Ayodhya News: एएनडी कृषि विवि के विकास कार्यों की कृषि मंत्री रामनाथ ठाकुर ने की समीक्षा, बीज बिक्री को सराहा

Ayodhya News: मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव उनके पिता जी के मित्र थे, इसलिए भी उनका इस कृषि विश्वविद्यालय से एक गहरा लगाव है। प्रति वर्ष 4 करोड़ से ऊपर की बीज बिक्री पर मंत्री ने जमकर प्रसन्नता जाहिर की।

NathBux Singh
Published on: 22 Oct 2024 12:23 PM GMT
Ayodhya News ( Pic- Newstrack)
X

Ayodhya News ( Pic- Newstrack)

Ayodhya News: केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री रामनाथ ठाकुर मंलवार को आचार्य नरेंद्र कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय अयोध्या पहुंचे। वह सबसे पहले नरेंद्र उद्यान पहुंचे जहां उन्होंने आचार्य नरेंद्र देव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान मंत्री ने कृषि विश्वविद्यालय के एनएसपी-6, डेयरी, सब्जी विज्ञान सहित विभिन्न प्रक्षेत्रों का भ्रमण कर विश्वविद्यालय में हो रहे विकास कार्यों को परखा। विश्वविद्यालय के कुलपति डा. बिजेंद्र सिंह ने मंत्री को विवि के विकास कार्यों से अवगत कराया। उन्होंने गायों को अपने हाथों से गुड़ खिलाया और फलदार पौधे भी लगाए। केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री ने विश्वविद्यालय के हाईकेट हाल में शिक्षकों एवं वैज्ञानिकों के साथ बैठक कर कार्यों की समीक्षा भी की।

मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि आचार्य नरेंद्र देव उनके पिता जी के मित्र थे, इसलिए भी उनका इस कृषि विश्वविद्यालय से एक गहरा लगाव है। प्रति वर्ष 4 करोड़ से ऊपर की बीज बिक्री पर मंत्री ने जमकर प्रसन्नता जाहिर की। मंत्री ने कहा कि आज कृषि विवि खरीफ में 2 करोड़ 80 लाख रुपये और रबी की फसल में 1 करोड़ 75 लाख रुपये के बीज की बिक्री कर रहा है। विश्वविद्यालय शिक्षा, शोध, प्रसार, पशु, बीज एवं साफ-सफाई आदि के क्षेत्रों में तेजी के साथ आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा एवं शोध के अलावा कृषि विश्वविद्यालय थारू जनजाति को शिक्षा के प्रति प्रेरित करने और टीबी मरीजों को गोद लेकर उनकी बीमारियों को दूर करने में मदद कर रहा है। यह दूसरों के लिए प्रेरणा है। कृषि के क्षेत्र में आज हमारा देश तेजी के साथ विकास की ओर अग्रसर है।

मंत्री रामनाथ ठाकुर ने कहा कि कृषि शिक्षा के प्रति पहले की अपेक्षा महिलाओं का भी लगाव तेजी के साथ बढ़ा है। 10 एकड़ बंजर भूमि को खेती के योग्य बनाकर प्राकृतिक खेती करने पर उन्होंने प्रसन्नता जाहिर की। नैक में A++ प्राप्त हुआ यह आप सभी के सहयोग का परिणाम है।

बैठक के दौरान कुलपति ने प्रजेंटशन दिया। बात छात्रों की शिक्षा से जुड़ी हो या विकास कार्यों से इन सभी बातों से कुलपति ने अवगत कराया। उन्होंने बताया कि ट्रेनिंग के लिए छात्रों को विदेश भेजा जा रहा है और उनके सर्वांगीण विकास के लिए खेलकूद एवं जिम की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय संस्थानों से अबतक 70 एमओयू हुए हैं। छह लाख किसान कृषि विज्ञान केंद्रों से जुड़कर कृषि का कार्य कर रहे हैं। इसके अलावा कुलपति ने और भी विभन्न कार्यों से मंत्री को अवगत कराया। इस मौके पर विवि के समस्त अधिष्ठाता, निदेशक, शिक्षक एवं वैज्ञानिक मौके पर मौजूद रहे।

Shalini singh

Shalini singh

Next Story