TRENDING TAGS :
प्रमोद तिवारी ने भाजपा पर बोला बड़ा हमला, कही ये चौंकाने वाली बात
सांसद प्रमोद तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि हाल ही में देश भर में हुए उपचुनावों में मत प्रतिशत में व्यापक इजाफा साबित करता है कि कांग्रेस जनता की पहली पसन्द बनकर लोगों का भरोसा जीतने में सफल हुई है।
लखनऊ: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद प्रमोद तिवारी ने शुक्रवार को कहा कि हाल ही में देश भर में हुए उपचुनावों में मत प्रतिशत में व्यापक इजाफा साबित करता है कि कांग्रेस जनता की पहली पसन्द बनकर लोगों का भरोसा जीतने में सफल हुई है।
उन्होंने दावा किया कि भाजपा के झूठ और धोखे के साम्राज्य का तेजी से पतन शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता में भी अब सपा, बसपा और भाजपा की तुलना में कांग्रेस पार्टी के प्रति अधिक भरोसा बढ़ा है।
पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर एक पत्रकार वार्ता में प्रमोद तिवारी ने कहा कि देश और प्रदेश की जनता का भाजपा और उसकी सरकार से विश्वास तीव्र गति से उठ रहा है।
उन्होंने कहा कि अभी सम्पन्न हुए देश के उत्तर, दक्षिण, पूरब, पश्चिम सभी क्षेत्रों के 18 राज्यों के 53 उपचुनाव में भाजपा की महज 15 सीटों पर जीत एवं उसके दुगुने से भी ज्यादा 38 सीटों पर हार, साथ ही हरियाणा एवं महाराष्ट्र विधानसभा के चुनाव में सीटों की संख्या एवं मत प्रतिशत में हुई भारी गिरावट साबित करता है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का पतन हो रहा है और ज्यादातर राज्यों में कांग्रेस पार्टी भाजपा के विकल्प के रूप में उभरी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सीटों की संख्या एवं मत प्रतिशत में व्यापक इजाफा साबित करता है कि कांग्रेस जनता की पहली पसन्द बनकर लोगों का भरोसा जीतने में सफल हुई है।
यह नतीजे कांग्रेस पार्टी के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं द्वारा लगातार उठाये जाने वाले जनहित के मुद्दों और पीड़ित, शोषित, वंचित जनता के लिए सड़क पर उतरकर सत्ता के खिलाफ संघर्ष के कारण ही संभव हुआ है।
तिवारी ने कहा कि उप्र के उपचुनावों में जहां कांग्रेस पार्टी का मत प्रतिशत पिछले लोकसभा चुनाव की तुलना में लगभग दो गुना बढ़ा है वहीं भाजपा का मत प्रतिशत लोकसभा चुनाव 2019 की तुलना में 13.92 प्रतिशत घटा है।
बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का लेाकसभा चुनाव 2019 एवं विधानसभा चुनाव 2017 की तुलना में वोट प्रतिशत क्रमशः 2.24 एवं 5.18 प्रतिशत घटा है। उन्होंने कहा कि उप्र की जनता ने सपा, बसपा और भाजपा की तुलना में कांग्रेस पार्टी के प्रति अधिक भरोसा व्यक्त किया है।
कांग्रेस नेता ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हरियाणा की दादरी, सिरसा, रेवाड़ी एवं गोहाना विधानसभाओं में अपने प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाएं की थीं किन्तु इन चारों विधानसभाओं में उनके प्रत्याशी बुरी तरह पराजित हुए। इतना ही नहीं महाराष्ट्र के परली, साकली एवं अकोला आदि विधानसभाओं में श्री मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह ने जनसभाएं की थीं। इसके बावजूद भाजपा के उम्मीदवार बुरी तरह पराजित हुए और वहां क्रमशः एनसीपी एवं कांग्रेस के उम्मीदवार विजयी हुए।
उन्होंने आरोप लगाया कि उप्र में कांग्रेस के बढ़ते जनाधार से घबराई योगी सरकार ने गंगोह विधानसभा के उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार के लगातार 27वें राउण्ड तक भारी बढ़त के बाद स्थानीय प्रशासन के माध्यम से जबरन सभी काउंटिंग एजेंट, कैंडीडेट एवं मीडियाकर्मियों को हटाकर चुनाव परिणाम में धांधली कर अपने उम्मीदवार को जितवा दिया।
इस धांधली के विरूद्ध कांग्रेस नेता इमरान मसूद के नेतृत्व में वहां पर धरना-प्रदर्शन हुआ तथा कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर लिखित आपत्ति दर्ज कराई थी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निष्पक्ष जांच एवं कार्यवाही का आश्वासन दिया था, लेकिन अभी तक कोई कार्यवाही नहीं की गयी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस संदर्भ में केन्द्रीय निर्वाचन आयोग से भी मुलाकात करेगा तथा सभी संवैधानिक विकल्पों पर विचार-विमर्श एवं कानूनी राय मशविरा की जा रही है जो भी रणनीति तय होगी उसे करेंगे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि गंगोह में हुई धांधली पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी ट्वीट कर अपना आक्रोश व्यक्त किया था।
उन्होंने एक बार फिर दावा किया कि भाजपा का पतन शुरू हो चुका है और कांग्रेस के आगमन का द्वार खुल गया है। आगे कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू के नेतृत्व में कांग्रेस उप्र में सरकार बनायेगी। प्रेसवार्ता में उप्र कांग्रेस के सचिव शहनवाज आलम भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें...दिवाली पर इस कांग्रेसी नेता के लिए आई बुरी खबर, पढ़ें पूरा मामला
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!