TRENDING TAGS :
Jhansi News: डीएम अविनाश कुमार ने कहा- आगामी एक माह का समय संवेदनशील, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ायी जाए
Jhansi News:जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने आज विकास भवन सभागार में पर्वों एवं त्योहारों-नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा, बारावफात, दीपावली आदि के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
डीएम अविनाश कुमार ने कहा- आगामी एक माह का समय संवेदनशील, पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ायी जाए: Photo-Newstrack
Jhansi News: जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने आज विकास भवन सभागार में पर्वों एवं त्योहारों-नवरात्रि, दुर्गा पूजा, दशहरा, बारावफात, दीपावली आदि के दृष्टिगत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा की।
-प्रतिमाओं की स्थापना सुरक्षित स्थान में करायी जाए, ताकि सड़क पर सामान्य यातायात प्रभावित न हो,
-दुर्गा पंडालों एवं रामलीला मंचन में सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से खुराफातियों पर रखी जाए नजर,
-सैनिटाइजेशन का विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए।
बाजारों में बढ़ायी जाए पुलिस पेट्रोलिंग
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्वों एवं त्योहारों का आगामी एक माह का समय संवेदनशील है। एक माह त्योहार की उमंग से परिपूर्ण होंगे। बाजारों में भीड़ होगी। विभिन्न आयोजनों में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे, वरिष्ठ नागरिक आदि की सहभागिता होगी। इसके दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने के साथ-साथ सभी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किएं जाएं। पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ायी जाए। कण्ट्रोल रूम सक्रिय कर कानून व्यवस्था की स्थिति पर निरन्तर नजर रखी जाए।
जिले में स्थापित की जा रही है 827 स्थलों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि जनपद में परम्परागत रूप से 827 स्थलों में माँ दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की जाती रही हैं। इसके अतिरिक्त भी प्रतिमाओं की स्थापना होती है। दुर्गा पूजा आयोजन समितियों से संवाद के माध्यम से प्रतिमाओं की स्थापना सुरक्षित स्थान जैसे सार्वजनिक पार्क आदि में करायी जाए, ताकि सड़क पर सामान्य यातायात प्रभावित न हो। इस कार्यवाही में लोगों की आस्था और जनभावना का पूरा सम्मान किया जाना चाहिए।
अस्थायी तालाबों अथवा कुंड में मूर्तियों का विसर्जन कराया जाए
जिलाधिकारी ने कहा कि मूर्ति विसर्जन कार्यक्रम के समय पुलिस बल की तैनाती के लिए स्थानीय जरूरतों के मुताबिक रणनीति तैयार की जाए। इस समय नदियों का जलस्तर बढ़ा हुआ है, ऐसे में मूर्ति विसर्जन के समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके दृष्टिगत मूर्ति विसर्जन समितियों से संवाद कर अस्थायी तालाबों अथवा कुंड में मूर्तियों का विसर्जन कराया जाना उचित रहेगा।
माहौल खराब करने वालों पर की जाए कठोर कार्रवाई
त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से मनाए जाने की तैयारी की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि रामलीला हमारी प्राचीन संस्कृति का हिस्सा है। इसमें बड़ी संख्या में आम जन सहभाग करते हैं। देर रात तक रामलीला का मंचन चलता रहता है। ऐसे में सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आवश्यकतानुसार पुलिस की तैनाती एवं पेट्रोलिंग करायी जाए। पर्व एवं त्योहार शांति और सौहार्द के बीच सम्पन्न हों, इसके लिए स्थानीय जरूरतों को देखते हुए सभी जरूरी प्रबन्ध किए जाएं। शरारतपूर्ण बयान जारी करने वालों के साथ जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ कड़ाई से पेश आएं। माहौल खराब करने की कोशिश करने वाले अराजक तत्वों के साथ पूरी कठोरता की जाए।
रोस्टर के अनुसार निरंतर बिजली आपूर्ति की जाए
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने कहा कि पर्वों एवं त्योहारों के दौरान तय रोस्टर के अनुसार निरन्तर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। बिजली एवं जलापूर्ति की अनावश्यक कटौती नहीं होनी चाहिए। त्योहारों के समय में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन का विशेष अभियान चलाया जाना चाहिए। ग्राम्य विकास विभाग, पंचायतीराज विभाग व नगर विकास विभाग इस सम्बन्ध में जरूरी कार्यवाही सुनिश्चित कराएं।
प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल के साथ करें कार्य-
जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी घटना को छोटा मानकर नजरअंदाज न किया जाए। सम्बन्धित पक्षों की समुचित सुनवाई कर समय से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। इसके लिए पुलिस को अलर्ट मोड में रहना चाहिए। संवेदनशील प्रकरणों में वरिष्ठ अधिकारी मौके पर अवश्य पहुंचे। इससे अनेक समस्याओं का समाधान हो जाता है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर तालमेल के साथ कार्य करें।
कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए
जनपद में शांति और सौहार्दपूर्ण त्योहार मनाए जाने की दृष्टिगत आयोजित बैठक में आचार्य पंडित हरिओम पाठक, अंचल अड़जरिया, पुरुषोत्तम स्वामी, अतुल किल्पन, हाफिज मोहम्मद रियाज, नूर अहमद मंसूरी, पीयूष रावत सहित अन्य गणमान्य जनो ने अपनी उपस्थित दर्ज कराते हुए महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
यह अफसर रहे मौजूद
इस अवसर पर एसएसपी राजेश एस, सीडीओ जुनैद अहमद, एडीएम प्रशासन ए के सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व एस के वर्मा, एडीएम न्याय श्रीमती श्यामलता आनंद, अपर पुलिस अधीक्षक नगर ज्ञानेंद्र कुमार सिंह सहित समस्त उप जिला अधिकारी, क्षेत्र अधिकारी पुलिस, विद्युत, जल निगम, जल संस्थान के अधिकारी उपस्थित रहे।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!


