगा। भाजपा को 139 सीटों पर जीत हासिल हो सकती है। दूसरी ओर कांग्रेस की हालत काफी पतली नजर आ रही है। कांग्रेस सिर्फ 30 सीटों पर सिमट सकती है जबकि आम आदमी पार्टी को 11 सीटें मिलने का अनुमान लगाया गया है। अन्य उम्मीदवारों को 2 सीटों पर जीत मिल सकती है।
2017 के विधानसभा चुनाव के नतीजे
2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच कड़ा मुकाबला हुआ था। भाजपा 99 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब रही थी जबकि कांग्रेस के हिस्से में 77 सीटें आई थीं। गुजरात की 6 सीटों पर अन्य उम्मीदवारों को जीत मिली थी। अगर वोट प्रतिशत के लिहाज से देखा जाए तो भाजपा को 50 फ़ीसदी वोट मिले थे जबकि कांग्रेस 42.22 फ़ीसदी वोट पाने में कामयाब हुई थी। छह फीसदी वोट अन्य के खाते में गए थे। राज्य के 5,15,615 (करीब 1.8 फीसदी) मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया था।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!