TRENDING TAGS :
Kanpur News: सीएसए का 27वां दीक्षांत समारोह संपन्न, 63 पदक एवं 649 उपाधियां प्रदान की गई
Kanpur News: कानपुर सीएसए विश्वविद्यालय में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में 27वां दीक्षांत समारोह, 649 उपाधियां और 63 पदक प्रदान किए गए।
सीएसए का 27वां दीक्षांत समारोह संपन्न, 63 पदक एवं 649 उपाधियां प्रदान की गई (Photo- Newstrack)
Kanpur News: कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर के ऑडिटोरियम हॉल (कैलाश भवन) में आज कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की अध्यक्षता में 27वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर 63 मेधावियों को पदक एवं पुरस्कार दिए गए। कुल 649 छात्र-छात्राओं को उपाधियां प्रदान की गईं। उपाधियां और मेडल पाकर छात्र-छात्राएं उत्साहित नजर आए।
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 14 छात्र-छात्राओं को कुलाधिपति स्वर्ण पदक, 14 को विश्वविद्यालय रजत पदक, 14 को विश्वविद्यालय कांस्य पदक तथा 21 को प्रायोजित स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। इस प्रकार कुल 49 छात्र-छात्राओं को 63 पदक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि आईसीएआर के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट, विशिष्ट अतिथि बलदेव सिंह औलख (राज्यमंत्री कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान, उत्तर प्रदेश सरकार) और विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. आनंद कुमार सिंह ने मेधावियों को पदक दिए। इस दौरान पदक धारकों की तस्वीरें कुलाधिपति एवं अतिथियों के साथ ली गईं।
इस अवसर पर संबिलियन विद्यालय/माध्यमिक विद्यालय कानपुर नगर, कानपुर देहात, रायबरेली एवं फतेहपुर के विभिन्न प्रतियोगिताओं में विजयी 13 छात्र-छात्राओं को प्रमाणपत्र, पुस्तकें, पेन, बैग और चॉकलेट भेंट किए गए। वहीं 5 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को किट दी गई, जिनमें से एक को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर मोमेंटो और प्रमाणपत्र भी दिया गया। रावतपुर प्राथमिक स्कूल के प्रधानाध्यापक को गवर्नर हाउस से आई पुस्तकें दी गईं, जबकि 5 पुस्तकें जिला प्रशासन को भी सौंपी गईं।
सर्वप्रथम कुलपति ने विश्वविद्यालय की प्रगति आख्या प्रस्तुत की और शिक्षण, शोध एवं प्रसार कार्यों के नवाचारों पर विस्तार से जानकारी दी। मुख्य अतिथि डॉ. जाट ने अपने संबोधन में कहा कि विश्वविद्यालय ने दलहन, तिलहन और खाद्यान्न फसलों की 300 से अधिक प्रजातियां विकसित कर कृषि क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किया है। हरित क्रांति में भी इस विश्वविद्यालय का बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने वैज्ञानिकों और छात्रों से मांग के अनुरूप शोध करने और जलवायु अनुकूल प्रजातियां विकसित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने डिजिलॉकर में 649 डिग्रियां अपलोड कीं और उपाधिधारकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की रैंकिंग सुधारने के लिए वैज्ञानिकों, अधिकारियों और छात्रों को अथक मेहनत करनी होगी। उन्होंने छात्रों से नवाचार को अपनाने और गांवों में जैविक व प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील की। साथ ही किसानों की आय दोगुनी करने के लिए कृषि लागत घटाने और गौ-आधारित खेती को बढ़ावा देने पर बल दिया।
उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में ड्रोन दीदी और कृषि सखियों की भागीदारी से उत्पादन में वृद्धि होगी। इस दौरान विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा लिखित पुस्तकों का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. विनीता सिंह ने किया। समारोह में विधायक एवं बोर्ड सदस्य सुरेन्द्र मैथानी, अवधेश कुमार सिंह, विधायक नीलिमा कटियार, जिला प्रशासन के अधिकारी, अधिष्ठाता, निदेशक, विभागाध्यक्ष और संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!