Banda News: UP दिवस पर माननीयों और अधिकारियों ने बयां की बदलाव और विकास की कहानी, DM बोलीं- अनेक मोर्चों पर देश में पहले स्थान पर उत्तर प्रदेश

Banda News: सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा, डबल इंजन सरकार ने देश एवं प्रदेश में विकास को गतिमान किया है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे प्रदेश बनकर उभरा है। सड़कों और पुलों का जाल बिछाया गया है।

Om Tiwari
Report Om Tiwari
Published on: 24 Jan 2025 9:59 PM IST
Banda News
X

Banda News ( फोटो - सोशल मीडिया से साभार )

Banda News: 76 वें उत्तर प्रदेश दिवस पर शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के सीधे प्रसारण का साक्षी बनने के लिए बांदा कलेक्ट्रेट में माननीयों और अधिकारियों ने बढ़-चढ़कर शिरकत की। सभी ने न केवल प्रदेश दिवस की पृष्ठभूमि को रेखांकित किया, बल्कि तेजी से बदलते और आगे बढ़ते प्रदेश की दशा और दिशा पर प्रकाश डालकर इसका संयुक्त श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी को दिया। एक ट्रिलियन डालर की इकोनामी बनने के प्रयासों को भी उकेरा गया।

सदर विधायक- डबल इंजन सरकार की बदौलत देश और प्रदेश में गतिमान हुआ विकास

सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा, डबल इंजन सरकार ने देश एवं प्रदेश में विकास को गतिमान किया है। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे प्रदेश बनकर उभरा है। सड़कों और पुलों का जाल बिछाया गया है। कल्याणकारी योजनाओं का लोगों को डीबीटी के जरिए सीधा और पूरा लाभ मिल रहा है। व्यवस्था में घुसपैठ बनाए बिचौलियों को बाहर का रास्ता दिखाया गया है। एक ट्रिलियन डालर इकोनामी बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ते हुए उत्तर प्रदेश वास्तव में उत्तम प्रदेश बन रहा है। कानून व्यवस्था को लेकर उत्तर प्रदेश की मिसाल पूरे देश में दी जाती है।

जिला पंचायत अध्यक्ष बोले, मोदी-योगी ने लिखी विकास की नई इबारत

जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल ने कहा, आज उत्तर प्रदेश का गौरव दिवस है। प्रदेश में उल्लेखनीय विकास कार्यों की लंबी फेहरिस्त है।‌ लाभार्थी योजनाओं का पात्रों को बिना किसी भेदभाव के सीधा लाभ मिल रहा है। यह पहली बार है कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी लाभार्थियों से सीधा संवाद कर जमीनी हकीकत जांच रहे हैं।

कमिश्नर ने उप्र और विकसित राष्ट्र के लिए पढ़ाया सजगता, निष्ठा और समर्पण का पाठ

चित्रकूटधाम कमिश्नर अजीत कुमार ने उत्तर प्रदेश के स्थापना दिवस की सभी को बधाई देकर कहा, प्रदेश में विकास की नई उंचाई देने के लिए सजगता और पूरी निष्ठा से काम करने की जरूरत है। उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने के लिए सरकार ने अनेक जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की हैं। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए प्रधानमंत्री जी के निर्देशों का अनुपालन दायित्वों के अनुरूप करने की आवश्यकता है।

डीएम जे. रीभा बोलीं, स्वयं सहायता समूहों से महिलाओं को मिल रहा रोजगार

जिलाधिकारी जे. रीभा ने प्रदेश और बालिका दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, कई योजनाओं में प्रदेश प्रथम स्थान पर है। हर क्षेत्र व हर वर्ग के विकास पर सरकार का फोकस है। लोगों को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा रहा है। उन्होंने कहा, स्वयं सहायता समूहों को वित्तीय ऋण सहायता देकर महिलाओं को रोजगार दिया जा रहा है। संस्कृति और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित किया जा रहा है।

योजनाओं के प्रचार-प्रसार को सजे रहे स्टाल

कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न विभागों ने स्टाल लगाकर योजनाओं का प्रचार प्रसार भी किया। बड़ोखर खुर्द ग्राम प्रधान आशीष यादव, दुरेड़ी प्रधान देवीदयाल सिंह, नगनेधी प्रधान रेखा देवी, पतौरा प्रधान विनीता त्रिपाठी, ओरन ग्रामीण प्रधान कल्लू प्रसाद और सिंहपुर ग्राम प्रधान राममिलन शिवहरे आदि को बेहतर काम के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री आवास योजना लाभार्थियों शीलू, ज्योति, ममता एवं गुडिया आदि को आवासों की चाभी भेंट की गई। गीता, सुनील, लवकुश और रामप्रकाश को व्यवस्थित शौचालय, तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना में मूलचंद्र यादव और सत्यनारायण कुशवाहा को पीएम सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, रणधीर सिंह अंकित, आशा राजपूत, विनीता और राजपति आदि को पीएम आवास योजना का लाभ दिया गया। एक स्वयं सहायता समूह को 7 लाख 50 हजार के चेक से नवाजा गया। श्रवण सिंह, राजा यादव और शकील अहमद आदि को आयुष्मान योजना का लाभ मिला। नीलम, अंकित, मुकेश आदि छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिया गया।

नेताओं और अधिकारियों का जमावड़ा

कार्यक्रम में बांदा नपा अध्यक्ष मालती बासू, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह, ब्लाक प्रमुख बडोखर खुर्द स्वर्ण कुमार सोनू, अपर कमिश्नर प्रशासन अमरपाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वेदप्रकाश मौर्य, अपर जिलाधिकारी राजेश कुमार और नगर मजिस्ट्रेट संदीप केला समेत विभागीय अधिकारी और गणमान्य उपस्थित रहे। संचालन संजय काकोनिया ने किया।

Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - [email protected]

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!