TRENDING TAGS :
Mahoba News : पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, 25 हजार का इनामी दीपक अहिरवार गिरफ्तार
Mahoba News: मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
Mahoba News
Mahoba News: महोबा जनपद के खन्ना थाना क्षेत्र की गयोडी चौकी अंतर्गत इलाही पुरवा के पास शनिवार को एक सनसनीखेज मुठभेड़ में पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को घायल कर दबोच लिया। शातिर चोर व गैंगस्टर एक्ट में वांछित बदमाश दीपक अहिरवार को पुलिस ने उस समय घेरा जब उसने वाहन चैनिंग के दौरान भागने के लिए पुलिस पर फायरिंग कर दी। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सीओ सिटी दीपक दुबे ने बताया कि खन्ना थाना प्रभारी वीरेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ सर्विस रोड में चैकिंग कर रहे थे। तभी बाइक से जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोकने की कोशिश की गई तो उक्त व्यक्ति ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश दीपक अहिरवार के पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे काबू में कर लिया। पकड़ा गया बदमाश दीपक अहिरवार (22 वर्ष) महोबा मुख्यालय के नया प्राइवेट बस स्टैंड के पास का रहने वाला है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उस पर चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट और गुंडा एक्ट जैसे संगीन अभियोग दर्ज है। शातिर बदमाश के ऊपर कुल 9 मुकदमें है जिनमें 6 मुकदमे चोरी के हैं। वह लंबे समय से गैंगस्टर एक्ट के तहत वांछित चल रहा था और उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था। गिरफ्तारी के बाद घायल दीपक को उपचार के लिए महोबा जिला अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत स्थिर है और वह पुलिस अभिरक्षा में है।
मामले की जानकारी देते हुए महोबा सीओ दीपक दुबे ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इस प्रकार की कार्रवाई अपराधियों में कानून का भय पैदा करने के लिए जरूरी है। जो भी अपराध में लिप्त पाया जाएगा, उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।