Father's Day 2025: इस फादर्स डे उन्हें सिर्फ गिफ्ट नहीं, अपनी परवाह भी दिखाइए, करवाएं ये जांच

Father's Day 2025: कई बार गंभीर बीमारियां बिना लक्षणों के धीरे-धीरे शरीर में बढ़ती जाती हैं और जब तक पता चलता है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है।

Ragini Sinha
Published on: 15 Jun 2025 7:00 AM IST (Updated on: 15 Jun 2025 7:25 AM IST)
Fathers Day Gift 2025
X

Father's Day Gift 2025 (Social media)

Father's Day Gift 2025: पापा जो जिम्मेदारी, हिम्मत और निस्वार्थ प्रेम का प्रतीक है। वह न कभी थकान की शिकायत करते हैं, न ही अपनी तकलीफों का जिक्र करते हैं। कई बार गंभीर बीमारियां बिना लक्षणों के धीरे-धीरे शरीर में बढ़ती जाती हैं और जब तक पता चलता है, तब तक बहुत देर हो चुकी होती है। इसी वजह से, खासकर 40 की उम्र के बाद, नियमित हेल्थ चेकअप बेहद जरूरी हो जाते हैं।

इस फादर्स डे पर क्यों न इस बार उन्हें एक ऐसा तोहफा दें, जो उनकी जिंदगी को लंबा और सेहतमंद बना सके। डॉ. के अनुसार कुछ बेसिक जांचें ऐसे रोगों का पता लगाने में मदद कर सकती हैं, जो शुरू में बिल्कुल भी लक्षण नहीं देते, लेकिन समय पर पकड़ में आने पर पूरी तरह कंट्रोल किए जा सकते हैं।


हर पिता के लिए जरूरी कुछ बेसिक टेस्ट

  • ब्लड शुगर और HbA1c टेस्ट: डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है जो धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाती है और शुरू में इसके कोई लक्षण नहीं दिखते। HbA1c टेस्ट पिछले 3 महीनों की औसत शुगर लेवल की जानकारी देता है, जिससे डायबिटीज का शुरुआती पता लगाया जा सकता है।
  • लिपिड प्रोफाइल: यह टेस्ट शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर (LDL, HDL, ट्राइग्लिसराइड्स) की जांच करता है, जिससे हृदय रोगों का खतरा आंका जा सकता है।
  • किडनी फंक्शन टेस्ट (KFT): डायबिटीज और हाई बीपी जैसी स्थितियां किडनी को नुकसान पहुंचा सकती हैं। यह टेस्ट क्रिएटिनिन, यूरिया और इलेक्ट्रोलाइट्स की जांच कर किडनी की सेहत का पता लगाता है।
  • लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT): शहरी जीवनशैली के कारण फैटी लिवर जैसी बीमारियां आम हो रही हैं। यह टेस्ट लिवर में सूजन या किसी तरह की समस्या का पता लगाने में मदद करता है।
  • थायरॉइड टेस्ट (TFT): थायरॉइड का असंतुलन शरीर की एनर्जी, मूड और वजन पर असर डाल सकता है। TSH, T3 और T4 की जांच से थायरॉइड से जुड़ी समस्याएं जल्दी पकड़ में आ सकती हैं।
  • आयरन, विटामिन B12 और विटामिन D टेस्ट: अधिकतर कामकाजी पुरुषों में ये कमी आम होती है, जिससे थकान, एकाग्रता की कमी और हड्डियों में दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
  • सीबीसी (Complete Blood Count): यह टेस्ट शरीर में खून की गुणवत्ता और किसी संभावित इंफेक्शन या एनीमिया की जानकारी देता है।

40 की उम्र के बाद जरूरी जांचें

  • एब्डोमिनल अल्ट्रासाउंड: फैटी लिवर, गॉलब्लैडर स्टोन, किडनी स्टोन या प्रोस्टेट का बढ़ना, ये सभी समस्याएं बिना किसी लक्षण के होती हैं, लेकिन समय पर पकड़ ली जाएं तो इलाज आसान होता है।
  • टीएमटी (Treadmill Test): दिल की बीमारी का पता लगाने के लिए यह टेस्ट तब भी किया जाता है जब कोई लक्षण ना हो। यह हृदय की एक्सरसाइज के दौरान प्रतिक्रिया को बताता है।
  • hsCRP और होमोसिस्टीन: ये दोनों टेस्ट दिल की सूजन और ब्लॉकेज के जोखिम को पहचानने में मदद करते हैं।
  • पीएसए टेस्ट (Prostate Specific Antigen): 40 की उम्र के बाद प्रोस्टेट कैंसर की जांच के लिए यह टेस्ट जरूरी है, खासकर जिनके परिवार में किसी को पहले यह बीमारी हो चुकी हो।
  • स्टूल ओकल्ट ब्लड टेस्ट: यह मल में छुपे हुए खून का पता लगाता है, जो कोलन कैंसर का शुरुआती संकेत हो सकता है।

इस फादर्स डे पर चलिए कुछ अलग करें। अपने पापा को यह एहसास दिलाएं कि वो आपके लिए कितने जरूरी हैं और उनकी सेहत आपकी प्राथमिकता है। समय रहते करवाए गए ये हेल्थ चेकअप उनके जीवन को न केवल लंबा बना सकते हैं बल्कि उन्हें एक स्वस्थ और सक्रिय जिंदगी भी दे सकते हैं।

यह लेख सामान्य जानकारी के उद्देश्य से है। किसी भी जांच या दवा की शुरुआत से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें।

1 / 3
Your Score0/ 3
Ragini Sinha

Ragini Sinha

Mail ID - [email protected]

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!