TRENDING TAGS :
कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने की तैयारी में भाजपा, 31 अगस्त को 1918 मंडलों में होगा शोक सभा का आयोजन
भारतीय जनता पार्टी 31 अगस्त को प्रदेश के सभी मण्डलों में पूर्वे मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेगी।
कल्याण सिंह (File Photo- social media)
लखनऊ: भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के सभी मण्डलों में पूर्वे मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करेगी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि कल्याण सिंह गांव, गरीब, किसान के नेता थे। बाबू जी सदैव प. दीनदयाल उपाध्याय द्वारा प्रशस्त अन्त्योदय पथ के अनुगामी रहे। उन्होंने कहा कि कल्याण सिंह जन नेता थे, उन्होंने मुख्यमंत्री के साथ ही विभिन्न संगठनात्मक दायित्वों व सार्वजनिक जीवन में गांव, गरीब, किसान, दलित, पिछडों सहित सभी वर्गों के लिए काम भी किया और उनसे सदैव जुड़े भी रहे। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता नेता पदाधिकारियों के साथ ही आम जनमानस भी बाबू जी के जाने से दुःखी है।
स्वतंत्र देव ने कहा कि पार्टी प्रदेश के सभी 1918 मण्डलों में 31 अगस्त को श्रद्धेय कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि सभाओं में कृतज्ञ श्रद्धासुमन अर्पण करेगी। इसके साथ ही प्रदेश की राजधानी लखनऊ में श्रद्धांजलि सभा में पार्टी के पदाधिकारी, नेता, जनप्रतिनिधि, मंत्री, कार्यकर्ता तथा आम जनमानस बाबू जी को श्रद्धांजलि अर्पित करेगी।
दरअसल विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा पिछडों को सन्देश देने के लिए कल्याण सिंह को लेकर लगातार कार्यक्रम कर रही है। यहाँ यह बताना भी जरूरी है कि विपक्षी दल हमेशा से भारतीय जनता पार्टी पर सवर्णो की पार्टी होने का ठप्पा लगाते रहे हैं। पर पार्टी धीरे धीरे अब अपनी छवि को बदलने का प्रयास कर रही है। यही कारण है कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा एक बार फिर इस बड़े वोट बैंक का विश्वास जीतने की कोशिश में है। इसके लिए उसने ओबीसी सम्मेलनों को कराने का फैसला लिया है।
सम्मेलनों में पार्टी के पिछड़े वर्ग के नेताओं को आगे लाकर पूरे प्रदेश में कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिसमें डिप्टी सीएएम केशव प्रसाद मौर्य की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और स्वामी प्रसाद मौर्य को भी आगे लाया जाएगा। इन सम्मेलनों में मोदी सरकार और योगी सरकार की तरफ से इस वर्ग के लिए किए गए कामों का लेखा-जोखा रखा जाएगा।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!


