TRENDING TAGS :
Sonbhadra: जातीय समीकरण पर टिकट देना बीजेपी के लिए बनी गले की फांस, चौतरफा उठ रहे सवाल, दागे जा रहे सियासी तीर
Sonbhadra News: न्यायालय से दुद्धी विधायक रामदुलार गोंड को नाबालिग से दुष्कर्म मामले में 25 वर्ष कैद की सजा सुनाए जाने के बाद, अब विधायक के साथ ही, भाजपा पर भी चौतरफा सवाल उठाए जा रहे हैं।
Sonbhadra News (Pic:Newstrack)
Sonbhadra News: दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामले को न्यायालय में केस विचाराधीन होने के बावजूद, महज राजनीतिक समीकरण के आधार पर, दुद्धी विधानसभा में टिकट का निर्धारण करना अब सत्तापक्ष के लिए गले की फांस बन गया है। न्यायालय से दुद्धी विधायक रामदुलार गोंड को नाबालिग से दुष्कर्म मामले में 25 वर्ष कैद की सजा सुनाए जाने के बाद, अब विधायक के साथ ही, भाजपा पर भी चौतरफा सवाल उठाए जा रहे हैं। वहीं, विपक्षी दलों की तरफ से प्रकरण के साथ ही, विधायक को कारागार ले जाने के लिए की गई पुलिस वैन की स्पेशल व्यवस्था को लेकर भी खासे सियासी तीर दागे जा रहे हैं।
महज जातिगत समीकरण पर दिया टिकट, अब किरकिरी: हरिराम चेरो
2017 में दुद्धी विधानसभा सीट से एनडीए गठबंधन प्रत्याशी के रूप में अपना दल एस का विधायक निर्वाचित होने वाले तथा वर्ष 2022 में बसपा प्रत्याशी के रूप में चुनावी दांव आजमाने वाले हरिराम चेरो वर्ष 2022 में भाजपा की तरफ से टिकट दिए जाने के लिए गए फैसले पर निशाना साधते हुए कहते हैं कि भाजपा बडी पार्टी है। ऐसे लोगों को टिकट नहीं दिया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि टिकट के वक्त सिर्फ जातीय समीकरण के आधार पर टिकट दिए गए। अगर उसी समय बैक ग्राउंड देख लिया गया होता तो आज ऐसी नौबत नहीं आती।
पीड़ितों के लिए संजीवनी है न्यायालय का फैसला: अविनाश कुशवाहा
सपा के पूर्व विधायक-प्रवक्ता अविनाश कुशवाहा ने कहा कि न्यायालय के इस फैसले ने सत्ता के मद में रहने वाले नेताओं को कानून का पाठ पढ़ाने के साथ ही नैतिकता की सीख दी है। यह फैसला जिले के साथ पूरे देश के शोषित-पीड़ितों के लिए संजीवनी है। न्यायपालिका ने एक बार फिर से जनता को भरोसा दिलाया है कि न्याय सभी के लिए बराबर है। चाहे कोई सत्ता के शीर्ष पर ही क्यों न बैठा हो। पास्को और बलात्कार के आरोपी को टिकट देने के फैसले पर भी उन्होंने सवाल उठाया। कहा कि सत्तापक्ष की तरफ से अभी भी आपराधिक प्रवृत्ति के लोग माननीय बने हुए हैं। किसी भी राजनैतिक दल को ऐसे लोगों को टिकट दिए जाने से परहेज करने की जरूरत है।
दुष्कर्म के आरोपी को कैसे दिया गया टिकट, हो विचारः विजय विनीत
समाजिक कार्यकर्ता विजय विनीत ने प्रकरण को लेकर सत्तापक्ष पर बड़ा हमला बोला है। जारी बयान में कहा कि जब भाजपा के लोग यह जानते थे इनके ऊपर गंभीर आपराधिक मामला है तो फिर उनका नाम विधानसभा चुनाव के लिए कैसे प्रस्तावित किया गया। क्या इसके पीछे ना समझी थी या कुछ और...। आज इस मामले को लेकर पूरे देश में विपक्ष, भाजपा पर हमलावर है।
तर्क दिया जा रहा है कि जो भाजपा महिला सुरक्षा, महिला आत्म सम्मान की पूर्ण पक्षधर होने का दावा करती है, उसी के विधायक को दुष्कर्म के मामले में किसी अदालत से अब तक की सबसे लंबी सजा मिली है। कहा कि भाजपा को इस पर इस पर मंथन करने की जरूरत है। खासकर दूसरे दलों के लोग, जो जनता का झुकाव देखकर, येन-केन प्रकारेण भाजपा का दामन थामने में लगे हुए हैं, उन पर रोक लगाने की जरूरत है।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!


