TRENDING TAGS :
Jhansi News: झांसी में विद्यार्थियों ने सीखा जल संरक्षण का परमार्थ जल सहेली मॉडल
Jhansi News:बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों ने तालबेहट में परमार्थ संस्था के जल सहेली मॉडल का अध्ययन कर जाना जल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का महत्व।
झांसी में विद्यार्थियों ने सीखा जल संरक्षण का परमार्थ जल सहेली मॉडल (Photo- Newstrack)
Jhansi News: झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के समाज कार्य विभाग के विद्यार्थियों ने क्षेत्रीय कार्य भ्रमण के अंतर्गत तालबेहट स्थित परमार्थ समाजसेवी संस्थान द्वारा संचालित जल सहेली मॉडल गांव बमहौरी और आसपास की जलीय संरचनाओं का दौरा किया। इस भ्रमण का उद्देश्य ग्रामीण समुदाय में जल संरक्षण, महिला सशक्तिकरण और सतत विकास के प्रयासों को समझना था।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने गांव में निर्मित जल संरक्षण संरचनाओं, जल सहेलियों के कार्यों और परमार्थ संस्था द्वारा चलाए जा रहे सामुदायिक विकास कार्यक्रमों का अवलोकन किया। संस्था के प्रतिनिधि मानवेन्द्र सिंह और भूपेंद्र कुमार ने विद्यार्थियों को जल संरक्षण मॉडल, ग्रामीण सहभागिता और जल प्रबंधन की तकनीकों की जानकारी दी।
विद्यार्थियों ने बमहौरी गांव में बने चेकडैम, वाडी परियोजना और प्रगतिशील किसान मनीराम के खेतों का भी भ्रमण किया। मनीराम ने बताया कि कैसे स्वदेशी पद्धति से बंजर जमीन पर जैविक खेती और पुष्प उत्पादन कर भूमि को उपजाऊ बनाया गया।
इस दौरान जल सहेलियां—श्रीकुंवर, पुष्पा विश्वकर्मा, लाड़कुंवर और सोना बहिन—ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि किस तरह उन्होंने जल संरक्षण के लिए संघर्ष किया और गांव की महिलाओं को इस दिशा में संगठित किया।
क्षेत्रीय कार्य समन्वयक डॉ. मुहम्मद नईम ने कहा कि इस तरह के भ्रमण विद्यार्थियों को सामाजिक कार्य के व्यावहारिक पहलुओं से जोड़ते हैं और समुदाय के साथ कार्य करने की दृष्टि विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि परमार्थ का जल सहेली मॉडल जल संरक्षण और महिला सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसने बुंदेलखंड में नई उम्मीद जगाई है।
भ्रमण के दौरान संस्था के सदस्य रोहित सिंह, सर्वेश सिंह, गुंजा चतुर्वेदी, हिमांशी यादव, मोहम्मद तलहा, अनीता अवस्थी, मोहित कुशवाहा, प्रहलाद यादव, अभिषेक सिंह और अंशिका त्रिपाठी मौजूद रहे।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!


