TRENDING TAGS :
भारत बंद का असर: आंध्र प्रदेश ने घटाएं पेट्रोल-डीजल के दाम, बंगाल में बसों के किराए में कटौती
नई दिल्ली: पेट्रोल –डीजल के बढ़ते दाम और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी ने आज देश भर में भारत बंद बुलाया है। पार्टी की तरफ से ऐसा दावा किया जा रहा है कि इस मुद्दे पर उन्हें 20 राजनीतिक दलों का समर्थन प्राप्त है। कांग्रेस के भारत बंद के अह्वान के बाद यूपी, दिल्ली, मुंबई और बिहार समेत अन्य राज्यों में लोग महंगाई का विरोध करने के लिए सड़कों पर उतर आये है। इसी कड़ी में बंगाल में बंग्लाश्री बस सेवा ने अपना बस किराया सस्ता किया तो आंध्र प्रदेश ने अपने राज्य में पेट्रोल-डीजल के दाम घटा दिए है।
अपडेट्स
-जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने कहा है कि 'जो लोग 2012 में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर उस समय की सरकार की आलोचना करते थे आज वह चुप हैं। तेल की कीमतें लगातार बढ़ रही है। रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर हो गया है। हम मुसीबत में हैं।'
-आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडु ने अपने राज्य में पेट्रोल और डीजल के दामों में दो रुपये की कटौती की है। नए दामों के साथ राज्यभर में कल सुबह से पेट्रोल और डीजल मिलना शुरू हो जाएगा।
-भारत बंद पर राजस्थान के मंत्री राजकुमार रिनवा का कहना है कि 'वर्ल्ड मार्केट में जो क्रूड ऑइल होता है उस हिसाब से चलता है, सरकार कोशिश कर रही है। इतने खर्चे हैं, बाढ़ है चारों तरफ, इतनी खपत है। जनता समझती नहीं है कि क्रूड ऑइल का दाम बढ़ गया तो कुछ खर्चे कम कर दें।'
-भारत बंद के दौरान केरल में बड़ी तादाद में लोग थमपनूर रेलवे स्टेशन पर फंस गये हैं। इनमें महिलायें और बुजुर्ग भी शामिल हैं ।
-तेलंगाना में आरटीसी के बस स्टेशन के सामने धरना दे रहे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव श्रीनिवासन कृष्णन एवं 40 अन्य को एहतियातन हिरासत में लिया गया।
-उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस की ओर से बुलाये गए ‘भारत बंद‘ को विपक्ष की हताशा का नतीजा करार देते हुए कहा कि उससे इससे ज्यादा की उम्मीद भी नहीं की जा सकती।
-शिवसेना ने सोमवार को विपक्षी दलों पर तंज कसते हुए कहा कि पेट्रोलियम उत्पादों की बढ़ती कीमतों में इजाफे के खिलाफ बुलाया गया राष्ट्रव्यापी बंद लंबी नींद से हाल में जागे लोगों का अचानक उठाया गया कदम नहीं लगाना चाहिए।
-कांग्रेस द्वारा आहूत ‘भारत बंद‘ के बारे में पूछे जाने पर अखिलेश यादव ने कहा ‘‘ऐसे में जब विपक्ष विरोध कर रहा है, आज सुबह भी पेट्रोल और डीजल के दामों में कुछ पैसों की बढ़ोतरी कर दी गयी। महंगाई को लेकर मोदी सरकार का रवैया देखकर आम आदमी के प्रति उसकी संवेदनहीनता जाहिर होती है।‘‘
-भारत बंद पर केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि प्रदर्शन करने का अधिकार सभी को है लेकिन आज ये क्या हो रहा है? पेट्रोल पंप और बसों को जलाया जा रहा है, लोगों की जान को खतरे में डाला गया है। बिहार के जहानाबाद में भी एंबुलेंस रोकने के कारण एक बच्चे की मौत हो गई है। इसके लिए कौन जिम्मेदार है।
-भारत बंद के दौरान कांग्रेस नेता और 1984 दंगों में आरोपी सज्जन कुमार भी प्रदर्शन करते दिखे।
-मार्क्सवादी पार्टी के नेता सीताराम येचुरी, डी राजा और आप नेता आतिशी ने भी भारत बंद के दौरान दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया।
-दिल्ली के प्रीत विहार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी पर मोटरसाइकिल रख प्रदर्शन किया।
-भारत बंद के दौरान एकजुट दिखा विपक्ष। सभी विपक्षी पार्टी के नेताओं ने मंच पर एक दूसरे का हाथ पकड़ा।
-बिहार के जहानाबाद में समय पर इलाज नहीं मिल पाने के कारण एक बच्ची की मौत हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत बंद के कारण वाहन नहीं मिल पाए जिसके कारण बच्ची को समय से अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। जिसके कारण उसकी मौत हो गई।
-केंद्रीय मंत्री मुक्तार अब्बास नकवी ने कहा है कि भारत कभी बंद नहीं हो सकता, इसका आगे बढ़ना और उन्नति करना जारी रहेगा। कोई भी कांग्रेस के बुलावे पर ध्यान नहीं दे रहा है, उनका महागठंधन का गुब्बारा जल्द ही फूटेगा।
-रामलीला मैदान पर भाषण देते हुए राहुल ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मोदी पेट्रोल डीजल पर हमेशा चुप क्यों रहते हैं। उन्होंने पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों पर एक शब्द नहीं कहा। न ही किसानों पर उन्होंने कुछ कहा और न ही महिलाओं के खिलाफ हो रही हिंसा पर वह बोले। राहुल ने आगे कहा आज पूरा विपक्ष यहां एक साथ बैठा है। हम सब मिलकर एक साथ, भाजपा को हटाने का काम करेंगे।
-मध्यप्रदेश के उज्जैन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एक पेट्रोल पंप प्रदर्शन करते हुए उपद्रव मचाया।
-मुंबई के परेल में एमएनएस कार्यकर्ताओं ने जबरन दुकानें बंद करवाईं।
-पटना में लोकतांत्रिक जनता दल के कार्यकर्ताओं ने अपने कंधों पर मोटरसाइकिल रखते हुए तेल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
-पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि मोदी सरकार ने बहुत सी ऐसी चीजें की हैं जो राष्ट्र के हित में नहीं थीं। इस सरकार को बदलने का वक्त जल्दी आने वाला है।
-जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वाहनों को नुकसान पहुंचाया। कई गाड़ियों के शीशे भी तोड़े।
भारत बंद के चलते ईस्ट कोस्ट रेलवे जोन ने 12 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। इनमें भुवनेश्वर-हावड़ा जन शाताब्धी एक्सप्रेस और भुवनेश्वर-विशाखापटनम इंटर सिटी एक्सप्रेस भी शामिल है।
-मुंबई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंधेरी रेलने स्टेशन पर ट्रेन रोकी। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता संजय निरुपम के साथ पुलिस की धक्कामुक्की हुई। उसके बाद उन्हें हिरासत में ले लिया गया।
-मध्यप्रदेश के उज्जैन दरगाह मंडी के पास कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल पंप में तोड़फोड़ की है। बताया जा रहा है कि इस दौरान पुलिसकर्मी को पीटा भी गया।
-छत्तीसगढ़ के रायपुर में भी पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों के खिलाफ कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं।
-भारत बंद के चलते राजस्थान के जयपुर शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सभी सुरक्षात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। बंद के दौरान अगर किसी ने हिंसा फैलाने की कोशिश की तो पुलिस उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी।
सांसद पप्पू यादव के समर्थकों ने पटना में कई बसों में तोड़फोड़ की है। यहां राजेंद्र नगर रेलवे टर्मिनल के बाहर बसों पर पत्थरों और लाठी से हमला किया गया। साथ ही बिहार के कई शहरों में हिंसा की खबरें आ रही है।
-राहुल गांधी की अगुआई में कांग्रेस और विपक्षी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने राजघाट से रामलीला मैदान के लिए मार्च शुरू किया।
-पटना के राजेंद्र नगर टर्मिनल रेलवे स्टेशन पर जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक को ब्लॉक कर लिया है।
-गुजरात के भारुच में प्रदर्शनकारी टायर जला रहे हैं और बसों को रोक रहे हैं। इससे सड़कों पर जाम लग गया है।
-कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भारत बंद के चलते राजघाट पहुंच गए हैं। राजघाट से ही कांग्रेस का मार्च शुरू करेगी। बता दें राहुल गांधी कैलाश मानसरोवर की यात्रा से लौटे हैं। राहुल ने यहां महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कैलाश मानसरोवर से लाया पवित्र जल भी चढ़ाया। उन्हीं की अगुआई में यहां से मार्च शुरू होगा।
-बिहार में बंद के दौरान हंगामा और आगजनी शुरू हो गया है। दरभंगा में प्रदर्शनकारियों ने कमला फास्ट पैसेंजर को रोक दिया है, वहीं जहानाबाद में राजद कार्यकर्ताओं ने रेलवे ट्रैक पर आगजनी की। खगड़िया में बंद समर्थकों ने एनएच-31 को जाम किया, बस स्टेशन पर भी राजद नेताओं का प्रदर्शन जारी है।
- महाराष्ट्र की पुणे सिटी के कमिश्नर डॉ. वेंकाटेशम का कहना है कि पूरे शहर में अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात कर दिया गया है। अगर कोई अपने हाथ में कानून लेने की कोशिश करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- केरल में भी विपक्ष के भारत बंद का असर दिखना शुरू हो गया है। यहां सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक भारत बंद रहेगा। यहां अधिकतर दुकानें बंद हैं। इसके साथ ही राज्य में बस सेवा भी बंद है। जिसके कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
-कर्नाटक के मंगलूरू में उपद्रवियों ने एक प्राइवेट बस पर पत्थर फेंके। फिलहाल वहां मौजूद सभी लोग सुरक्षित हैं।
-भारत बंद पर कांग्रेस के नेता अशोक गहलोत का कहना है कि वह प्रदर्शन के जरिए मोदी सरकार पर दबाव बनाना चाहते हैं। ताकि पेट्रोल डीजल के दाम कम हो सकें। जिस तरह दबाव के कारण राजस्थान में तेल के दाम कम किए गए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा की बैठक में पेट्रोल डीजल को लेकर कोई चर्चा नहीं की गई।
- तेलंगाना के यादरी भुवनागिरी जिले में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शुरू किया प्रदर्शन। इसके साथ ही हैदराबाद के मुशीराबाद बस डिपो पर भी कार्यकर्ता प्रदेर्शन कर रहे हैं।
- नॉर्थ ईस्टर्न कर्नाटका रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (एनईकेआरटीसी) की बसें भारत बंद के कारण आज नहीं चलेंगी।
सीपीआई (एम) ने भी आंध्रप्रदेश के विशाखापटनम में प्रदर्शन शुरू किया।
- ओडिशा में कांग्रेस कीर्यकर्ताओं ने ट्रेन रोककर प्रदर्शन किया।
ये भी पढ़ें...भारत बंद पर बोले रविशंकर- बढ़ती कीमतों पर सरकार का कोई हाथ नहीं
�
�
�
�
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!