TRENDING TAGS :
Raksha Bandhan Dressing Style: रिश्ते की डोर में बंधा स्टाइल, इस तरह रक्षाबंधन पर बनें सबसे खास...
Raksha Bandhan Dressing Style: अगस्त, 2025 को देशभर में यह त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। मान्यता है कि राखी बांधने से भाई की रक्षा होती है और वे जीवन भर सुरक्षित रहते हैं।
Raksha Bandhan 2025 Follow Trending Dressing Style Indian Desi Look (Image Credit-Social Media)
Raksha Bandhan Dressing Style: हर साल अगस्त महीने में एक ऐसा त्योहार आता है जिसका इंतजार पूरे साल भाई-बहन बेसब्री से करते हैं। यह त्योहार है रक्षाबंधन। यह पर्व न केवल भाई-बहन के प्रेम और रिश्ते की गहराई का प्रतीक है, बल्कि इसका सांस्कृतिक और सामाजिक महत्व भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। रक्षाबंधन का उल्लेख महाभारत, पुराणों और लोक कथाओं में मिलता है। द्रौपदी ने कृष्ण को राखी बांधी थी, वहीं रानी कर्णावती ने हुमायूं को राखी भेजी थी।
धार्मिक महत्व के चलते भी यह दिन बेहद खास है। यह दिन श्रावण मास की पूर्णिमा को आता है, जो शिव और विष्णु दोनों के पूजन का विशेष दिन होता है। 9 अगस्त, 2025 को देशभर में यह त्योहार धूमधाम से मनाया जाएगा। मान्यता है कि राखी बांधने से भाई की रक्षा होती है और वे जीवन भर सुरक्षित रहते हैं। इसी के साथ यह त्योहार परिवार और रिश्तों की मजबूती का भी प्रतीक है।
आज के दौर में त्योहारों के साथ फैशन का भी बड़ा नाता हो गया है। खासकर युवा बहनें और महिलाएं रक्षाबंधन पर पारंपरिक तो होना चाहती हैं, लेकिन कुछ नया और स्टाइलिश भी पहनना चाहती हैं। आइए जानते हैं फेस्टिवल थीम पर सजे बाजार में इस बार रक्षाबंधन के लिए बेहतरीन और ट्रेंडी आउटफिट्स के बारे में। साथ ही नन्ही बहनों और भाईयों के लिए भी क्या कुछ है खास-
हर बार रक्षाबंधन पर युवा वर्ग के लिए मार्केट थीम बेस्ड यूनिक ट्रेंड लेकर आता है। इस बार भी फैशन स्टोर्स पर खासकर महिलाओं और बच्चों के लिए ट्रेंडी पोशाकों के चलते रौनकों का माहौल बना हुआ है। जिनमें हर उम्र का खयाल रखते हुए अलग अलग आउट फ़िट्स उपलब्ध हैं-
आरामदायक और ट्रेंडी मैक्सी ड्रेस
रक्षाबंधन का त्यौहार ऐसे मौसम में पड़ता है। जब जबरदस्त उमस और चिपचिपी गर्मी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में स्किन फिट ड्रेस की जगह इस खास मौके पर मैक्सी ड्रेस एक आरामदायक और आकर्षक विकल्प है। इसकी लंबाई घुटनों से नीचे तक होती है और यह विभिन्न आकर्षक प्रिंट और कपड़ों में उपलब्ध होती है। रक्षाबंधन जैसे घरेलू और पारिवारिक त्योहार पर यह ड्रेस एक सही चुनाव साबित होती है क्योंकि यह परंपरा और आधुनिकता का संतुलन रखती है। आप जॉर्जेट, कॉटन, या शिफॉन फैब्रिक में फ्लोरल प्रिंट या सॉलिड कलर की मैक्सी ड्रेस चुन सकती हैं। इसके साथ झुमके और हल्के मेकअप में आप बहुत ही प्यारी दिखेंगी।
त्योहारों पर सदाबहार बनारसी साड़ी
बनारसी साड़ी भारतीय पारंपरिक परिधानों की रानी मानी जाती है। रेशमी कपड़े और उस पर खूबसूरत बुनाई और मोटा बॉर्डर रक्षाबंधन जैसे शुभ अवसर पर यह साड़ी आपके लुक को शाही बना सकती है। शादीशुदा महिलाएं या वे जिनकी सगाई हो चुकी है, वे बनारसी साड़ी पहनकर त्योहार की गरिमा को और भी बढ़ा सकती हैं। गोल्डन या लाल रंग की बनारसी साड़ी के साथ जूड़ा और गहनों में आप रॉयल नजर आएंगी।
कुर्ती और लहंगा स्कर्ट
यह फ्यूजन स्टाइल उन महिलाओं के लिए है जो पारंपरिक भी दिखना चाहती हैं और कुछ नया ट्राई करना भी पसंद करती हैं। आप पुराने लहंगे की स्कर्ट को नया रूप दे सकती हैं। इसके साथ खूबसूरत कढ़ाई वाली कुर्ती पहनें। पेप्लम या शर्ट स्टाइल की कुर्ती से लुक को और निखारें। आप चाहें तो इसके साथ मिरर वर्क या गोटा पट्टी वाली दुपट्टा भी कैरी कर सकती हैं। यह आउटफिट आरामदायक और स्टाइलिश दोनों होता है।
ट्रेंडी आउटफिट पेंसिल स्कर्ट और ब्लाउज
यदि आप पूरी तरह पारंपरिक परिधान नहीं पहनना चाहतीं तो यह लुक आपके लिए है। पेंसिल स्कर्ट के साथ ब्लाउज को पेयर करें, जिसमें एथनिक या बोहो प्रिंट हो। स्कर्ट में साइड स्लिट लुक को और भी आकर्षक बनाता है। इसके साथ स्लीवलेस या स्ट्रैपी ब्लाउज पहनें। इस आउटफिट के साथ बड़े झुमके, चोकर नेकलेस और हाई हील्स पहनकर स्टाइलिश और बोल्ड लुक पा सकती हैं।
शार्ट कुर्ती और जींस
आजकल यह लुक युवतियों के बीच बहुत लोकप्रिय है। शार्ट कुर्ती को डेनिम जींस के साथ पहनें। आप चाहें तो मौजूदा समय में फैशन ट्रेंड बन चुके बैकलेस स्टाइल या कोर्सेट कुर्ती भी चुन सकती हैं। यह लुक पारंपरिक और मॉडर्न का बेहतरीन मेल है। हल्के झुमके, स्टड्स या ओक्सिडाइज़्ड चेन और स्लिंग बैग के साथ यह लुक कंप्लीट हो जाता है।
बच्चों के लिए खास रक्षाबंधन आउटफिट्स
नन्हीं बहनों के लिए परफेक्ट रक्षाबंधन ड्रेस है शरारा कुर्ता। हल्के और सोख रंगों में ये ड्रेस इस फेस्टिवल में रंग भरने के लिए तैयार है। जिनमें कुछ खास रंग बेहद डिमांड में बने हुए हैं। पीच रंग एक बहुत ही प्यार विकल्प है। मिरर वर्क वाला पीच शरारा बच्चियों पर बहुत अच्छा लगता है। इसके साथ नेट या सिल्क का छोटा कुर्ता और हैयरबैंड, मैचिंग बैंगल्स और छोटे सैंडल्स उनके लुक को कम्पलीट करेंगे। वहीं बात करें ऑरेंज कलर की जो ऊर्जा और खुशी का प्रतीक है। बच्चों पर यह रंग काफी आकर्षक लगता है। इसके साथ फ्रिल वाली कुर्ती और हल्की-फुल्की ज्वेलरी चार चांद लगाने का काम करती है। लड़कियों के पसंदीदा रंगों में पिंक सबसे ऊपर होता है। गोटा-पट्टी का काम वाला पिंक शरारा आपकी बेटी को राजकुमारी जैसा लुक देगा। इसके साथ मैचिंग हेयर क्लिप्स और चूड़ियां बहुत प्यारी लगती हैं।
फ्लोरल प्रिंट वाला ब्लू शरारा बहुत सुंदर लगता है। यह रंग हर स्किन टोन पर अच्छा लगता है। इसके साथ सफेद या क्रीम रंग की कुर्ती अच्छा कॉम्बिनेशन बनेगा।
त्योहारों में लाल रंग हमेशा विशेष महत्व रखता है। लाल रंग का शरारा परंपरा और शैली का अद्भुत संगम है। इसके साथ सुनहरे रंग की कुर्ती और गोल्डन चप्पल बच्ची को त्योहार के रंग में रंग देगी।
छोटे भाइयों के लिए कुर्ता-पायजामा
छोटे बच्चों के लिए ब्वॉयज कलेक्शन में कुर्ता-पायजामा इस फेस्टिवल के लिए सबसे अच्छा और पारंपरिक विकल्प है। आप हल्के रंगों जैसे सफेद, आसमानी, क्रीम या पेस्टल रंगों का कुर्ता चुन सकते हैं। इसके साथ जैकेट या छोटा नेहरू कोट पहनाने से बच्चों का लुक और भी प्यारा दिखेगा। अगर बच्चा ज्यादा छोटा है तो कॉटन का ढीला-ढाला कुर्ता पायजामा आरामदायक रहेगा। साथ ही मैचिंग मोज़े और साफा या कैप उनके लुक को पूरा करेगा।
रक्षाबंधन पर सजने-संवरने के लिए सुझाव
मेकअप- त्योहारों पर हैवी मेकअप की जगह नैचुरल लुक सबसे बेहतर रहता है। बीबी क्रीम, काजल, मस्कारा और लाइट लिपस्टिक से आप त्योहार के हिसाब से खूबसूरत दिख सकती हैं।
हेयरस्टाइल - सिंपल चोटी, ब्रेडेड बन या वेवी हेयर इनमें से कोई भी स्टाइल अपने कपड़ों के अनुसार चुनें।
ज्वेलरी - चोकर, झुमके, कंगन और रिंग्स से आप अपने लुक को एथनिक टच दे सकती हैं।
फुटवियर - कोल्हापुरी, स्लीपर्स, या एम्ब्रॉइडरी हील्स कोई भी आरामदायक चप्पल पहन सकती हैं।
आज डिजिटल युग में जहां राखियां ऑनलाइन भेजी जाती हैं और वीडियो कॉल पर भी राखी का आदान-प्रदान होने लगा है।ऐसे में रक्षाबंधन केवल राखी बांधने का दिन नहीं, बल्कि प्रेम, श्रद्धा, और पारिवारिक संबंधों को मजबूत करने का पर्व है। इस दिन बहनें सजती-संवरती हैं, भाईयों की कलाई पर राखी बांधती हैं, मिठाई खिलाई जाती है और उपहार दिए जाते हैं। फैशन के ज़रिए आज की बहनें खुद को और भी खास महसूस करती हैं। पारंपरिक और मॉडर्न दोनों लुक्स के साथ रक्षाबंधन का उत्सव पूरी तरह से यादगार बन सकता है।
यह त्योहार केवल भाई-बहन तक सीमित नहीं है, बल्कि हर रिश्ते में विश्वास, प्रेम और जिम्मेदारी का प्रतीक बन गया है। कई सामाजिक संस्थाएं भी इसे सैनिकों और समाजसेवियों के साथ मनाती हैं। इस रक्षाबंधन पर प्यार बांटें, खूबसूरती से सजें और त्योहार की खुशी को दिल से मनाएं।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!