TRENDING TAGS :
मर्सिडीज छोड़ ब्रेजा कार, फिर बाइक से भागता दिखा अमृतपाल ! नंगल के गुरुद्वारे में बदले थे कपड़े...ऐसे हुआ फरार
Amritpal Singh: खालिस्तानी समर्थक अमृतपाल सिंह पंजाब पुलिस को चकमा देकर भाग खड़ा हुआ। वीडियो फुटेज में वो बार-बार गाड़ी बदलता नजर आ रहा है। मर्सिडीज से ब्रेजा कार और आखिरी बार उसे बुलेट से भागते हुए देखा गया।
Amritpal Singh News : खालिस्तानी समर्थक और 'वारिस पंजाब दे' (Waris Punjab De) संगठन का मुखिया अमृतपाल सिंह बीते चार दिनों से फरार है। पंजाब पुलिस उसकी तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाए हुए है। लोगों के मन में भी यही सवाल चल रहा है कि, अमृतपाल को आसमान खा गई, या जमीन निगल गया। इस बीच जांच अभियान के दौरान पुलिस के हाथ वो गाड़ी लगी है जिससे अमृतपाल सिंह फरार हुआ था। साथ ही, कुछ वीडियो फुटेज भी पुलिस को मिले हैं। जिसमें अमृतपाल से पुलिस को चकमा देने के लिए एक के बाद एक कार बदलते और फरार होते दिख रहा है।
पंजाब पुलिस ने जब अमृतपाल सिंह का पीछा करना शुरू किया था तब वो मर्सिडीज से फरार हुआ था। लेकिन, वीडियो फुटेज में उसे ब्रेजा कार में देखा जा रहा है। इसके बाद आखिरी बार उसे बुलेट पर सवार होकर फरार होते देखा जा रहा है। इतना ही नहीं, बताया जा रहा है कि इस दौरान उसने नंगल के गुरुद्वारे में कपड़े भी बदले थे। अमृतपाल इस वक़्त कहां है? कहां भाग गया? इसकी कोई पुष्ट जानकारी पुलिस को नहीं है। हालांकि, बड़े पैमाने पर उसके गुर्गों को गिरफ्तार किया गया है।
ब्रेजा में बैठा दिखा अमृतपाल, टोल पर लड़की से की बात
पंजाब पुलिस हाथ धोकर अमृतपाल के पीछे लगी है। इस बीच पुलिस के हाथ वो ब्रेजा कार लगी है जिसमें उसे फरार होते देखा गया था। ब्रेजा में बैठे अमृतपाल का एक वीडियो भी सामने आय़ा है। वीडियो फुटेज में अमृतपाल सिंह को कार में बैठकर टोल नाका से गुजरते देखा जा सकता है। पुलिस के अनुसार, ये फुटेज 18 मार्च की सुबह 11 बजकर 30 के आसपास का है। इस वीडियो में अमृतपाल ब्रेजा कार में बैठा नजर आ रहा है। इस दौरान वो टोल नाके पर मौजूद एक लड़की से रुक कर कुछ बात करता है। फिर वहां से भी भाग जाता है।
कोर्ट ने पूछा- आखिर कैसे हुआ फरार?
अमृतपाल की तलाश में पंजाब पुलिस बड़े लेवल पर सर्च अभियान जारी रखे है। पंजाब में इंटरनेट सेवाएं भी फ़िलहाल बंद हैं। मगर, सवाल जस की तस है कि आखिर इतनी बड़ी पुलिस फोर्स को चकमा देने में अमृतपाल कामयाब कैसे हुआ? यही सवाल अदालत ने भी पूछा। जिस पर जालंधर के पुलिस कमिश्नर ने अपने हलफनामे में इस पूरे वाकये का सिलसिलेवार तरीके से बताया।
पुलिस ने हलफनामे में ये बताया
पंजाब पुलिस ने हलफनामे में बताया कि, अमृतपाल सिंह को गिरफ्तार करने के लिए 18 मार्च को एक ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस नाका भी तैयार था। उसी वक्त अमृतपाल सिंह और उसकी गाड़ियों का काफिला वहां से गुजरा। अमृतपाल स्वयं मर्सिडीज में मौजूद था। काफिले में उसके अन्य साथी दूसरी गाड़ियों में बैठे थे। कुल चार गाड़ियां पुलिस नाके के पास आ चुकी थीं। उसके काफिले को पुलिस ने तुरंत रोक दिया। लेकिन, उन्होंने वहां रुकने के बजाय गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी। बैरिकेड तोड़ते हुए वो भागने लगे। इस घटना पर एक एफआईआर भी दर्ज की गई। जिसके बाद सभी पुलिस स्टेशन को अलर्ट कर दिया गया था।
...फिर बाइक से हुआ फरार
जालंधर के पुलिस कमिश्नर ने हलफनामे में बताया कि, अमृतपाल और उसके साथियों ने तेज रफ्तार में गाड़ियां भगाई। उन्होंने बताया, एक चॉकलेटी रंग की गाड़ी में खुद अमृतपाल सिंह सवार था। वहां के लोगों में डर पैदा करने के लिए वो हवा में राइफल लहराता नजर आया। जिसके बाद उस गाड़ी को वहीं छोड़कर एक अन्य गाड़ी ब्रेजा में सवार हो गया। तब वो और उसके साथी शाहकोट की तरफ निकल गए। वहां एक प्लेटिना बाइक पर अमृतपाल सिंह सवार नजर आया, जबकि उसका दूसरा साथी बुलेट लेकर निकल गया। पुलिस का कहना है कि, जिस गाड़ी को छोड़ अमृतपाल फरार हुआ उसे जब्त किया जा चुका है। उस गाड़ी में राइफल, 57 जिंदा कारतूस आदि बरामद हुए थे। इस संबंध में एक अलग FIR दर्ज की गई।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!