प्रेगनेंसी में इन चीजों से रहें दूर, मां और बच्चे दोनों की सेहत के लिए जानिए पूरा डाइट प्लान

Pregnancy Diet: गर्भावस्था में सही आहार और जीवनशैली बच्चे के स्वस्थ विकास के लिए जरूरी हैं। जानें क्या खाएं और क्या बचाएं इस खास समय में।

Akriti Pandey
Published on: 15 Oct 2025 6:00 AM IST
Pregnancy Diet
X

Pregnancy Diet

Pregnancy Diet: गर्भावस्था महिला के जीवन का एक बेहद खूबसूरत और संवेदनशील समय होता है। इस दौरान मां का हर एक कदम, हर एक भोजन और हर एक आदत आने वाले बच्चे के स्वास्थ्य और विकास को प्रभावित करती है। इसलिए इस अवधि में खान-पान और जीवनशैली पर विशेष ध्यान देना बेहद जरूरी होता है। सही पोषण और संतुलित आहार न सिर्फ मां को स्वस्थ रखता है, बल्कि बच्चे के सही विकास की नींव भी मजबूत करता है।

पौष्टिक आहार का महत्व

गर्भवती महिला के लिए रोजाना पौष्टिक आहार लेना अत्यंत आवश्यक होता है। दूध और दही जैसे डेयरी उत्पादों का सेवन जरूर करना चाहिए क्योंकि इनमें कैल्शियम और प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है। ये पोषक तत्व बच्चे की हड्डियों और दांतों के विकास के लिए बहुत जरूरी हैं। इसके साथ ही, ये मां की हड्डियों को भी मजबूत बनाते हैं।

फल और हरी सब्जियां

मौसमी फल और हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, मेथी, बथुआ आदि खाने से शरीर को आयरन और फोलिक एसिड मिलता है। ये दोनों पोषक तत्व गर्भवती महिला में खून की कमी को दूर रखने में मदद करते हैं और बच्चे के मस्तिष्क (ब्रेन) के सही विकास के लिए आवश्यक होते हैं। आयरन की कमी से मां में कमजोरी, थकान और अनिद्रा जैसी समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए इसे पूरा करना बेहद जरूरी है।

साबुत अनाज

गर्भावस्था के दौरान शरीर को पर्याप्त ऊर्जा की जरूरत होती है। इस ऊर्जा की पूर्ति के लिए साबुत अनाज जैसे गेहूं, चावल और दालें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ये शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देते हैं और भूख को संतुलित रखते हैं। इसके साथ ही गुड़ जैसे प्राकृतिक स्वीटनर का सेवन भी लाभकारी होता है क्योंकि यह आयरन की मात्रा बढ़ाता है और शरीर को गर्माहट प्रदान करता है।

सूखे मेवे

बादाम, अखरोट, किशमिश, खजूर जैसे सूखे मेवे गर्भवती महिला के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं। ये न केवल शरीर को ताकत देते हैं, बल्कि मां और बच्चे दोनों की इम्युनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) को मजबूत करते हैं। इनका नियमित सेवन गर्भावस्था की कई समस्याओं से बचाता है और शरीर को आवश्यक पोषक तत्व प्रदान करता है।

क्या नहीं खाना चाहिए?

गर्भावस्था में खाने-पीने के प्रति सावधानी बरतना जरूरी होता है। बासी या खराब खाना, अत्यधिक तला-भुना और मसालेदार भोजन पाचन को खराब कर सकता है और कई बार एसिडिटी, गैस और पेट दर्द जैसी समस्याएं उत्पन्न कर सकता है। इसके अलावा बहुत ज्यादा खट्टा, नमकीन या भारी भोजन भी शरीर पर बोझ डालता है और इससे मां को असहजता हो सकती है। चाय, कॉफी और कोल्ड ड्रिंक जैसे पेय पदार्थों का सेवन सीमित मात्रा में ही करें क्योंकि इनका अधिक सेवन बच्चे की सेहत पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।

खाने की आदतें

गर्भावस्था के दौरान थोड़ा-थोड़ा और बार-बार भोजन करना सबसे अच्छा माना जाता है। खाने को धीरे-धीरे, ध्यान से और आराम से खाना चाहिए ताकि पाचन बेहतर हो सके और शरीर को सभी आवश्यक पोषक तत्व मिल सकें। इसके साथ ही रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है ताकि शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) न हो और रक्त संचार सही बना रहे।

स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं

सिर्फ सही भोजन ही नहीं, बल्कि गर्भावस्था के दौरान एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाना भी बहुत जरूरी है। नियमित नींद लेना, सकारात्मक सोच बनाए रखना, और शरीर को हल्का-फुल्का व्यायाम देना जैसे सुबह की वॉक करना, नित्य दिनचर्या में शामिल होना चाहिए। समय पर सोना और उठना, सही समय पर भोजन करना गर्भवती महिला के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए लाभकारी होता है।

Disclaimer: यह खबर आपको केवल जागरूक करने के मकसद से लिखी गई है। हमने इसको लिखने में सामान्य जानकारियों की मदद ली है। NEWSTRACK इस आर्टिकल में दी गई किसी भी जानकारी की सत्यता इसकी पुष्टि नहीं करता है।

1 / 5
Your Score0/ 5
Akriti Pandey

Akriti Pandey

Mail ID - [email protected]

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!