TRENDING TAGS :
2027 में सूबे में तीसरी बार बनेगी भाजपा सरकार, विफल होने विपक्ष के षडयंत्र
Pratapgarh News: विपक्ष लगातार झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है। जाति व वर्ग के नाम पर समाज में वैमनस्यता फैला रहा है। हमें लोगों के बीच में जाकर विपक्ष के द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम को समाप्त करना हैै
Pratapgarh News (Image From Social Media)
Pratapgarh News: भाजपा कार्यालय प्रतापगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम में शिरकत की। उन्होंने एलान किया कि भाजपा का कार्यकर्ता विपक्ष के हर षड़यंत्र को विफल करते हुए 2027 में प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाएगा। संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह पटेल एवं जिला अध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव ने बैठक की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी एवं डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्पार्चन एवं दीप प्रज्वलित करके किया।
संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने सोमवार को प्रतापगढ़ में अनुसूचित जाति संवाद कार्यक्रम में कहा कि विपक्ष लगातार झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है। जाति व वर्ग के नाम पर समाज में वैमनस्यता फैला रहा है। हमें लोगों के बीच में जाकर विपक्ष के द्वारा फैलाए जा रहे झूठ और भ्रम को समाप्त करना हैै तथा सभी को भाजपा की राष्ट्रवादी विचारधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पार्टी के प्रत्येक पूर्व पदाधिकारी को संगठन के कार्यो से जोड़ना है तथा संगठन के प्रत्येक कार्यकर्ता की संगठनात्मक कार्यों में भूमिका सुनिश्चित करते हुए कार्ययोजना तैयार करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा के अनुशासित व परिश्रमी कार्यकर्ताओं के बल पर भाजपा का विजय परचम पूरे देश में फहरा रहा है।
श्री धर्मपाल सिंह ने इसके साथ ही पार्टी के पूर्व, निवर्तमान तथा वर्तमान मंडल अध्यक्षों की बैठक को भी संबोधित किया और जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की। प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री धर्मपाल सिंह प्रदेश में लगातार उन विधानसभाओं के मंडल अध्यक्षों व शक्तिकेन्द्र संयोजकों के साथ बैठक कर रहे है जहां पिछले चुनाव में भाजपा को अपेक्षित सफलता नही मिल सकी।
भाजपा प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की केन्द्र सरकार में अनुसूचित जाति के मंत्रियों की संख्या अब तक के इतिहास में सबसे अधिक है। भाजपा के संगठनात्मक ढांचे में भी अनुसूचित जाति का प्रतिनिधित्व प्रमुखता से निर्धारित है।
भाजपा सरकार ने आरक्षण सहित अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारों का मजबूती के साथ संरक्षण किया है। भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की स्मृति से जुडे़ स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित करके प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहेब के प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हुए सच्चे अर्थो में श्रद्धांजलि अर्पित की है और बाबा साहेब के स्पप्न का भारत बनाने का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहे है। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 के रहते अनुसूचित जाति का आरक्षण लागू नही था। मोदी के नेतृत्व में जम्मू कश्मीर में 370 समाप्त होने के साथ ही अनुसूचित जाति को उनका अधिकार मिला है। अब तक जम्मू कश्मीर में एससी वर्ग को आरक्षण न मिलने की गुनहगार कांग्रेस है।
श्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि कांग्रेस व सपा ने हमेशा अनुसूचित जाति को ठगने का और छलने का काम किया। डॉ भीमराव अम्बेडकर का विरोध करने वाली कांग्रेस और उनका अपमान करने वाली सपा का सच लेकर हमें अनुसूचित जाति वर्ग के बीच पहुंचकर चर्चा करना है। मुस्लिम तुष्टीकरण वाली सपा व कांग्रेस के शासन में मां, बहन, बेटियां असुरक्षित थी। गुण्डों, शौहदों, माफियाओं को सपा सरकार में सरकारी संरक्षण प्राप्त था। आज बदले हुए परिवेश में भाजपा सरकार ने सबका सम्मान सुनिश्चित किया है। भाजपा का कार्यकर्ता विपक्ष के हर षड़यंत्र को विफल करते हुए 2027 में प्रदेश में तीसरी बार भाजपा सरकार बनायेंगे।
इस अवसर पर जिला प्रभारी कौशलेंद्र सिंह पटेल, जिला अध्यक्ष आशीष कुमार श्रीवास्तव, सदर विधायक राजेंद्र कुमार मौर्य, नगर पालिका अध्यक्षा प्रेमलता सिंह,पूर्व सांसद संगम लाल गुप्ता, पूर्व विधायक धीरज ओझा, पूर्व अध्यक्ष हरिओम मिश्र, जिला महामंत्री द्वय राजेश सिंह, पवन गौतम, जिला उपाध्यक्ष अशोक सरोज, अशोक श्रीवास्तव, भूपेश त्रिपाठी,जिला मंत्री अनुराग मिश्र, राम आसरे पाल, रामजी मिश्र, अजय वर्मा, जिला प्रवक्ता राघवेंद्र शुक्ल, जिला सह मीडिया प्रभारी देवेश त्रिपाठी उपस्थित रहे।