हर सवाल का जवाब देने को सरकार तैयार...मानसून सत्र से पहले बोले CM योगी आदित्यनाथ

UP Monsoon Session 2025: मुख्यमंत्री ने इस दौरान पत्रकारों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि सत्र में जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।

Shishumanjali kharwar
Published on: 11 Aug 2025 11:54 AM IST
cm yogi adityanath
X

cm yogi adityanath 

UP Monsoon Session 2025: उत्तर प्रदेश विधानमंडल का मानसून सत्र आज से शुरू होगा। माना जा रहा है कि मानसून सत्र में सरकार कई अहम विधेयक पेश कर सकती है। सत्र के शुरू होने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विधानसभा पहुंचे। उन्होंने प्रदेश के सभी विधायकों का सदन की कार्यवाही के शुरू होने के अवसर पर स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने इस दौरान पत्रकारों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि सत्र में जनहित से जुड़े सभी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। विपक्ष के किसी भी सवाल का जवाब देने के लिए सरकार पूरी तरह से तैयार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सत्र के दौरान उत्तर प्रदेश के आगामी 25 वर्षो के विजन पर चर्चा की जाएगी। सीएम योगी ने 13 से 14 अगस्त तक विजन डॉक्यूमेंट पर 24 घंटे नॉन स्टॉप चर्चा के विरोध और सपा प्रमुख अखिलेश यादव के तंज का भी करारा जवाब दिया। सीएम ने कहा कि उनके एजेंड में विकास है ही नहीं। जब 36 घंटे तक सदन चलाया गया था तभी भी सपा के सदस्यों ने वॉकआउट किया था। उनके एजेंडे में विकास नहीं है। इसीलिए वह बिना सिर पैर की बातें कर ऐसे असंसदीय शब्दों का उपयोग करते हैं।

13 और 14 अगस्त को लगातार 24 घंटे सदन में होगी चर्चा

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार 'विकसित यूपी' का विजन लेकर आगे बढ़ रही है। इस विजन को नीति आयोग और विशेषज्ञों के सहयोग से तैयार किया गया है, जिसमें समाज के हर वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि आगामी 13 और 14 अगस्त को लगातार 24 घंटे इस विजन पर सदन में चर्चा होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि सर्वदलीय बैठक में सभी नेताओं के बीच इस पर सहमति बनी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह चर्चा न केवल विधानसभा और विधान परिषद में होगी, बल्कि आम जनता की राय भी इस विजन डॉक्यूमेंट में शामिल की जाएगी। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ कहा कि 2047 तक जब भारत एक विकसित राष्ट्र बनेगा, तब उत्तर प्रदेश भी 'विकसित उत्तर प्रदेश' के रूप में तैयार होगा।

सरकार सभी सवालों का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रश्नकाल में जनप्रतिनिधि जनहित से जुड़े सवाल उठाएंगे, जबकि शून्यकाल में महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होगी। सरकार सभी सवालों का जवाब देने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने सभी दलों से सार्थक और रचनात्मक चर्चा की अपील की, ताकि समय का सदुपयोग हो और नकारात्मकता से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि हम सभी प्रस्तावों का स्वागत करेंगे जो सदन में चर्चा के लिए आएंगे। युवाओं के हित, यूपी के विकास और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। अनावश्यक व्यवधान उत्पन्न करने वालों को जनता स्वयं जवाब देगी।

बाढ़, स्वास्थ्य और शिक्षा पर रहेगा विशेष ध्यान

मुख्यमंत्री ने बताया कि मानसून सत्र में बाढ़ और जलजमाव जैसे मौसमी मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके अलावा, स्वास्थ्य, शिक्षा, इन्फ्रास्ट्रक्चर, गरीब कल्याण और सभी वर्गों के उत्थान से जुड़े विषयों पर भी गहन परिचर्चा होगी। उन्होंने पिछले साढ़े आठ वर्ष में सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने विकास के क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसा प्राप्त की है।

सीएम ने विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने विपक्ष, विशेष रूप से समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका एजेंडा विकास के बजाय नकारात्मकता पर केंद्रित रहता है। उन्होंने कहा कि पहले जब हमने 36 घंटे की कार्यवाही को आगे बढ़ाया था, तब भी सपा ने इसका विरोध किया और असंसदीय शब्दों का उपयोग किया, जिसके लिए वे पहले से ही कुख्यात हैं। उन्होंने विपक्ष से सकारात्मक और विकासोन्मुखी चर्चा में भाग लेने की अपील की।

यूपी विधानमंडल की कार्यवाही को बताया देश के लिए नजीर

मुख्यमंत्री ने यूपी विधानमंडल को देश का सबसे बड़ा विधानमंडल बताते हुए कहा कि यहां होने वाली चर्चाएं पूरे देश के लिए एक नजीर बनती हैं। उन्होंने कहा कि पिछले साढ़े आठ वर्ष में यूपी विधानमंडल ने कई उपलब्धियां हासिल की हैं और जनहित के मुद्दों पर सार्थक चर्चा की है। इस बार भी 25 करोड़ की आबादी की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए हम महत्वपूर्ण एजेंडे के साथ सत्र में उपस्थित हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी सदस्यों का किया स्वागत

मुख्यमंत्री ने प्रदेश भर से आए सभी विधानसभा और विधानपरिषद् सदस्यों का हृदय से स्वागत किया और सत्र की सफलता के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सत्र उत्तर प्रदेश के विकास और समृद्धि की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

1 / 5
Your Score0/ 5
Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

Mail ID [email protected]

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!