TRENDING TAGS :
9 महीने से बेजान पड़ी हिमाचल कांग्रेस में खलबली! सुक्खू-प्रतिभा-सोनिया तक दिल्ली तलब, अध्यक्ष और मंत्री पद पर बड़ा फैसला संभव
Himachal Congress: बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा होगी, इसको लेकर पार्टी सूत्रों का कहना है कि कई अहम विषय एजेंडे में शामिल हैं।
Himachal Congress
Himachal Congress: कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से संगठन के बिना चल रही है, लेकिन अब जल्द ही बदलाव की उम्मीद है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को प्रदेश के बड़े नेताओं को दिल्ली बुलाया है। इस बैठक में मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू के साथ-साथ दूसरे वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इसमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रह सकते हैं।
9 महीने से संगठन विहीन है हिमाचल कांग्रेस
पिछले साल 6 नवंबर को कांग्रेस हाईकमान ने राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर की सभी कार्यकारिणियां भंग कर दी थीं। तब से पार्टी का कोई ठोस ढांचा नहीं है और राजनीतिक गतिविधियां भी रुकी हुई हैं। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित कई नेताओं ने संगठन गठन की मांग की थी। अब जाकर हाईकमान ने इस पर गंभीरता दिखाई है।
बैठक में इन अहम मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
बैठक में किन मुद्दों पर चर्चा होगी, इसको लेकर पार्टी सूत्रों का कहना है कि कई अहम विषय एजेंडे में शामिल हैं। सबसे बड़ा मुद्दा प्रदेश कांग्रेस के नए संगठन और अध्यक्ष की नियुक्ति का है, क्योंकि बीते 9 महीने से पार्टी बिना संगठन के चल रही है। इसके अलावा, सुक्खू सरकार के कैबिनेट विस्तार को लेकर भी चर्चा हो सकती है, क्योंकि अभी एक मंत्री पद खाली है। साथ ही, राज्य के छह बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा, सुक्खू सरकार ने लगभग पौने तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लिया है, ऐसे में सरकार की अब तक की उपलब्धियों को लेकर भी बैठक में रणनीति बनाई जा सकती है।
मंत्री बनने की दौड़ में ये नाम आगे
सुक्खू सरकार की कैबिनेट में अभी एक मंत्री पद खाली है, जिसे भरने को लेकर पार्टी के अंदर चर्चा तेज हो गई है। इस पद के लिए तीन नेताओं के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। इनमें कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर, ज्वालाजी से विधायक संजय रत्न और पालमपुर से विधायक आशीष बुटेल शामिल हैं। अब देखना यह होगा कि हाईकमान किसे इस पद की जिम्मेदारी सौंपता है।
प्रदेश अध्यक्ष पद की रेस में कौन आगे?
हिमाचल कांग्रेस के नए प्रदेश अध्यक्ष के चयन को लेकर पार्टी में हलचल तेज हो गई है। अध्यक्ष पद की दौड़ में कुल छह नेताओं के नाम चर्चा में हैं। इनमें मंत्री अनिरुद्ध सिंह, विधायक कुलदीप राठौर और संजय अवस्थी प्रमुख चेहरे हैं। वहीं अगर पार्टी अनुसूचित जाति वर्ग से अध्यक्ष बनाने का फैसला करती है, तो विनय कुमार, विनोद सुल्तानपुरी और सुरेश कुमार की दावेदारी सामने आ सकती है। मौजूदा हालात में विनय कुमार को सबसे मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
दिल्ली में जुटेंगे प्रदेश के वरिष्ठ नेता
इस अहम बैठक में हिस्सा लेने के लिए कांग्रेस हाईकमान ने हिमाचल के कई दिग्गज नेताओं को दिल्ली तलब किया है। इनमें मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, कृषि मंत्री चंद्र कुमार, स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल, उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर शामिल हैं। इनके अलावा प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल और दोनों सह प्रभारी चेतन चौहान व विदित चौधरी भी बैठक में मौजूद रहेंगे।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!