TRENDING TAGS :
Baghpat News: आवारा सांड का आतंक—जैन साध्वी पर जानलेवा हमला, प्रशासन की नाकामी उजागर
Baghpat News: आवारा सांडों की लड़ाई उस समय जानलेवा बन गई जब एक सांड ने दो जैन साध्वियों पर हमला बोल दिया।
आवारा सांड का आतंक—जैन साध्वी पर जानलेवा हमला, प्रशासन की नाकामी उजागर (Photo- Newstrack)
Baghpat News: बड़ौत में गुरुवार सुबह मीरापुर रजवाहे की पटरी पर आवारा सांडों की लड़ाई उस समय जानलेवा बन गई जब एक सांड ने दो जैन साध्वियों पर हमला बोल दिया। इस हमले में साध्वी उर्मिला महाराज गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें रेहड़े में लिटाकर अस्पताल पहुँचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद जैन समाज में भारी आक्रोश है और प्रशासन की लापरवाही पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
घटना का विवरण
सुबह करीब 5:45 बजे साध्वी उर्मिला महाराज और एक अन्य साध्वी जनता वैदिक कॉलेज से होते हुए जैन स्थानक लौट रही थीं। सेंट्रल बैंक के पास दो सांड आपस में भिड़े हुए थे। तभी एक सांड ने साध्वियों पर हमला कर दिया। साध्वी उर्मिला महाराज के हाथ की हड्डी टूट गई और पेट में गंभीर चोटें आईं। खून अधिक बह जाने और बीपी गिरने के कारण ऑपरेशन स्थगित कर शुक्रवार के लिए टाल दिया गया।
जैन समाज में रोष
घटना के बाद जैन समाज के लोगों ने अस्पताल पहुँचकर प्रशासन और नगर पालिका पर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि नगर पालिका आवारा सांडों को पकड़कर गोशालाओं में नहीं भेज रही, जिससे ये जानवर सड़कों पर जानलेवा बनते जा रहे हैं।
आवारा पशुओं का पुराना आतंक
यह पहली घटना नहीं है। पिछले एक वर्ष में जिले में आवारा पशुओं के हमलों में कई लोगों की जान जा चुकी है। मार्च 2023 में गांधी रोड पर कारोबारी सुखमाल चंद जैन की सांड के हमले में मौत हुई थी। इसी तरह कई अन्य लोगों ने अपनी जान गंवाई या गंभीर रूप से घायल हुए।
प्रशासन की देर से जागरूकता
घटना के बाद नगर पालिका ने आनन-फानन में आवारा सांड पकड़ने का अभियान शुरू किया और करीब एक दर्जन सांडों को गोशाला भिजवाया। मगर यह कार्रवाई भी एक साल के अंतराल के बाद की गई, जब पिछले साल कांवड़ यात्रा में ऐसा अभियान चला था।
समाज की मांग
व्यापार मंडल और जैन समाज ने जिलाधिकारी से मांग की है कि शहर में आवारा सांडों का आतंक खत्म करने के लिए ठोस और स्थायी समाधान निकाला जाए।
Start Quiz
This Quiz helps us to increase our knowledge