Samajwadi Party News: अखिलेश ने डिप्टी CM केशव मौर्य को कहा 'दिल्ली के वाईफाई का पासवर्ड', बलिया से बंथरा तक के मामले पर BJP को घेरा

Samajwadi Party News: प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश की कानून व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इनकी (भाजपा) की पुलिस ही पुलिस को पकड़ ले रही है।

Santosh Tiwari
Published on: 26 July 2024 8:22 AM GMT (Updated on: 26 July 2024 1:24 PM GMT)
प्रेसवार्ता करते अखिलेश यादव।
X

प्रेसवार्ता करते अखिलेश यादव। Photo- Newstrack 

Samajwadi Party News: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य दिल्ली के वाईफाई के पासवर्ड बन गए हैं। उन्हें दिल्ली सिर्फ मोहरा बनाए हुए है। उत्तर प्रदेश की सरकार ऐसे नहीं चल पाएगी। यह बातें उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही। आगे उन्होंने कहा कि भाजपा हमारे ऊपर जातिवाद का आरोप लगाती है। वह अपने अफसरों को देखे कि जिलों से लेकर प्रदेश तक में बड़े अफसर कौन हैं। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी मुख्यालय में ‘संविधान-मानस्तंभ’ का भी अनावरण किया। जिसमें संविधान की प्रति स्थापित की गई है।

संविधान मानस्तंभ का हुआ अनावरण। Photo- Newstrack

नहीं बनाया एक भी जिला अस्पताल, ड्रोन से करते हैं निरीक्षण

सरकारी निरीक्षण पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि, आजकल इनके नेता-मंत्रियों ने ड्रोन से निगरानी करने का नया तरीका निकाला है। अस्पताल में व्यवस्थाएं देखने जाते हैं तो ड्रोन लेकर जाते हैं। आखिर अस्पताल की व्यवस्थाएं देखने के लिए ड्रोन की जरूरत क्या है। इन्होंने प्रदेश में एक भी जिला अस्पताल तक नहीं बनाया है। भाजपा ने हर व्यवस्था सिर्फ खराब की है। गरीब को कहीं भी पूरा इलाज नहीं मिल रहा है। अखिलेश ने मुख्यमंत्री योगी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह अपनी ही सड़क नहीं बनवा पा रहे हैं। 90 किलोमीटर की सड़क 6000 करोड़ में बनी है। यही इस सरकार का गोरखधंधा है। इस दौरान अखिलेश ने बलिया में पुलिस के वसूली रैकेट के खुलासे से लेकर बंथरा में ऋतिक हत्याकांड पर भी सवाल खड़े किए।

पुलिस ही पुलिस को पकड़ रही- अखिलेश

प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश की कानून व्यवस्था पर कड़ा प्रहार करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इनकी (भाजपा) की पुलिस ही पुलिस को पकड़ ले रही है। पुलिस ही पुलिस को लूट ले रही है। यूपी के हर कोने में भ्रष्टाचार चल रहा है। ये लोग एनकाउंटर का डर दिखाते हैं, उसका रेट तय करते हैं। हमने सोशल मीडिया पर भी तमाम वीडियो देखें हैं। इनके राज में लाइव हत्याएं हो रही हैं। अखिलेश ने कहा कि नोएडा में पुलिस ने एक जिम ट्रेनर का फर्जी एनकाउंटर कर दिया था। वह जिम ट्रेनर आज भी विकलांग है। सरकार ने उसकी कोई मदद नहीं की। हमने तब ही इस पर सवाल उठाया था। अगर सरकार तब ही इस पर कदम उठा लेती तो आज प्रदेश की ऐसी हालत नहीं होती। झाँसी में भी एक युवक को उसके घर से ले जाकर एनकाउंटर कर दिया गया। यह एनकाउंटर नहीं हत्या थी। सरकार उस परिवार को न्याय नहीं दिला पाई।

बंथरा हत्याकांड का सरोजनी नगर कनेक्शन

अखिलेश यादव ने राजधानी के बंथरा में बीते रविवार को हुए ऋतिक हत्याकांड के मामले में भी सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि अब शायद बुलडोजर की चाभी खो गई होगी। इसलिए आरोपियों के घरों पर न तो अभी तक बुलडोजर चला है और न ही उनकी गिरफ्तारी हो पा रही है। इस घटना में भी भाजपा के लोग शामिल हैं। इसका सरोजनीनगर कनेक्शन है। इसी वजह से घटना में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। भाजपा सिर्फ साम्प्रदायिक राजनीति करती है। समाजवादियों और PDA परिवार के लोगों ने इस राजनीति का अंत कर दिया है। दीया बुझने से पहले फड़फड़ाता है यह लोग अब वैसे ही फड़फड़ा रहे हैं।

Jugul Kishor

Jugul Kishor

Content Writer

मीडिया में पांच साल से ज्यादा काम करने का अनुभव। डाइनामाइट न्यूज पोर्टल से शुरुवात, पंजाब केसरी ग्रुप (नवोदय टाइम्स) अखबार में उप संपादक की ज़िम्मेदारी निभाने के बाद, लखनऊ में Newstrack.Com में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं। भारतीय विद्या भवन दिल्ली से मास कम्युनिकेशन (हिंदी) डिप्लोमा और एमजेएमसी किया है। B.A, Mass communication (Hindi), MJMC.

Next Story