TRENDING TAGS :
Mahila Sangoshthi: एक राष्ट्र- एक चुनाव विषय पर आयोजित महिला संगोष्ठी में सम्मिलित हुईं पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी
Mahila Sangoshthi: एक राष्ट्र- एक चुनाव विषय पर आयोजित महिला संगोष्ठी में प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी सम्मिलित हुईं।
Former Mayor Abhilasha Gupta Nandi (Image Credit-Social MediaNewstrack)
Mahila Sangoshthi: मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की तपोस्थली पावन धाम चित्रकूट में भाजपा महिला मोर्चा द्वारा आयोजित एक राष्ट्र- एक चुनाव विषय पर आयोजित महिला संगोष्ठी में प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुईं। जिसमें पूर्व महापौर ने कहा कि एक राष्ट्र-एक चुनाव भारत के लोकतंत्र को और अधिक सशक्त, सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाएगा। यह न केवल हमारे देश की राजनीतिक प्रणाली को सरल बनाएगा बल्कि यह संसाधनों की बचत, प्रशासनिक दक्षता और विकास की गति को तीव्र करने में भी महत्वपूर्ण योगदान देगा।
पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने कहा कि विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र अब एक साहसिक और दूरदर्शी सुधार की दिशा में सोच रहा है — एक राष्ट्र, एक चुनाव (One Nation, One Election)। इसका उद्देश्य है चुनाव प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना, सार्वजनिक खर्च में भारी कटौती करना, और नीतियों के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए सुगम वातावरण बनाना। अमेरिका, ब्राजील, जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका जैसे कई देश पहले से ही समकालिक चुनाव प्रणाली अपनाकर कुशल शासन और नीति स्थिरता सुनिश्चित कर रहे हैं।
पूर्व महापौर ने कहा कि भारत में बार-बार होने वाले चुनावों पर 4 से 7 लाख करोड़ रुपए तक खर्च होता है। अगर यह व्यवस्था लागू होती है, तो देश की GDP का लगभग 1.5% यानी लगभग 4.5 लाख करोड़ रुपए की बचत संभव है। यह राशि केंद्र सरकार के स्वास्थ्य बजट का 50% और शिक्षा बजट का 33% है – जिसे जनकल्याण में लगाया जा सकता है।
एक राष्ट्र, एक चुनाव न केवल आर्थिक बचत लाएगा, बल्कि चुनावी थकावट, नीतिगत निष्क्रियता, और अवरोधों को भी समाप्त करेगा। इससे मतदाता भागीदारी बढ़ेगी, स्थिर शासन मिलेगा, और लंबी अवधि की योजनाओं पर ध्यान केंद्रित करना आसान होगा।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में भाजपा उत्तर प्रदेश की पूर्व उपाध्यक्ष रंजना उपाध्याय, पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्र, पूर्व राज्य मंत्री चंद्रिका उपाध्याय, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा दिव्या त्रिपाठी, विभागाध्यक्ष संस्कृत विभाग डॉ. प्रमिला मिश्रा, जिला मंत्री राजेश्वरी द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष अंजू वर्मा, भाजपा युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मोहित ,अर्चना सिंह, अंकित, शुभम एवं भाजपा कार्यकर्ता एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में सम्मिलित होने के बाद पूर्व महापौर ने कामदगिरि पर्वत पर स्थित भगवान कामतानाथ जी का दर्शन, पूजन व आरती किया। चित्रकूट धाम में श्री राम चरित मानस हस्ताक्षर अभियान के राष्ट्रीय संरक्षक एवं अधिकारी कामद गिरी पीठम चित्रकूट धाम महंत डॉ. मदन गोपाल दास जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया।