TRENDING TAGS :
Banda News: बांदा में वकीलों में खूनी संघर्ष: विधायक निधि से बने चैंबरों को लेकर मौजूदा-निवर्तमान बार अध्यक्ष खेमे भिड़े
Banda News: विवाद इतना बढ़ गया कि संघ परिसर में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। दोनों खेमों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे बौद्धिक वर्ग में हड़कंप मच गया है।
बांदा में वकीलों में खूनी संघर्ष (PHOTO: social media )
Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिला अधिवक्ता संघ में मंगलवार सुबह विधायक निधि से बने चैंबरों के आवंटन को लेकर वकीलों के दो गुटों में जमकर भिड़ंत हो गई। इस हिंसक झड़प में एक वकील गोविंद तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें लहूलुहान हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। विवाद इतना बढ़ गया कि संघ परिसर में पुलिस बल तैनात करना पड़ा। दोनों खेमों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिससे बौद्धिक वर्ग में हड़कंप मच गया है।
तकरीबन छह महीने से सुलग रहा चैंबर विवाद आज सुबह करीब 8:30 बजे खुलकर सामने आ गया। जिला अधिवक्ता संघ के मौजूदा अध्यक्ष द्वारकेश यादव 'मंडेला' और निवर्तमान अध्यक्ष अशोक दीक्षित ने एक-दूसरे को कटघरे में खड़ा किया है।
निवर्तमान संघ अध्यक्ष अशोक दीक्षित ने आरोप लगाया कि बतौर अध्यक्ष उन्होंने विधायक निधि से चैंबरों का निर्माण कराकर आवंटन प्रक्रिया पूरी की थी, लेकिन मौजूदा अध्यक्ष मंडेला ने उनके चैंबरों का नया आवंटन कर रात में उन लोगों को कब्जा दिलाना चाहा, जिनसे उन्होंने कथित तौर पर पैसे लिए थे। दीक्षित का दावा है कि ताला तोड़ा गया और सुबह जब वे मौके पर पहुंचे तो उन पर हमले की कोशिश हुई। उन्होंने मंडेला और गोविंद तिवारी सहित आधा दर्जन से अधिक लोगों पर बांस आदि से वार करने का आरोप लगाया, जिससे वे बाल-बाल बचे। दीक्षित ने यह भी दावा किया कि मंडेला ने उन्हें बेइज्जत करने और उनकी जान लेने के लिए ₹40 लाख की सुपारी ले रखी है, जो उनकी बेटी के मुकदमे के विपक्षियों से ली गई है।
अध्यक्ष दीक्षित के कब्जे को अवैध बताया
दूसरी ओर, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष मंडेला ने निवर्तमान अध्यक्ष दीक्षित के कब्जे को अवैध बताया। उन्होंने कहा कि विधायक निधि से बनाए गए चैंबरों में से एक को गायब कर उसकी लागत हड़पी गई है, और चार चैंबरों पर दीक्षित ने अवैध कब्जा कर रखा है। मंडेला के अनुसार, सदन ने संघ चुनाव के दौरान अपनाई गई आवंटन प्रक्रिया को गलत माना है और प्रत्येक आवंटी से ₹21,000 जमा कराकर चैंबरों का नया आवंटन किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आवंटी वकीलों के चैंबरों में जाने पर निवर्तमान अध्यक्ष दीक्षित और उनके लोग हमलावर हो गए, जिससे वकील गोविंद तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए।
CO सिटी आरपी सिंह ने बताया कि चैंबर आवंटन को लेकर वकीलों के दो पक्षों में विवाद हुआ है। घायल वकील का मेडिकल कराया गया है और दोनों पक्षों की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर अधिवक्ता संघ और आसपास पुलिस बल तैनात है।
Start Quiz
This Quiz helps us to increase our knowledge