कांग्रेस को गर्त में ले जाते नेताः क्या पार्टी में महिलाओं के प्रति कोई सम्मान नहीं बचा

एक हफ्ते के भीतर दो महिलाओं से बेइज्जत होने वाले कांग्रेस के युवा नेतृत्व की हालत पार्टी की अंदरूनी हालत को स्पष्ट रूप से बयां कर रही है। अगर ऐसा है तो कांग्रेस का गर्त में जाना तय है।

राम केवी
Published on: 19 May 2020 10:21 PM IST
कांग्रेस को गर्त में ले जाते नेताः क्या पार्टी में महिलाओं के प्रति कोई सम्मान नहीं बचा
X

लखनऊः पहले स्मृति ईरानी और अब योगी सरकार के वरिष्ठ अधिकारी की पत्नी पद्मश्री मालिनी अवस्थी को अनायास ही राजनीति में घसीटकर कांग्रेस ने ये साबित कर दिया कि उसके पास अब कोई वक्ता नहीं बचा है। वरना पहली गलती के तीन दिन के भीतर ही दूसरा इतना बड़ा कांड न होता कि कांग्रेस और उसके नेताओं को मुंह छिपाना पड़े।

सोनिया- प्रियंका असहज

कांग्रेस के एक नौजवान बड़बोले नेता लगातार पार्टी की बेइज्जती करा रहे हैं। ये वही नेता हैं जिन्होंने पहले राहुल गांधी का मजाक बनवाया और अब समूची कांग्रेस को ही कठघरे में लाकर खड़ा कर दिया है। जिसने सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के लिए भी असहज स्थिति उत्पन्न कर दी है।

दरअसल ये दोनो नेता महिला हैं और किसी भी महिला की गरिमा के प्रतिकूल आचरण शायद इन्हें भी अच्छा नहीं लगा होगा। अब कांग्रेस और कांग्रेसियों के पास अपने इस बड़बोले नेता के कारनामे पर कोई जवाब नहीं बचा है।

कांग्रेस की आईटी सेल के गौरव पांधी ने हाल ही में भाजपा की वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रति अपमानजनक टिप्पणी कर राहुल गांधी की हंसी उड़वायी थी।



मालिनी अवस्थी का नाम घसीटा

कांग्रेस ने इस पर कोई एक्शन नहीं लिया तो इन मनबढ़ और कांग्रेस का राष्ट्रीय समन्वयक होने का दावा करने वाले गौरव पांधी नामक नेता ने इस बार लोकगायिका पद्मश्री मालिनी अवस्थी पर हमला बोल दिया। और अपमानजनक टिप्पणी कर डालीं, जिसने कांग्रेस के गौरवशाली इतिहास पर कालिख मल दी है।

गौरव पांधी ने एक ट्वीट किया, “यूपी के अतिरिक्त मुख्य सचिव अवनीश अवस्थी गरीब प्रवासी मजदूरों के खिलाफ बीजेपी के शाखाब्वॉय की तरह की तरह काम कर रहे हैं। कहीं वो ऐसा इसलिए तो नहीं कर रहे क्योंकि उनकी पत्नी मालिनी अवस्थी यूपी सरकार के लिए सैकड़ों शो करती हैं और भाजपा से करोड़ों कमाती हैं? उनके बैंक अकाउंट स्टेटमेंट बिल्कुल भी आश्चर्यजनक नहीं होंगे!”

गौरव पांधी की टिप्पणी किसी भी नजरिये से उचित नहीं हैं। मालिनी अवस्थी न तो राजनीतिक हस्ती हैं और न ही उनके पति राजनीतिक व्यक्ति हैं। अगर हों भी तो भी राजनीति राजनेताओं के परिजनों को निशाना बनाने की इजाजत नहीं देती है। जबकि यहां तो दोनो ही गैरराजनीतिक हैं।

मालिनी अवस्थी ने भी ट्वीट करके कहा अपनी इस बात का प्रमाण दो या फिर वैधानिक कार्यवाही के लिये तैयार रहो गौरव पांधी

उन्होंने लिखा, एक स्त्री के 48 वर्षों के परिश्रम को दुर्भावना से देखने वाले, तुम्हारी घिनौनी राजनीति के तरकश में तीर कम पड़ गए तो इस नीचता पर उतर आए? मेरे पति के चरित्र व ईमानदारी की मिसाल पूरे प्रदेश में दी जाती है। मालिनी अवस्थी ने इसका करारा जवाब देते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी है।

स्मृति ईरानी से मुंह की खा चुका है पांधी

गौरव पांधी ने इससे पहले केंद्रीय महिला एवं बाल कल्याण मंत्री स्मृति ईरानी को नीचा दिखाने की कोशिश में अपने पूर्व अध्यक्ष राहुल गॉंधी का मजाक उड़वा दिया था।

पांधी ने ट्विटर पर स्मृति ईरानी का मजाक उड़ाने की कोशिश करते हुए उन्हें भारत के इतिहास का सबसे ‘मूर्ख’ और ‘बेवकूफ’ सांसद बताया था। लेकिन स्मृति ईरानी की हाजिरजवाबी से राहुल गाँधी का ही मजाक बन गया था।

स्मृति ईरानी ने इस ट्वीट का जवाब देते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी पर ही निशाना साध लिया था और लिखा था कि वो इस बात सहमत हैं। साथ ही उन्होंने लिखा कि कल्पना कीजिए कि उनके जैसे मूर्ख ने सुपर इंटेलीजेंट राहुल गाँधी को हरा दिया।

एक हफ्ते के भीतर दो महिलाओं से बेइज्जत होने वाले कांग्रेस के युवा नेतृत्व की हालत पार्टी की अंदरूनी हालत को स्पष्ट रूप से बयां कर रही है। अगर ऐसा है तो कांग्रेस का गर्त में जाना तय है।

राम केवी

राम केवी

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!