Kasganj News: एडीजी अनुपमा कुलश्रेष्ठ ने किया ऑपरेशन जागृति 4.0 का शुभारंभ, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर दिया बड़ा संदेश

Kasganj News: एडीजी ने कहा कि "अक्सर महिलाएं जमीनी विवादों में मोहरा बनती हैं और उनके नाम पर मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए पुलिस लगातार सजग है।"

Ajay Chauhan
Published on: 17 April 2025 8:20 PM IST
ADG Anupama Kulshreshtha launched Operation Jagriti 4.0
X

एडीजी अनुपमा कुलश्रेष्ठ ने किया ऑपरेशन जागृति 4.0 का शुभारंभ, महिलाओं की सुरक्षा को लेकर दिया बड़ा संदेश (Photo- Social Media)

Kasganj News: कासगंज जनपद में आज आगरा जोन की एडीजी अनुपमा कुलश्रेष्ठ गुरुवार को कासगंज पहुंचीं, जहां उन्होंने ऑपरेशन जागृति 4.0 का जनपद में विधिवत शुभारंभ किया। यह कार्यक्रम कासगंज के सेंट जोसेफ स्कूल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने महिला सुरक्षा, यातायात जागरूकता और सामाजिक सहभागिता जैसे मुद्दों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

महिलाओं के खिलाफ 18 प्रतिशत अपराध में आई गिरावट

मीडिया से बातचीत में एडीजी ने बताया कि ऑपरेशन जागृति के तहत अब तक तीन चरण पूरे हो चुके हैं। पहले चरण में महिलाओं के खिलाफ अपराधों में 18 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई, वहीं दूसरे चरण में यह आंकड़ा 35 प्रतिशत तक पहुंच गया। तीसरे चरण का आंकड़ा जल्द साझा किया जाएगा और चैथे चरण के परिणाम एक महीने बाद सार्वजनिक किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं, युवतियों और किशोरियों में आत्मविश्वास बढ़ाना है। अब महिलाओं को विश्वास है कि पुलिस उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करेगी और पीड़ित पक्ष की पूरी मदद की जाएगी। आरोपितों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे फरार ही क्यों न हों।

एडीजी ने यह भी कहा कि "अक्सर महिलाएं जमीनी विवादों में मोहरा बनती हैं और उनके नाम पर मुकदमे दर्ज कर दिए जाते हैं। इस प्रवृत्ति को रोकने के लिए पुलिस लगातार सजग है।"



आमजन और चालकों का भी सहयोग होना चाहिए

यातायात व्यवस्था पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि नवंबर माह में पूर्ण रूप से यातायात अभियान चलाया जाता है। इसके अलावा समय-समय पर यातायात सप्ताह भी मनाया जाता है। उन्होंने यह भी कहा कि "सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, इसमें आमजन और चालकों का भी सहयोग आवश्यक है।"

कार्यक्रम में स्थानीय अधिकारी, स्कूल प्रबंधन, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। एडीजी की पहल और जागरूकता के इस अभियान को लोगों ने सराहा और महिलाओं की सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की प्रशंसा की।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Next Story