TRENDING TAGS :
'I Love Muhammad' पर महाराष्ट्र में भी छिड़ी जंग, पुलिस का जबरदस्त लाठीचार्ज, जानें क्या है मामला
उत्तर प्रदेश से शुरू हुआ 'आई लव मुहम्मद' विवाद अब महाराष्ट्र के अहिल्यानगर पहुंच गया है। रंगोली पर लिखे नारे से मचा बवाल, हिंसक प्रदर्शन और पुलिस लाठीचार्ज के बाद इलाके में तनाव फैला।
I Love Muhammad controversy: उत्तर प्रदेश से उठा 'आई लव मुहम्मद' अभियान का विवाद अब महाराष्ट्र के अहिल्यानगर तक पहुँच गया है, जिससे त्योहारों के इस माहौल में अचानक तनाव फैल गया। शहर के मिलीवाडा इलाके में नवरात्रि के दौरान बनाई गई एक रंगोली पर 'I Love Muhammad' लिखे होने को लेकर जबरदस्त बवाल खड़ा हो गया। रविवार रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने यह रंगोली बनाई थी, लेकिन आज सुबह इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही मामला गरमा गया। मुस्लिम समुदाय के युवक बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए और उनका प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक हो गया। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को आखिरकार हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा।
सुबह 7 बजे शुरू हुआ हंगामा: रंगोली पर बवाल
यह घटना आज सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई। स्थानीय लोगों ने जब रंगोली पर यह धार्मिक नारा लिखा देखा, तो माहौल बिगड़ने लगा। नाराज़ मुस्लिम समुदाय के लोग तत्काल तोफखाना थाना पहुँचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए तेजी से कार्रवाई की। रंगोली बनाने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया।
हालांकि, प्रदर्शनकारी इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हुए। उन्होंने तोफखाना थाना इलाके के कोटला में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। लगभग आधे घंटे तक जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की, तो भीड़ और उग्र हो गई और पथराव शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस को मजबूरी में हल्का लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसके बाद भीड़ तितर-बितर हुई और इलाके में अब शांति बनी हुई है।
महाराष्ट्र में कैसे पहुंची 'कानपुर' वाली आग?
अहिल्यानगर में उपजा यह विवाद देश में चल रहे एक बड़े घटनाक्रम से जुड़ा है। यह विवाद सबसे पहले 9 सितंबर को उत्तर प्रदेश के कानपुर में बारावफात जुलूस के दौरान भड़का था। तब कानपुर पुलिस ने सार्वजनिक स्थानों पर 'आई लव मोहम्मद' लिखे पोस्टर लगाने के आरोप में 9 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।
मुस्लिम संगठनों के इस कदम पर हिंदू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे एक 'नया चलन' और जानबूझकर उकसाने वाला कदम करार दिया था। इसके बाद, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भी सोशल मीडिया पर बयान दिया था कि 'आई लव मोहम्मद' कहना कोई अपराध नहीं है, जिसके बाद इस विवाद ने और अधिक तूल पकड़ लिया था। अब यही विवाद महाराष्ट्र के अहिल्यानगर में नवरात्रि के दौरान हुए प्रदर्शन में भी दिख रहा है। अहिल्यानगर पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज करके 30 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और हालात अब पूरी तरह काबू में हैं।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!