TRENDING TAGS :
Aligarh News: संदेश यात्रा के दौरान बोले चंद्र शेखर, कमजोर विपक्ष के चलते सत्ता में बैठे लोग हो गए हैं तानाशाह
चंद्रशेखर आजाद जाति तोड़ो-समाज जोड़ो का संदेश पूरे प्रदेश में साइकिल यात्रा रैली निकाल कर दे रहे है।
चंद्रशेखर आजाद की फाइल तस्वीर (फोटो साभार-सोशल मीडिया)
Aligarh News: आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद जाति तोड़ो-समाज जोड़ो का संदेश पूरे प्रदेश में साइकिल यात्रा रैली निकाल कर दे रहे है। अलीगढ़ में सोमवार को मेडिकल रोड स्थित अकबर गेस्ट हाउस में उन्होंने मुस्लिम समाज के प्रबुद्ध लोगों से जनसभा की। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय छात्रों से मुलाकात की और कहा कि विश्वविद्यालय पूरी दुनिया में विख्यात है। उन्होंने कहा कि पहले सभी दलों ने मुस्लिम समाज के साथ धोखा किया है। मुसलमानों का वोट तो ले लिया, लेकिन मान-सम्मान नहीं दिया है और अत्याचार भी किया। मुसलमान निराश है और उनकी पीड़ा को समझने की जरूरत है।
एएमयू छात्रों से मिले
आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के छात्रों से मिले और अपनी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए उन्होंने मुस्लिम समाज से मदद मांगी। उन्होंने कहा कि मुस्लिम समाज ने सबको मौका दिया है। एक मौका हमारी पार्टी को दीजिए। आरएसएस, बीजेपी और अन्य षडयंत्रकारी शक्तियों का समूल नाश कर दूंगा। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल इन पर कम समय के लिए बैन लगाए थे। लेकिन मैं इनको इस हालत में भेज दूंगा कि यह अपनी सोच को लाने से पहले एक हजार बार सोचेंगे।
विपक्ष की कमजोरी से सरकार तानाशाह बनी
चंद्र शेखर ने कहा कि हमारा लक्ष्य प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि मैं वोटों का सौदा करने के लिए नहीं आया हूं और मुस्लिम समाज के भाइयों को हिस्सेदारी दे सकूं। उन्होंने कहा कि जिसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी होगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष की बहुत बड़ी जिम्मेदारी होती है। अगर आज सरकार तानाशाही कर रही है तो विपक्ष के कमजोर होने के चलते ऐसा हो रहा है। उन्होंने बताया कि बहुजन समाज के हितों को ध्यान में रखकर काम कर रहे हैं। जिस पर किसी पार्टी ने ध्यान नहीं दिया है। इसमें एससी-एसटी, ओबीसी और माइनॉरिटी वर्ग के लोग शामिल हैं। उनको नेतृत्व देने का काम कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश में यह करीब 85 प्रतिशत है इनके अच्छे प्रतिनिधि को आगे लाया जाएं तो उत्तर प्रदेश में परिवर्तन की लहर आएगी। लेकिन अभी हम संघर्ष के दौर में है और सत्ता मैं बैठे लोग तानाशाही कर रहे हैं। हमारा कार्यकर्ता 40 डिग्री धूप में और बारिश में काम कर रहा है। पिछले साढ़े 4 साल में उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार ने भाईचारा तोड़ा है। लोगों को ठगा है और झूठे वायदे किये हैं।
सरकार की गुंडई का जवाब जनता चुनाव में देगी
जिला पंचायत अध्यक्ष व ब्लाक प्रमुख के चुनाव में भाजपा की गुंडई के सवाल पर कहा कि जब दीया बुझने वाला होता है तो खूब फड़-फड़ता है। सरकार की तानाशाही और गुंडई आने वाले चुनाव में जनता सबक सिखाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ सत्ता की भूखी है। उनको सत्ता से मतलब है। इससे स्पष्ट है कि आम आदमी के अंदर बीजेपी का विरोध शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि इसी जनता ने भाजपा को बनाया था और यही भाजपा को हटायेगी। उन्होंने कहा कि जनता में भाजपा का विरोध है। इसीलिए उन्होंने गुंडई और पुलिस का सहारा लिया। उन्होंने कहा कि सत्ता आती और जाती है। 2022 का चुनाव निकट है और हम जनता को भूलने नहीं देंगे। आजाद समाज पार्टी साइकिल के माध्यम से सरकार की जनविरोधी नीतियों को जनता को बताएगी।
भाजपा को रोकने के लिए बना रहे रणनीति
चंद्र शेखर ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में प्रधानमंत्री एक हजार रुपये की सहायता राशि दे रहे हैं। इससे एक परिवार का खर्चा कैसे चलेगा? उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कपड़े की धुलाई ही एक हजार रुपये चली जाती है जबकि प्रधानमंत्री दिन में चार बार ड्रेस बदलते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जनता से मजाक कर रही है। यह मजाक जनता समझ रही है। पेट्रोल, डीजल, गैस, खाद पदार्थों, कृषि उपकरण के मुद्दे पर अब जनता जवाब देगी। वहीं 2022 के विधानसभा चुनाव में गठबंधन को लेकर उन्होंने अपने पत्ते नहीं खोले। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को रोकने के लिए कोर कमेटी रणनीति बना रही है।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!