TRENDING TAGS :
भारत में दिखा UFO! गोल तश्तरी से बना त्रिकोण फिर सीधी रेखा बन हुआ था गायब, आज वर्ल्ड UFO डे पर जाने एलियंस की रहस्यमयी कहानियां और वैज्ञानिक नजरिया
World UFO Day 2025: क्या वाकई एलियंस हैं हमारे आस-पास?क्या वो हमसे संपर्क करना चाहते हैं? आज आज वर्ल्ड UFO डे पर जानिए एलियंस और UFO की रहस्यमयी कहानियां
World UFO Day 2025
World UFO Day 2025: एलियंस और UFO यानी अनआइडेंटीफाईड फ्लाइंग ऑब्जेक्ट्स (Unidentified Flying Object) की रहस्मयी दुनिया से जुड़ी बातें तो आपने खूब सुनी होंगी। पर क्या आपको पता है कि हर साल 2 जुलाई को ‘वर्ल्ड यूएफओ डे’ (World UFO Day 2025) मनाया जाता है। यह दिन उन अनसुलझे सवालों को लेकर लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए समर्पित है, जो वर्षों से वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और आम लोगों के मन में घूमते रहे हैं कि क्या हम इस ब्रह्मांड में अकेले हैं? क्या एलियंस वास्तव में मौजूद हैं?
यूएफओ क्या होता है? (What is UFO?)
सबसे पहले जानते हैं कि आखिर ये UFO होता किया है। दरअसल, यूएफओ (UFO) का मतलब होता है Unidentified Flying Object यानी ऐसी उड़ती हुई वस्तु जिसे पहचाना पाना मुश्किल होता है। यह कोई विमान, सैटेलाइट, ड्रोन या उल्का भी हो सकता है, लेकिन जब कोई भी वैज्ञानिक या प्रशासनिक संस्था उसे पहचानने में असमर्थ हो जाती है, तब उसे यूएफओ की श्रेणी में रखा जाता है।
वर्ल्ड यूएफओ डे क्यों मनाया जाता है? (World UFO Day 2025)
यह दिन 1947 में अमेरिका के रोसवेल (Roswell) शहर में हुई एक रहस्यमयी घटना की याद में मनाया जाता है। अमेरिका के रोसवेल में एक "फ्लाइंग सॉसर" यानी उड़नतश्तरी के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर आई थी। हालांकि अमेरिकी सरकार ने इसे एक "मौसम बैलून" बताया, लेकिन उस दिन से यह घटना यूएफओ और एलियन की बहस की शुरुआत बन गई।
एलियंस और यूएफओ की कुछ रहस्यमयी सच्ची घटनाएं
1. रोसवेल घटना,अमेरिका
जुलाई 1947 में अमेरिका के न्यू मैक्सिको राज्य के रोसवेल शहर में एक रहस्यमयी वस्तु के गिरने की खबर आई थी। स्थानीय अखबारों ने इसे “फ्लाइंग डिस्क” बताया। लेकिन अगले ही दिन सेना ने बयान बदलते हुए कहा कि वह महज़ एक मौसम बैलून था। इस बयान के विपरीत कई चश्मदीदों ने दावा किया कि वहां एलियन जैसी आकृतियां देखी गई थीं। यह घटना आज भी यूएफओ इतिहास की सबसे चर्चित घटना मानी जाती है।
2. रेंडलशेम फॉरेस्ट केस, ब्रिटेन
ब्रिटेन में एक अमेरिकी मिलिट्री बेस के पास कई सैनिकों ने दावा किया कि उन्होंने जंगल में एक चमकदार वस्तु को उतरते हुए देखा। वह वस्तु कुछ समय के लिए वहां रुकी और फिर अचानक आसमान में गायब हो गई। इस घटना की रिपोर्ट ब्रिटिश सरकार की आधिकारिक यूएफओ फाइल्स में दर्ज है।
भारत में यूएफओ (UFO) की घटनाएं
- भारत में भी कई बार यूएफओ देखे जाने के दावे किए गए हैं। 2007 में भी एक ऐसी ही घटना सामने आई थी, जहां सुबह 3:30 बजे से 6:30 बजे के बीच आसमान में एक आकृति देखी गई जिसका चेहरा हिल रहा था। इस आकृति को कैमरे पर रिकॉर्ड भी किया गया था। वस्तु का आकार एक गोले से त्रिकोण में बदल गया और आगे एक सीधी रेखा में बदल गया।
- 2012 में लद्दाख क्षेत्र में भारतीय सेना ने महीनों तक एक अज्ञात उड़ती वस्तु को देखने की बात कही थी।
- 2013 में उत्तर प्रदेश के बरेली में लोगों ने आसमान में एक गोल, चमकदार आकृति देखी थी, जिसे लेकर काफी चर्चा हुई थी।
- 2023 में भारतीय वायु सेना ने इंफाल हवाई अड्डे के पास एक UFO देखे जाने की बात कही थी। इसे खोजने के लिए वायु सेना ने दो राफेल लड़ाकू विमानों को भेजा था लेकिन दोनो ही विमानों को कुछ मिला नहीं था।
वैज्ञानिक नजरिया
NASA और अन्य अंतरराष्ट्रीय स्पेस एजेंसियां यूएफओ देखे जाने के मामलों पर काम कर रही हैं। अमेरिकी रक्षा विभाग (Pentagon) ने 2021 में एक रिपोर्ट प्रकाशित की, जिसमें यह स्वीकार किया गया कि उनके पास ऐसे कई वीडियो हैं जिन्हें वैज्ञानिक रूप से समझाया नहीं जा सका है। हालांकि अधिकतर वैज्ञानिक यह मानते हैं कि एलियन जीवन की संभावना तो है, लेकिन अब तक कोई पुख्ता प्रमाण नहीं मिला है।
यूएफओ और एलियन पर बनी हैं कई फिल्में (Aliens Sci-fi Movies)
यूएफओ और एलियन की कहानियों ने हॉलीवुड और टीवी की दुनिया में भी खास जगह बना रखी है। Independence Day, Arrival, Close Encounters of the Third Kind जैसी फिल्मों ने इन रहस्यों को लोगों के सामने और भी दिलचस्प बना दिया है।
चाहे आप एलियंस पर विश्वास करें या नहीं, लेकिन यह निश्चित है कि हमारी पृथ्वी इस ब्रह्मांड का एक बहुत ही छोटा हिस्सा है। और यदि इस अनंत ब्रह्मांड में कहीं और जीवन है, तो यह जानना न केवल रोमांचक होगा, बल्कि मानव सभ्यता के लिए एक नया अध्याय भी होगा।
Start Quiz
This Quiz helps us to increase our knowledge