आंखों में डाला मिर्च पाउडर, फिर धारदार हथियार से किया वार... कर्नाटक पूर्व DGP हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा

Karnataka DGP Murder: कर्नाटक के पूर्व DGP ओम प्रकाश हत्याकांड मामले में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है।

Gausiya Bano
Published on: 21 April 2025 11:38 AM IST (Updated on: 21 April 2025 12:46 PM IST)
former karnataka dgp om prakash murder by wife Shocking revelation
X

Karnataka DGP Murder: कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) ओम प्रकाश की हत्या मामले में एक नया मोड़ सामने आया है। सेवानिवृत्त DGP के बेटे कार्तिकेश ने इस मामले में अपनी मां पल्लवी और बहन कृति पर कथित तौर पर हत्या का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने पहले पूर्व DGP के आंखों में मिर्च पाउडर डाला, फिर उन्हें बांधकर धारदार चाकू से उनकी हत्या कर दी। इसके बाद मां पल्लवी ने खुद फोन करके पुलिस को इसकी जानकारी दी।

क्या है मामला?

DGP ओम प्रकाश रविवार को बेंगलुरु के HSR लेआउट स्थित अपने आवास पर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। जैसे ही इसकी जानकारी पुलिस को मिली, वह मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि पूर्व DGP का शव खून से लथपथ मिला था। उनके गले और पेट पर चाकू जैसे किसी धारदार हथियार के निशान मिले। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी हत्या की गई है। हालांकि, मौत का सही कारण पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा। इसके बाद से ही पुलिस जांच में जुट गई।

बेटे ने लगाए मां पर पिता की हत्या का आरोप

पूर्व DGP हत्याकांड मामले पर अब बेटे कार्तिकेश की शिकायत के बाद बड़ा खुलासा हुआ। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मामले में बेटे कार्तिकेश ने शिकायत दर्ज कराई और अपनी मां और बहन पर हत्या का आरोप लगाया है। सूत्रों के मुताबिक, पहले पल्लवी ने पूर्व DGP के आंखों में मिर्च डाली, फिर उन्हें बांध दिया। इसके बाद चाकू से धोपकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। बेटे कार्तिकेश ने शिकायत के दौरान दावा किया कि उनकी मां मानसिक रूप में अस्थिर हैं और उनका इलाज चल रहा है। फिलहाल बेटे की शिकायत के आधार पर पुलिस ने धारा 103, 103(1)(3)(5) के तहत FIR दर्ज कर ली है।

सिजोफ्रेनिया से जूझ रही हैं पूर्व DGP की पत्नी

पूर्व DGP की पत्नी पल्लवी कथित तौर पर पिछले 12 सालों से सिजोफ्रेनिया से जूझ रही हैं। वह अक्सर भ्रम में जीती हैं और कई फिजूल की चीजें सोचकर परेशान रहती हैं। सूत्रों का दावा है कि वह अक्सर डरी रहती थी और कहती थी कि उनका पति उन्हें नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके पति ने कई मौके पर धमकाने के लिए उन्हें बंदूक भी दिखाई।

पैसों को लेकर चल रहा था विवाद

पारिवारिक सूत्रों का कहना है कि DGP और उनकी पत्नी के बीच सब कुछ ठीक नहीं चल रहा था। दोनों के बीच अक्सर विवाद होते रहते थे। पैसों की वजह से दोनों के बीच मतभेद चल रहे थे, लेकिन वह अपने बच्चों के लिए एक साथ रहकर यह शादी निभा रहे थे।

ओम प्रकाश के बारे में

ओम प्रकाश बिहार के चंपारण के मूल निवासी थे। वह 1981 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारी थे। उन्होंने भूविज्ञान में मास्टर डिग्री की थी। उन्होंने कर्नाटक में बल्लारी जिले के हरपनहल्ली के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) के रूप में अपने करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्हें 1 मार्च, 2015 को कर्नाटक के शीर्ष पुलिस अधिकारी के रूप में नियुक्त किया गया था।

Gausiya Bano

Gausiya Bano

Content Writer

मैं गौसिया बानो आज से न्यूजट्रैक में कार्यरत हूं। माखनलाल चतुर्वेदी यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हूं। पत्रकारिता में 2.5 साल का अनुभव है। इससे पहले दैनिक भास्कर, न्यूजबाइट्स और राजस्थान पत्रिका में काम कर चुकी हूँ।

Next Story