TRENDING TAGS :
UP: सीएम योगी से मिलने के बाद कपिल देव ने पूर्व मुख्यमंत्री के काम की तारीफ की, गदगद हुए अखिलेश
UP News: कपिल देव ने कहा जिस प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर है, वह प्रदेश सबसे अच्छा होता है।
Kapil Dev in UP: भारत को साल 1983 में पहला क्रिकेट विश्व कप जिताने वाले पूर्व कप्तान कपिल देव ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उन्होंने उत्तर प्रदेश में हो रहे बदलावों की तारीफ करते हुए एक बयान दिया, जो अब चर्चा में है।
कपिल देव ने कहा, बहुत अच्छा लग रहा है और हम उत्तर प्रदेश को बदलते हुए देख रहे हैं। जिस प्रदेश में कानून व्यवस्था बेहतर है, वह प्रदेश सबसे अच्छा होता है। कपिल देव लखनऊ स्थित यूपी पुलिस मुख्यालय का दौरा करने पहुंचे थे। इस दौरान पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार भी उनके साथ मौजूद थे। उन्होंने पुलिस मुख्यालय की सराहना करते हुए कहा, मैं डीजीपी साहब की बहुत तारीफ कर रहा था। ये ऑफिस तो कॉर्पोरेट दफ्तर से भी बड़ा और बेहतर लग रहा है। इतनी अच्छी सुविधा और क्या चाहिए।
अखिलेश यादव ने जताई खुशी
कपिल देव के इस बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि सपा के समय लखनऊ में बने वर्ल्ड क्लास पुलिस मुख्यालय की महान क्रिकेटर कपिल देव जी जैसे अच्छे और सच्चे लोगों से मिली सराहना हमारा उत्साह बढ़ाती है। बड़ी सोच से प्राप्त हुई उपलब्धि का मोल और मान वही समझ सकता है, जिसने स्वयं बड़ी उपलब्धि पायी हो। सपा का काम, दुनिया में मान!
महाकुंभ की भी की तारीफ
इस मौके पर कपिल देव ने इस साल फरवरी में आयोजित महाकुंभ की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इतने अच्छे इंतजाम थे कि 60 करोड़ लोग आए। आज के उत्तर प्रदेश और पहले के उत्तर प्रदेश में काफी अंतर है। अब बहुत बदलाव आ गया है।
कपिल देव के इस बयान ने उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आधारभूत संरचनाओं को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं को नई दिशा दे दी है। साथ ही सपा और भाजपा दोनों को अपने-अपने शासनकाल की उपलब्धियों को सामने लाने का अवसर भी।
पुलिस मुख्यालय है आलीशान बिल्डिंग
उत्तर प्रदेश पुलिस का नया मुख्यालय अखिलेश यादव की सरकार ने बनाया था, लेकिन उद्घाटन भाजपा सरकार के सीएम योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2019 में किया थी। ये बिल्डिंग किसी पांच सितारा होटल से कम नहीं है। इस भवन के निर्माण पर करीब 816.31 करोड़ रुपये की लागत आई थी। यह इमारत न सिर्फ तकनीक के लिहाज से उन्नत है, बल्कि इसके डिजाइन में भी कई खास बातें हैं। इस भव्य मुख्यालय को चार टावरों में बांटा गया है, जिसमें डीजीपी (पुलिस महानिदेशक) सहित पुलिस की 18 विभिन्न इकाइयों के कार्यालय शामिल हैं। यानी राज्य की पूरी पुलिस व्यवस्था को अब एक ही छत के नीचे लाया गया है।
इमारत में क्या-क्या सुविधाएं हैं?
इस इमारत में एक बड़ा ऑडिटोरियम, कैफेटेरिया, पुलिस के इतिहास को दिखाने वाला संग्रहालय, 18 अत्याधुनिक लिफ्ट, पैंट्री, और सैकड़ों एचडी सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के लिए हर कोना निगरानी में रखा गया है। इतना ही नहीं, इस इमारत की छत पर हेलीकॉप्टर लैंडिंग की सुविधा भी दी गई है। इसका उद्देश्य किसी भी आपातकालीन स्थिति में तेज़ राहत और बचाव कार्य को अंजाम देना है। खासकर प्राकृतिक आपदाओं या बड़ी घटनाओं के समय यह सुविधा बेहद उपयोगी होगी।
इस इमारत में यूपी पुलिस के सभी विभागों के कार्यालय स्थापित किए गए हैं, जिससे समन्वय बेहतर होता है, जनता से जुड़ी शिकायतों व समस्याओं का तेजी से समाधान किया जाता है। पहले पुलिस के कई विभाग अलग-अलग जगहों पर स्थित थे, जिससे कामकाज में समय लगता था। अब एक ही जगह पर सभी इकाइयों के होने से प्रशासनिक काम बेहतर ढंग से हो रहे हैं।
Start Quiz
This Quiz helps us to increase our knowledge