TRENDING TAGS :
Prayagraj: दूसरी बार काटने पर कुत्ते को मिलेगी ‘उम्रकैद’, पहली बार काटने पर लगेगी माइक्रोचिप!
प्रयागराज में तेज़ी बढ़ते डॉग बाइट मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब पहली बार किसी व्यक्ति को काटने वाले कुत्ते को 10 दिन के लिए ABC सेंटर में रखा जाएगा। दोबारा काटने पर कुत्ते को उम्रकैद की सजा मिलेगी।
Prayagraj News (photo: social media)
Prayagraj News: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के सड़क पर घूमने वाले आवारा कुत्तों (Stray Dog) के आक्रामक होने और इंसान को काटने के लगातार बढ़ते मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। शासन की ओर से फरमान जारी किया गया है कि किसी भी व्यक्ति को पहली बार काटने वाले कुत्ते को 10 दिनों के लिए ABC सेंटर में रखा जाएगा। इसके बाद उसके शरीर में एक माइक्रोचिप फिट करके उसे छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद यदि कुत्ते ने फिर से किसी इंसान को काटा तो कुत्ते को उम्रकैद की सजा होगी। उसे पूरे जीवन में (Animal Birth Control Centre) एबीसी सेंटर में बने शेल्टर हाउस में ही रखा जाएगा।
नगर निगम के पशुधन अधिकारी विजय अमृत राज ने बताया कि मुख्य सचिव नगर विकास की तरफ से सभी नगर निकायों के लिए यह बड़ा निर्देश जारी किया गया है। जिसे लागू किया जा रहा है। इस मामले में यदि कुत्ता दूसरी बार काटने की वारदात को अंजाम देता है, तो उसकी जांच तीन सदस्यीय समिति द्वारा की जाएगी। इसमें पशुपालन अधिकारी, स्थानीय निकाय प्रतिनिधि और SPCA सदस्य शामिल होंगे। समिति यह भी पता लगाएगी कि कहीं कुत्ते को उकसाकर तो हमला नहीं कराया गया। सबूत सामने आने के बाद ही कुत्ते को उम्रकैद की सजा मिलेगी।
कुत्ते काटने के बढ़ते मामले
प्रयागराज शहर में अवारा कुत्तों की संख्या 1 लाख 15,000 के ऊपर पहुंच गयी है। हर महीने कुत्ते काटने के 4,000 से ज़्यादा केस सामने आ चुके हैं। स्ट्रीट डॉग्स के कारण हर महीने सैकड़ों सड़क दुर्घटना के मामले भी सामने आ रहे हैं। पिछले सप्ताह बाइक सवार बैंक मैनेजर को एक स्ट्रीट डॉग ने अचानक दौड़ा लिया और भागने के दौरान वो नगर निगम की कूड़ा गाड़ी के नीचे आ गया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी। शहर में स्ट्रीट डॉग के तेज़ी से बढ़ती संख्या लोगों के लिए गंभीर चिंता का सबब रही है।
अवारा कुत्तों का वैक्सिनेशन शुरू
नगर निगम ने स्ट्रीट डॉग्स की बढ़ती जनसंख्या पर काबू पाने के लिए शहर में एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर तैयार कराया है। नगर निगम प्रयागराज के पशुधन एवं पशु कल्याण अधिकारी विजय अमृत राज के अनुसार शहर के शम्स नगर में 1 करोड़ 80 लाख रुपए इसके निर्माण कार्य में लगा है। इसमें कुत्तों की नसबंदी और वैक्सिनेशन किया जा रहा है। इसके अलावा एक और एनिमल बर्थ कंट्रोल सेंटर का निर्माण किया गया है, जिसकी लागत तकरीबन 4 करोड़ है। इसके लिए एक दर्जन से ज़्यादा स्वास्थ्य कर्मियों की टीम यहां तैनात की गई है जो रोज़ाना 2 दर्जन से ज़्यादा अवारा कुत्तों का वैक्सिनेशन करेगी।
लोगों में नहीं दिख रही सतर्कता
नगर निगम के अधिकारी विजय अमृत राज के मुताबिक, प्रशासन शहर में डॉग लवर्स को उनके डॉग को घुमाने टहलाने के लिए डॉग पार्क के ज़रिये से सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। साथ ही इनके चिन्हीकरण और लाइसेंसिंग के लिए अभियान शुरू कर दिया है। निगम ने पालतू कुत्तों के लिए रजिस्ट्रेशन पर 1,000 का और लाइसेंस रिनिवल के लिए 800 रूपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। पहली बार पालतू बिल्लियों को भी इसके दायरे में रखा गया। पालतू बिल्ली के लाइसेंस के लिए 400 का शुल्क तय किया गया है। इसके बाद भी लोग अपनी सक्रियता आगे आकर नहीं दिखा रहे हैं।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!