TRENDING TAGS :
तेजस्वी का दावा : राजग के घटक बीजेपी से त्रस्त, राजद में हो सकते हैं शामिल
पटना : उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शनिवार को कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से त्रस्त हैं और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि राजग के कई नेता उनकी पार्टी में शामिल होना चाहते हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के छोटे बेटे तेजस्वी यादव ने यहां संवाददाताओं से कहा, "राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा), लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) तथा हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) बिहार में भाजपा से त्रस्त हैं। वे भाजपा से पीछा छुड़ाने को उत्सुक हैं और राजद से संपर्क में हैं।"
तेजस्वी ने यह भी कहा कि राजग के कई विधायक तथा नेता राजद के संपर्क में हैं और इशारा तथा प्रस्ताव मिलने पर पार्टी में शामिल होने के लिए तैयार बैठे हैं। तेजस्वी के मुताबिक, राजग के घटक दल गठबंधन से निकलने और किसी अन्य गठबंधन का हिस्सा बनने की सोच रहे हैं, क्योंकि राजग तथा सरकार में उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं है।
उन्होंने कहा, "भाजपा से तंग और परेशान हैं राजग के घटक दल, उनकी सुनी नहीं जाती।"
लालू प्रसाद के करीबी एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि रालोसपा के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा तथा हम के अध्यक्ष व बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी राजद से बातचीत कर रहे हैं। यही कारण है कि बिहार में विपक्षी भाजपा के अन्य नेताओं की तरह उन लोगों ने कभी लालू प्रसाद पर कभी प्रत्यक्ष हमला नहीं किया।
उल्लेखनीय है कि बिहार में सत्ताधारी राजद, जनता दल (युनाइटेड) तथा कांग्रेस के नेतृत्व वाली महागठबंधन सरकार का नेतृत्व नीतीश कुमार कर रहे हैं।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!