TRENDING TAGS :
Chitrakoot News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज धर्मनगरी चित्रकूट में होगा आगमन, तैयारियों में जुटा प्रशासन
Chitrakoot News: मुख्यमंत्री चित्रकूट पहुंचने के बाद सर्किट हाउस कर्वी में करीब आधे घंटे रहेगें। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में वह चित्रकूटधाम मंडल के चारो जनपदों की कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
Chitrakoot News
Chitrakoot News: प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान राम की तपोभूमि धर्मनगरी चित्रकूट में गुरुवार को आएंगे। मुख्यमंत्री बांदा से सीधे हेलीकाप्टर के जरिए गुरुवार को दोपहर दो बजे देवांगना एयरपोर्ट में पहुंचेंगे। उनके आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने तेजी के साथ तैयारियां शुरु कर दी है। कलेक्ट्रेट से लेकर कार्यक्रम स्थल रामघाट तक साफ-सफाई से लेकर सुरक्षा के चाक-चौबंद किए जा रहे है।
मुख्यमंत्री चित्रकूट पहुंचने के बाद सर्किट हाउस कर्वी में करीब आधे घंटे रहेगें। इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में वह चित्रकूटधाम मंडल के चारो जनपदों की कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। यहीं पर उनको चित्रकूट जिले की विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करना है। मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम मिलने के बाद जिला प्रशासन ने बुधवार को तेजी के साथ तैयारियां शुरु कर दी। आनन-फानन सभी विभागीय अधिकारियों से संचालित योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट मांगी गई। जिनको समीक्षा के लिए तैयार किया जा रहा है। खास बात यह है कि विभागीय अधिकारी प्रगति रिपोर्टों को बारीकी से देखकर तैयार कर रहे है, ताकि समीक्षा के दौरान किसी तरह की कमी सामने न आए। इसके अलावा जिन विभागों की योजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण होना है, उनकी सूची भी मांगी गई है। जिनके संबंध में जानकारी कर तैयार किया जा रहा है। समीक्षा बैठक को देखते हुए अधिकारियों की धड़कनें भी तेज हो गई है। क्योंकि अगर किसी योजना में लापरवाही उजागर हुई तो उन पर गाज भी गिर सकती है। इसको देखते हुए अधिकारी अच्छी तरत अध्ययन कर रिपोर्ट बनाने में जुटे रहे। मुख्यमंत्री शाम को रामघाट में होने वाली मंदाकिनी आरती में भी शामिल होंगे।
पतित पावनी मंदाकिनी की शाम को आरती करेंगे मुख्यमंत्री
धर्मनगरी में सीएम के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। मुख्यमंत्री को मंदाकिनी आरती के बाद मुख्यालय कर्वी स्थित सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम भी करना है। सुरक्षा को देखते हुए खुफियातंत्र को सक्रिय किया गया है। देर शाम पुलिस टीमों ने धर्मनगरी के होटल, ढ़ाबो, धर्मशालाओं आदि में चेकिंग अभियान भी चलाया। सभी जगह ठहरने वाले लोगों के संबंध में जानकारी ली गई। रामघाट में भी सुरक्षा को देखते हुए बारीकी से नजर रखी जा रही है।
कमिश्नर ने डीएम-एसपी के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया
बुधवार की शाम आयुक्त चित्रकूटधाम मंडल बालकृष्ण त्रिपाठी ने डीएम शिवशरणप्पा जीएन व एसपी अरुण कुमार सिंह के साथ तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने रामघाट पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। कहा कि घाटो की साफ-सफाई सही तरीके से कराई जाए। यहां पर किए गए अतिक्रमण तत्काल हटवाएं। सुरक्षा को देखते हुए ड्यूटी लगाई जाए। सीएम की सुरक्षा में किसी तरह की चूक नहीं होनी चाहिए। इस दौरान सीडीओ अमृतपाल कौर, एडीएम वित्त एवं राजस्व उमेशचंद्र निगम, एएसपी चक्रपाणि त्रिपाठी, एसडीएम कर्वी पूजा साहू, चौकी प्रभारी सीतापुर अनिल गुप्ता, पीआरओ प्रदीपपाल आदि मौजूद रहे। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने मुख्यालय कर्वी के धनुष चौराहा, लक्ष्मणपुरी, एलआईसी तिराहा, धतुरहा चौराहा, स्टेशन रोड, सराफा बाजार, द्वारिकापुरी, कालीदेवी चौराहा, भगवानदीन चौराहा तथा मऊ कस्बे के एकलव्य नगर, कस्बा मऊ, सराफा बाजार, यमुना रोड में ड्रोन कैमरे से निगरानी किया।
मुख्यमंत्री का मिनट टू मिनट प्रस्तावित कार्यक्रम
- दोपहर दो बजे देवांगना एयरपोर्ट में पहुंचेंगे।
- अपरान्ह ढाई बजे से तीन बजे तक सर्किट हाउस में आरक्षित।
- अपरान्ह तीन बजे से चार बजे तक कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलीय समीक्षा बैठक।
- अपरान्ह चार से साढ़े चार बजे तक जिले की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास।
- शाम पांच बजे कलेक्ट्रेट से सर्किट हाउस वापसी।
- शाम छह बजे रामघाट में आयोजित मंदाकिनी आरती में शामिल होंगे।
- शाम छह बजे वापसी सर्किट हाउस व रात्रि विश्राम।
- 29 नवंबर शुक्रवार को सुबह नौ बजे देवांगना एयरपोर्ट रवानगी।
- देवांगना एयरपोर्ट से साढ़े नौ बजे लखनऊ रवाना होंगे।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!