TRENDING TAGS :
Sanya Panda ECOSOC Conference: भारतीय छात्रा सान्या पांडा ने UN मंच पर युवाओं से पर्यावरण रक्षा का आह्वान किया
Sanya Panda ECOSOC Conference: 15 से 17 अप्रैल तक चले इस सम्मेलन में, पर्यावरण विज्ञान में मास्टर्स कर रहीं सान्या ने UN यूथ फोरम के एक कार्यक्रम में बोलते हुए यह बात कही।
Sanya Panda ECOSOC Conference: संयुक्त राष्ट्र (UN) के मुख्यालय में आयोजित तीन दिवसीय ECOSOC कॉन्फ्रेंस में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहीं यूनिवर्सिटी ऑफ मैनचेस्टर की छात्रा सान्या पांडा ने वैश्विक स्तर पर युवाओं से पर्यावरण और प्रकृति की रक्षा के लिए आगे आने का आग्रह किया। 15 से 17 अप्रैल तक चले इस सम्मेलन में, पर्यावरण विज्ञान में मास्टर्स कर रहीं सान्या ने UN यूथ फोरम के एक कार्यक्रम में बोलते हुए यह बात कही।
अपने संबोधन में सान्या ने भारत में युवाओं द्वारा चलाए जा रहे विभिन्न सफाई अभियानों का उल्लेख किया। उन्होंने लखनऊ में गोमती नदी से युवाओं द्वारा कई टन प्लास्टिक कचरा निकाले जाने का उदाहरण दिया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि युवा पीढ़ी पर्यावरण के प्रति कितनी जागरूक और सक्रिय है।
सान्या पांडा STEM (विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित) शिक्षा नीतियों की प्रबल समर्थक हैं। उन्होंने स्वयं कई कार्यशालाओं में भाग लेकर शिक्षकों को इस प्रकार की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया है।
अपने भाषण के अंत में सान्या ने परमाणु ऊर्जा के सकारात्मक उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि परमाणु ऊर्जा एक महत्वपूर्ण ऊर्जा स्रोत हो सकता है, लेकिन इसके कचरे का सुरक्षित और वैज्ञानिक तरीके से निपटान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उनकी इन बातों को मंच पर उपस्थित विशेषज्ञों और प्रतिनिधियों ने काफी सराहा।
सान्या पांडा इंटरनेशनल यूथ कंसर्न्ड सोसाइटी (IYCS) की ग्लोबल एडवाइजर भी हैं, जिसका संचालन अर्णव श्रेयस और प्रतोश तिवारी द्वारा किया जाता है। इसके अतिरिक्त, वह इंडियन डेवलेपमेंट फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे STEM कार्यक्रम की सोशल एंबेसडर भी हैं। उनका मानना है कि विभिन्न संगठन और सरकारें मिलकर सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं।