TRENDING TAGS :
Mahoba News: दोस्तों के साथ नहाने गए छात्र की तालाब में डूबकर मौत, इकलौते बेटे की निधन से परिवार में मचा कोहराम
Mahoba News: झुलसाती गर्मी से राहत पाने के लिए शहर के समदनगर निवासी रोहन राजपूत अपने दोस्तों के साथ भटीपुरा स्थित शीतला तालाब में नहाने गया था।
mahoba news
Mahoba News: भीषण गर्मी से राहत पाने की कोशिश में एक 15 वर्षीय किशोर की जिंदगी खत्म हो गई। जिले में तापमान 41 डिग्री तक पहुंच गया है, और इसी झुलसाती गर्मी से राहत पाने के लिए शहर के समदनगर निवासी रोहन राजपूत अपने दोस्तों के साथ भटीपुरा स्थित शीतला तालाब में नहाने गया था। लेकिन यह राहत की कोशिश उसकी जान ले बैठी।
रोहन की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
बताया जा रहा है कि रोहन तालाब में नहाते हुए गहराई में चला गया, जहां वह डूब गया। उसके साथ मौजूद दोस्तों ने पहले उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन जब वे असफल रहे तो वे तत्काल उसके परिजनों को सूचना देने पहुंचे। सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। कुछ ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से काफी मशक्कत के बाद रोहन को तालाब से बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रोहन, अमर सिंह राजपूत का इकलौता पुत्र था और शहर के डीएवी इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। वह पढ़ाई में होनहार था और परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं। बताया गया कि वह रोज़ाना कोचिंग क्लास जाया करता था और हादसे वाले दिन भी परिजन यही समझते रहे कि वह कोचिंग में है। लेकिन तेज गर्मी के चलते रोहन ने दोस्तों के साथ तालाब में नहाने चला गया था। रोहन की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में कोहराम मचा हुआ है और मां-बाप बेसुध हैं। मोहल्ले में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। स्थानीय प्रशासन ने बच्चों और युवाओं से अपील की है कि वे तालाब, नदी जैसे असुरक्षित जलस्रोतों में नहाने से बचें, विशेषकर बिना किसी सुरक्षा उपायों के। बढ़ती गर्मी को देखते हुए नगर प्रशासन ने भी सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय करने की बात कही है, ताकि भविष्य में ऐसी दुखद घटनाएं न हों।