TRENDING TAGS :
राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी को बताया कमजोर, कहा- वो तो पंचर साइकिल की सवारी कर रहे
सहारनपुर: केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 'भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ही एक ऐसी पार्टी है जो स्वाभिमान के साथ काम करती है। यह खुद पर कभी सवालिया निशान नहीं उठने देगी। राहुल और अखिलेश ने वही कर दिखाया है। राहुल सपा की पंचर साइकिल पर सवार हो गए। कमजोर आदमी दूसरे का पीछा करता है।'
राजनाथ सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर बरसते हुए कहा कि 'अबकी बार जनता जात-पात को भूलकर केवल बीजेपी को ही अपना वोट देगी।'
ऐसा व्यक्ति प्रदेश के लिए क्या करेगा
गांव पुंवारका, अंबेहटा चांद और नानौता में आयोजित चुनावी सभाओं को संबोधित करते राजनाथ सिंह ने कहा, कि 'जब कोई बेटा अपने पिता की तीन दशक की कमाई को मिट्टी में मिला सकता है, वह प्रदेश का क्या विकास करेगा।'
पाक ऐसी हरकत से पहले सोचेगा
राजनाथ ने आगे कहा, कि केन्द्र सरकार ने पाकिस्तान को सर्जिकल स्ट्राईक कर ऐसा जबाब दिया कि पाक कभी दोबारा भारत से गद्दारी की हिम्मत नहीं करेगा। उन्होंने आगे कहा, भारत आने वाले दस वर्षों में आर्थिक रूप से संपन्न देश बन जाएगा।
आप ही खिला सकते हैं कीचड़ में कमल
गृह मंत्री ने आगे कहा, बीजेपी की मोदी सरकार किसानों का कर्ज माफी के साथ कृषि पर बिना ब्याज का कर्ज देगी। कहा कि कर्ज का दर्द किसान का दर्द होता है। उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस ने प्रदेश को कीचड़ बना दिया है, लेकिन जनता को कीचड़ में ही कमल खिलाना है।
गन्ना किसानों की राशि का हुआ बंदरबांट
कांग्रेस और सपा, बसपा की सरकार में तो देश प्रदेश की जनता की कमाई को घोटाले कर लुटाया गया। उन्होंने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार ने प्रदेश सरकार को गन्ना भुगतान के लिए छह हजार करोड़ रुपए दिया, लेकिन उसका सपा सरकार ने बंदरबांट किया।
..ये तो पहले ही खाट पर आ गए
केंद्रीय गृहमंत्री ने पीएम मोदी की शैली में जनता से संवाद किया, जिसे मौजूद लोगों ने खूब सराहा। उन्होंने कांग्रेस की खाट सभा पर चुटकी लेते हुए कहा कि जो पहले ही खाट पर आ गए वो पार्टी और देश को क्या संभाल पाएंगे।
राजनाथ सिंह की सभाओं में बीजेपी के बेहट प्रत्याशी महावीर सिंह राणा, सहारनपुर देहात प्रत्याशी मनोज चौधरी, गंगोह प्रत्याशी प्रदीप चौधरी के अलावा सांसद राघव लखनपाल शर्मा, सहित कई प्रमुख लोग मौजूद थे।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!


