खेल से पैदा होता है सौहार्द और समन्वय : सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने सांसद खेल महोत्सव में युवाओं को दी

मोहनलालगंज संसदीय क्षेत्र में आयोजित विराट सांसद खेल महोत्सव में बोले पूर्व डिप्टी सीएम — प्रधानमंत्री मोदी की पहल से खेलों के प्रति जगी नई ऊर्जा, अब विश्व मंच पर चमक रहा भारत का नाम

Newstrack Desk
Published on: 3 Nov 2025 6:48 PM IST
खेल से पैदा होता है सौहार्द और समन्वय : सांसद डॉ. दिनेश शर्मा ने सांसद खेल महोत्सव में युवाओं को दी
X

Lucknow News: राज्यसभा सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि सौहार्द, समन्वय और समाज में सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम है। वे मोहनलालगंज संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत सरोजिनी नगर विधानसभा में आयोजित विराट सांसद खेल महोत्सव में भारी संख्या में उपस्थित युवा खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे।

डॉ. शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सांसद खेल प्रतियोगिता की शुरुआत कर पूरे देश में खेलों के प्रति अभूतपूर्व उत्साह का वातावरण तैयार किया है। गांव-गांव और शहर-शहर से निकल रही नई खेल प्रतिभाएँ आज राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का परचम लहरा रही हैं। प्रधानमंत्री की प्रेरणा ने युवा खिलाड़ियों को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि अब ओलंपिक, एशियाई और राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के खिलाड़ी लगातार पदक जीत रहे हैं। यह परिवर्तन प्रधानमंत्री की दूरदृष्टि और केंद्र सरकार की नीतियों का परिणाम है। इस दिशा में केंद्रीय खेल मंत्री श्री मनसुख मांडविया की भूमिका भी सराहनीय है। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य स्तर पर खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर खेलों के प्रति आकर्षण को और बढ़ाया है।


डॉ. शर्मा ने कहा कि खेल समाज में जाति और धर्म की दीवारों को तोड़ता है। हार-जीत खेल का स्वाभाविक हिस्सा है, इसलिए खिलाड़ियों को निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। आज खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि जीवन का अभिन्न अंग बन गया है। उन्होंने कहा कि अब “खेलोगे कूदोगे बनोगे महान” की कहावत सार्थक हो रही है। खेलों के माध्यम से युवा न केवल देश का झंडा बुलंद कर रहे हैं, बल्कि उन्हें रोजगार और व्यावसायिक अवसर भी प्राप्त हो रहे हैं। खेल अब करियर निर्माण और राष्ट्रीय गौरव दोनों का साधन बन चुके हैं।


डॉ. शर्मा ने सरोजिनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने विधायक की परिभाषा ही बदल दी है। विकास और सेवा के क्षेत्र में उन्होंने सरोजिनी नगर को एक मॉडल विधानसभा के रूप में स्थापित किया है। अपने संबोधन में डॉ. राजेश्वर सिंह ने विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी और इसे नारी सशक्तिकरण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के समानांतर खड़ी हैं और देश को गौरवान्वित कर रही हैं। उन्होंने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “AAP” की कार्यशैली हमेशा से अलोकतांत्रिक रही है, और जनता अब इसे अच्छी तरह समझ चुकी है। दिल्ली से इनका सफाया हो चुका है, अगली बारी पंजाब की है।


कार्यक्रम में विभिन्न खेलों के विजेता खिलाड़ियों को डॉ. दिनेश शर्मा द्वारा पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर आयोजन समिति, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम में सरोजिनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, पूर्व राज्य मंत्री वीरेंद्र तिवारी, सहकारी बैंक अध्यक्ष वीरेंद्र प्रताप सिंह, शिक्षाविद मनीष सिंह, पार्षद सौरभ सिंह मोनू, डॉ. संजय चतुर्वेदी, राजेश सिंह चौहान, शंकरी सिंह, पार्षद कौशलेंद्र द्विवेदी, संजीव अवस्थी, बृजमोहन शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज रावत, मंडल अध्यक्ष विनोद मौर्या, के. के. श्रीवास्तव, विवेक राजपूत, पूर्व पार्षद राजन मिश्रा, सहसंयोजक शैलेंद्र सिंह, श्री सुमन सिंह, के. एन. सिंह और युवा भाजपा नेता श्री अभय दीक्षित सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

1 / 5
Your Score0/ 5
Ramkrishna Vajpei

Ramkrishna Vajpei

Mail ID - [email protected]

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!