Meerut News: 22 सितंबर से लागू होगा नेक्स्ट जेन जीएसटी, बदलेगा टैक्स सिस्टम: गोपाल कृष्ण

Meerut News: मेरठ में BJP प्रवक्ता गोपाल कृष्ण ने कहा, नेक्स्ट जेन जीएसटी से व्यापारियों, किसानों और आम लोगों को राहत मिलेगी, अर्थव्यवस्था में आएगी क्रांति।

Sushil Kumar
Published on: 18 Sept 2025 7:02 PM IST
Next Gen GST to be implemented from 22 September, Badlega tax system: Gopal Krishna
X

22 सितंबर से लागू होगा नेक्स्ट जेन जीएसटी, बदलेगा टैक्स सिस्टम: गोपाल कृष्ण (Photo- Newstrack)

Meerut News: मेरठ, 18 सितम्बर। देश की कर प्रणाली में 22 सितंबर से बड़ा बदलाव होने जा रहा है। केंद्र सरकार द्वारा लागू किया जाने वाला नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म न केवल व्यापारियों और उद्योग जगत के लिए गेमचेंजर साबित होगा, बल्कि आम उपभोक्ताओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। बुधवार को मेरठ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता गोपाल कृष्ण अग्रवाल ने कहा कि यह सुधार भारत की अर्थव्यवस्था को नई गति, मजबूती और पारदर्शिता प्रदान करेगा।

गोपाल कृष्ण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से यह वादा किया था कि देशवासियों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा मिलेगा। अब 22 सितंबर को यह वादा पूरा होगा और देश की कर प्रणाली और सरल होगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था खपत आधारित है, ऐसे में नई जीएसटी व्यवस्था से आम लोगों की जेब पर बोझ कम होगा और प्रदेश की विकास दर में तेज़ी आएगी। इससे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का समृद्ध और विकसित उत्तर प्रदेश का सपना साकार होगा।

2017 में जीएसटी लागू होने को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उस समय प्रधानमंत्री मोदी ने इसे ‘भारत की आर्थिक आज़ादी का दिन’ बताया था। ‘एक राष्ट्र, एक कर’ की व्यवस्था ने न केवल देश की एकता को मजबूत किया, बल्कि कर ढांचे को भी एकीकृत किया। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारें जीएसटी लागू करने में असफल रहीं, जबकि मोदी सरकार ने राज्यों को 14% वार्षिक क्षतिपूर्ति का भरोसा देकर इसे सफलतापूर्वक लागू किया। आज भारत में प्रति माह औसतन 2 लाख करोड़ रुपये से अधिक की कर वसूली हो रही है।

नेक्स्ट जेन जीएसटी की खास बातें:

अब केवल दो स्लैब – 5% और 18%, 99% सामान इन्हीं में शामिल।

रोजमर्रा की ज़रूरत की वस्तुओं पर न्यूनतम कर।

नए व्यापारियों का जीएसटी रजिस्ट्रेशन सिर्फ 3 दिन में।

करदाताओं की 90% रिफंड राशि तुरंत जारी।

इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर और इनपुट टैक्स क्रेडिट की समस्याओं का समाधान।

अनुपालन प्रक्रिया को और सरल और तकनीकी रूप से मजबूत किया गया।

गोपाल कृष्ण ने कहा कि इन सुधारों से वस्तुओं की कीमतों में कमी आएगी, किसानों को कृषि उपकरणों पर राहत मिलेगी और उद्योग-व्यापार जगत को नई ऊर्जा मिलेगी। बढ़ती घरेलू मांग नए निवेश के अवसर खोलेगी और भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र की दिशा में मजबूत कदम उठाने में मदद करेगी।

उन्होंने भरोसा जताया कि 22 सितंबर को लागू होने वाला यह सुधार भारत की आर्थिक व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव लेकर आएगा। प्रेस वार्ता में पश्चिम क्षेत्र मीडिया प्रमुख गजेन्द्र शर्मा, मेरठ महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी, एमएलसी धर्मेंद्र भारद्वाज, जीएसटी संयोजक महेश बाली और अमित शर्मा उपस्थित रहे।

Shashi kant gautam

Shashi kant gautam

Mail ID - [email protected]

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!