UP में मानसून का ‘कहर’ : 17 जनपद पानी-पानी, 11 लोगों की गयी जान, कई शहरों में स्कूल बंद; आज भी बारिश का अलर्ट

UP Weather News: मानसून की सक्रियता ने जहां एक तरफ भीषण गर्मी और उमस से राहत दी है। वहीं दूसरी ओर बारिश के चलते यूपी के 17 जनपदों में नदियां उफान पर पहुंच गयी है।

Shishumanjali kharwar
Published on: 4 Aug 2025 11:40 AM IST
UP Weather News
X

UP Weather News

UP Weather News: उत्तर प्रदेश में बीते दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। मानसून की सक्रियता ने जहां एक तरफ भीषण गर्मी और उमस से राहत दी है। वहीं दूसरी ओर बारिश के चलते यूपी के 17 जनपदों में नदियां उफान पर पहुंच गयी है। कई जनपदों में तो नदियों का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। जिससे बाढ़ के हालात बन गये हैं। चारों तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

वहीं यूपी के अलग-अलग जनपदों में बारिश के चलते 11 लोगों की जान चली गयी। मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान भी मौसम में बदलाव की उम्मीद नहीं हैं। 46 जनपदों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना जतायी गयी है। यूपी में भारी बारिश के चलते राजधानी लखनऊ समेत कई शहरों में आज स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी गयी है।

सीएम योगी कर रहे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की मॉनिटरिंग

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ स्वयं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। वह अधिकारियों और राहत विभाग को लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दे रहे हैं। टीम-11 में शामिल मंत्रियों ने भी बीते रविवार को बाढ़ प्रभावित जनपदों का दौरा किया। 17 जनपदों की 37 तहसीलें और 402 गांव बाढ़ के पानी से घिरे हुए हैं।

बाढ़ प्रभावित जनपदों में वाराणसी, चंदौली, बलिया, बांदा, गाज़ीपुर, जालौन, आगरा, औरैया, चित्रकूट, कानपुर देहात, हमीरपुर, मीरजापुर, इटावा कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, प्रयागराज और फतेहपुर शामिल हैं। इन सभी जनपदों में राहत कार्य चल रहा है। इसके साथ ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें भी 24 घंटे पेट्रोलिंग कर रही हैं। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी के मुताबिक 17 जनपदों में कुल 84,392 लोग प्रभावित हैं।

बाढ़ प्रभावित इलाको से 2, 759 मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। बाढ़ से 343 लोगों के घरों को नुकसान हुआ है। इनमें 327 लोगों को सहायता राशि दी जा चुकी है। बाढ़ से घिरे हुए इलाकों में मोटरबोट और नावों की मदद से राहत सामग्री पहुंचायी जा रही है। इसके अलावा 29 जगहों पर लंगर की व्यवस्था की गयी है ताकि प्रभावित लोगों को भोजन की सुविधा मिल सके।

राजधानी लखनऊ समेत कई जनपदों में स्कूल बंद

यूपी की राजधानी लखनऊ समेत कई जनपदों में रविवार से लगातार रूक-रूककर मध्यम से भारी बारिश हो रही है। जिसके चलते जगह-जगह जलभराव की स्थिति पैदा हो गयी है। ऐसे में बारिश के चलते लखनऊ में एक से लेकर 12 तक के सभी बोर्ड के विद्यालयों में अवकाश की घोषणा कर दी गयी है। जिला विद्यालय निरीक्षक राकेश पांडेय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि आदेश का सख्ती के साथ पालन किया जाए। साथ ही जो बच्चे स्कूल के लिए रवाना हो गये हैं उन्हें अभिभावकों को सूचना देकर वापस घर भेज दिया जाए। लखनऊ के साथ ही अमेठी, बहराइच, सुलतानपुर, आंबेडकरनगर और रायबरेली में भी आज स्कूलों में अवकाश की घोषणा की गयी है।

46 जनपदों में बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय है। मौसम विभाग ने आज भी तराई और आगरा मंडल के 15 जनपदों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जनपदों में बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, मथुरा, सिद्धार्थनगर, आगरा, गोंडा, हाथरस, शाहजहांपुर, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं और आसपास के इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 31 जनपदों में भारी बारिश का यलो अलर्ट है।

इन जनपदों में कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, फर्रुखाबाद, कन्नौज, रायबरेली, बाराबंकी, संतकबीरनगर, बस्ती, लखनऊ, मुजफ्फरनगर, मेरठ, हापुड, महाराजगंज, हरदोई, एटा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अमेठी, अयोध्या, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, सहारनपुर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, जालौन, इटावा, औरैया, बिजनौर और आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है।

इसके साथ ही 64 जनपदों में व्रजपात की संभावना जतायी गयी है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार मानसूनी की ट्रफ लाइन अभी भी राज्य के तराई इलाकों की ओर है। ऐसे में तराई व आगरा क्षेत्र में आज भारी बारिश की संभावना है।

1 / 8
Your Score0/ 8
Shishumanjali kharwar

Shishumanjali kharwar

कंटेंट राइटर

मीडिया क्षेत्र में 12 साल से ज्यादा कार्य करने का अनुभव। इस दौरान विभिन्न अखबारों में उप संपादक और एक न्यूज पोर्टल में कंटेंट राइटर के पद पर कार्य किया। वर्तमान में प्रतिष्ठित न्यूज पोर्टल ‘न्यूजट्रैक’ में कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हूं।

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!