TRENDING TAGS :
Political News: BJP ने ममता बनर्जी पर किया तीखा हमला: भूपेंद्र चौधरी बोले- दंगाइयों की सरदार बन चुकी हैं.....
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ दिए गए विवादित बयान पर सियासी बवाल गहराता जा रहा है।
UP BJP state president Bhupendra Chaudhary
Political News: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ दिए गए विवादित बयान पर सियासी बवाल गहराता जा रहा है। इस बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने ममता के बयान की निंदा करते हुए कहा कि ममता बनर्जी अपनी विफलताओं से ध्यान हटाने के लिए अनर्गल प्रलाप कर रही हैं।
यूपी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि बंगाल में इस समय निर्ममता की सरकार चल रही है। मुर्शिदाबाद जैसे संवेदनशील इलाके जल रहे हैं, और राज्य की मुख्यमंत्री आरोपों की राजनीति में उलझी हुई हैं। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश बंगाल में ममता की निर्ममता को देख रहा है।
दंगाइयों को शांतिदूत बताने वाली ममता, अराजकता को दे रही सरकारी संरक्षण: बीजेपी
भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने ममता बनर्जी द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दिए गए बयान को लेकर आरोप लगाया कि ममता उन लोगों को संरक्षण दे रही हैं जो समाज में अराजकता फैलाते हैं। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल का हिन्दू भय के साये में जी रहा है। राज्य सरकार ने उन्हें दोयम दर्जे का नागरिक बना दिया है। ममता की राजनीति वोट बैंक की गुलाम बन चुकी है, जहां दंगाइयों को भी शांतिदूत कहा जाता है।
महाकुंभ का अपमान करने वालों से उम्मीद नहीं
भूपेंद्र चौधरी ने ममता बनर्जी पर सनातन आस्थाओं का अपमान करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी ने महाकुंभ जैसे आध्यात्मिक आयोजन को मौत का कुंभ कहा था, जो करोड़ों हिंदुओं की भावनाओं पर आघात है। उन्होंने कहा कि ममता से राजनीतिक शुचिता की कोई उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने बंगाल की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानियों और सांस्कृतिक विभूतियों की भूमि बंगाल को ममता ने हिंसा और अराजकता की आग में झोंक दिया है। पंचायत चुनाव से लेकर लोकसभा चुनाव तक, हर बार बंगाल हिंसा की चपेट में आ जाता है।
योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में यूपी बना है नए भारत का नेतृत्वकर्ता
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नेतृत्व क्षमता की तारीफ करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज हर क्षेत्र में बुलंदियों को छू रहा है। उन्होंने दावा किया कि बीते 8 वर्षों में प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। उन्होंने कहा योगी सरकार का दंगाइयों के प्रति जीरो टॉलरेंस का रुख ममता बनर्जी और उनके सहयोगियों को रास नहीं आ रहा है। जो प्रदेश नहीं संभाल पा रही हैं, वो यूपी के मुख्यमंत्री पर उलटे-सीधे आरोप लगा रही हैं।
योगी के बयान को बताया सटीक
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि वह अब दंगाइयों की सरदार बन चुकी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान का समर्थन किया जिसमें उन्होंने कहा था कि जो बातों से नहीं डंडे से मानेंगे।