TRENDING TAGS :
Meerut News: सलावा में तनाव खत्म करने उतरेगा रालोद, जयंत सिंह के निर्देश पर जाएगा प्रतिनिधिमंडल
Meerut News: मेरठ के सलावा गांव में तनाव के बीच रालोद का शांति दूत मंडल करेगा दौरा
Meerut News
Meerut News: मेरठ जनपद के सरधना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सलावा में हाल ही में दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। इस स्थिति को सामान्य करने और भाईचारे का संदेश देने के लिए राष्ट्रीय लोकदल सक्रिय हो गया है। पार्टी अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह के निर्देश पर रालोद का एक प्रतिनिधिमंडल कल सुबह 11 बजे मेरठ जिला कार्यालय से रवाना होगा।
प्रभारी सरधना विधानसभा आतिर रिज़वी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतिनिधिमंडल गांव पहुंचकर दोनों पक्षों के जिम्मेदार व्यक्तियों और ग्रामीणों से बातचीत करेगा। उनका कहना है कि पार्टी का मकसद गांव में फैली अशांति को समाप्त कर आपसी समझ और सौहार्द्र को मजबूत करना है। रालोद का मानना है कि संवाद के जरिए ही किसी भी विवाद का स्थायी समाधान संभव है।
इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व विधायक राजेंद्र शर्मा करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में विधायक गुलाम मोहम्मद, जिला अध्यक्ष मतलूब गौड़, प्रदेश अध्यक्ष (सामाजिक न्याय मंच) सुश्री संगीता दोहरे, प्रभारी सरधना आतिर रिज़वी, क्षेत्रीय महासचिव गौरव जिटोली, क्षेत्रीय महासचिव संजय पनवाड़ी और जिला पंचायत सदस्य अनिकेत भारद्वाज शामिल होंगे।
सूत्रों के मुताबिक, रालोद प्रतिनिधिमंडल पहले दोनों पक्षों के बीच संवाद स्थापित करने का प्रयास करेगा। इसके बाद गांव के प्रमुख लोगों के साथ बैठक कर शांतिपूर्ण समाधान की दिशा में कदम उठाएगा। पार्टी कार्यकर्ताओं को भी गांव में शांति बनाए रखने के लिए सक्रिय किया गया है।गौरतलब है कि सरधना थाना क्षेत्र के गांव सलावा में बीते मंगलवार की रात को दो पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चले थे। मारपीट और हमले में दोनों पक्षों के करीब 5 लोग घायल हुये थे।
सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, वहीं कई लोगों को मामूली चोटें आई थीं।मामला दो सम्प्रदायों से जुड़ा होने के कारण गांव में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई थी।इस मामले में आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया था। झगड़े के बाद हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं और लोगों में डर का माहौल है। रालोद का यह दौरा न केवल गांव के लिए बल्कि पूरे इलाके में शांति और भाईचारे का संदेश देने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!