TRENDING TAGS :
Ghaziabad: इंजीनियर पति ने की आत्महत्या, पत्नी की प्रताड़ना से था परेशान, 6 लोगों पर केस दर्ज
Ghaziabad News: गाजियाबाद में एक पति ने पत्नी की प्रताड़ना से परेशान होकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड नोट में पति ने बताया कि पत्नी ने उसका जीवन नर्क बना दिया था।
Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से पति के आत्महत्या का मामला सामने आया है। यहां मोदीनगर निवासी आईटी इंजीनियर मोहित त्यागी ने सुसाइड कर लिया है। सुसाइड से पहले मोहित ने एक नोट लिखा, जिसमें उसने बताया कि पत्नी की प्रताड़ना से वह परेशान हो चुका है, इसलिए वह आत्महत्या कर रहा है। फिलहाल पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कर 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
क्या है पूरा मामला?
मोहित त्यागी एक निजी कंपनी में आईटी इंजीनियर थे। उनकी शादी संभल निवासी प्रियंका से साल 2020 में हुई थी। शादी के एक साल बाद दंपत्ति को बेटा हुआ। लेकिन अब मोहित इस दुनिया में नहीं रहें।
मोहित के भाई राहुल त्यागी ने बताया कि शादी के बाद से ही मोहित की पत्नी प्रियंका उसे और घरवालों को परेशान करने लगी। कई बार बात सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन प्रियंका मोहत को छोटी-छोटी बातों पर भी प्रताड़ित करती रही। पिछले साल प्रियंका अपने ससुराल से लाखों रुपये के गहने और नकदी लेकर अपने मायके चली गई थी। इसके बाद मोहित ने अपनी पत्नी को कई बार घर वापस आने के लिए कहा, लेकिन प्रियंका नहीं आई।
इसके बाद प्रियंका ने मोहित और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न को लेकर शिकायत दर्ज कर दी। जिसे लेकर संभल थाना ऐचौड़ा कम्बोहा के उपनिरीक्षक ने मोहित के घर पर कॉल कर शिकायत की जानकारी दी और पुलिस थाने आने के लिए कहा। इस बात की जानकारी मिलते ही मोहित काफी ज्यादा तनाव में आ गया। फिर उसने सुसाइड नोट लिखकर जहरीला पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर परिजन तुरंत मोहित को अस्पताल लेकर गए, जहां से उसे मेरठ रेफर कर दिया गया। इसके बाद परिजन मोहित को दिल्ली लेकर गए, जहां इलाज के दौरान मोहित ने दम तोड़ दिया।
राहुल के मुताबिक, मोहित ने पुलिस कमिश्नर से मामले की शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने उसकी नहीं सुनी और न ही कोई कार्रवाई की। अगर पुलिस कुछ कार्रवाई करती तो मोहित सुसाइड नहीं करता।
मोहित त्यागी ने सुसाइड नोट में क्या लिखा?
मोहित त्यागी ने अपने सुसाइड नोट में लिखा, 'मेरे दर्द को लेटर में बयान नहीं किया जा सकता है, लेकिन मेरी पत्नी प्रियंका ने मेरी लाइफ को नर्क बना दिया। उसके लिए पैसे और संपत्ति अहम है, उसकी नजर मेरे पैसों पर ही थी, इसलिए वह आए दिन मुझे परेशान करती रहती थी। यहां तक की ससुराल के लोग भी मुझे गाली गलौज करते थे। दहेज उत्पीड़न में जेल भेजने की धमकी भी देते थे। और अब उन्होंने थाने में झूठी शिकायत दर्ज करके पूरे परिवार को फंसाने की साजिश रची। यह मुझे बर्दाश्त नहीं हो रहा, इसलिए मैं अपनी जान दे रहा हूं।'
मामले में पुलिस ने क्या कहा?
इस मामले में मोदीनगर एसीपी ज्ञानप्रकाश राय ने बताया कि राहुल त्यागी की तहरीर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मोहित की पत्नी प्रियंका और उसके भाई पुनीत त्यागी, भाभी नीतू त्यागी, मामा अनिल त्यागी और विशेष त्यागी समेत एक अन्य के खिलाफ सुसाइड को उकसाने की धारा में मामला दर्ज किया गया।