Lucknow News : UPSTDC ने प्रदेश के 5 ऐतिहासिक स्थलों को लेकर लांच किया विशेष पैकेज: जानें क्या है खास

विश्व धरोहर दिवस पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड की ओर से राज्य के पांच प्रमुख ऐतिहासिक शहरों जिनमें वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और आगरा में विशेष हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा।

Virat Sharma
Published on: 16 April 2025 8:57 PM IST
Lucknow News
X

Lucknow News: Photo-Social Media

Lucknow News: 18 अप्रैल को विश्व धरोहर दिवस पर उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड की ओर से राज्य के पांच प्रमुख ऐतिहासिक शहरों जिनमें वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, झांसी और आगरा में विशेष हेरिटेज वॉक का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में जानकारी देते हुए राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य आम नागरिकों, खासकर युवाओं को प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है।

पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि हेरिटेज वॉक के जरिए प्रतिभागियों को इन शहरों की गौरवशाली विरासत, स्थापत्य कला और सांस्कृतिक महत्व से परिचित कराया जाएगा। इस आयोजन में स्थानीय गाइड, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और पारंपरिक व्यंजनों का समावेश किया गया है। सरकार का उद्देश्य इन कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यटन को बढ़ावा देना है, साथ ही धरोहर स्थलों के संरक्षण और जागरूकता को भी मजबूती देना है।

इन हेरिटेज वॉक्स का होगा संचालन

जयवीर सिंह ने बताया कि 18 अप्रैल को यूपीएसटीडीसी की अपटूअर्स ट्रैवल डिवीजन द्वारा इन हेरिटेज वॉक्स का संचालन किया जाएगा। इस दौरान विशेष रूप से प्रशिक्षित गाइड प्रतिभागियों को ऐतिहासिक स्थलों की समृद्ध जानकारी देंगे। पर्यटक सिर्फ ऐतिहासिक धरोहरों का ही अनुभव नहीं लेंगे, बल्कि स्थानीय लोक कला, संस्कृति, हस्तशिल्प, और पारंपरिक व्यंजनों की विविधता से भी रूबरू होंगे।

इस कार्यक्रम के लिए हर शहर के अनुसार विशेष पैकेज तैयार किए गए हैं। प्रतिभागियों को ट्रांसपोर्ट, गाइड सेवा, प्रवेश शुल्क और नाश्ता जैसी सुविधाएं दी जाएंगी। हर वॉक लगभग ढाई से तीन घंटे की होगी। पैकेज शुल्क इस प्रकार निर्धारित किए गए हैं।

आगरा – 899 रूपए प्रति पर्यटक

वाराणसी – 475 रूपए प्रति पर्यटक

झांसी – 850 रूपए प्रति पर्यटक

प्रयागराज – 500 रूपए प्रति पर्यटक

लखनऊ – 800 रूपए प्रति पर्यटक

सभी शुल्क में जीएसटी शामिल है। इच्छुक पर्यटक इन पैकेज की बुकिंग यूपीएसटीडीसी की वेबसाइट www.upstdc.co.in पर जाकर कर सकते हैं।

जयवीर सिंह ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश आज घरेलू पर्यटन के क्षेत्र में देशभर में पहले स्थान पर है। विदेशी पर्यटकों को भी आकर्षित करने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। पर्यटन स्थलों के साथ-साथ पर्यटक सुविधाओं का भी लगातार विकास किया जा रहा है, ताकि ज्यादा से ज्यादा सैलानी प्रदेश की विविधताओं का आनंद ले सकें।

Virat Sharma

Virat Sharma

Lucknow Reporter

Lucknow Reporter

Next Story