TRENDING TAGS :
दीपावली उत्सव में बच्चों के संग सेवा संकल्प की पहल: दीपावली पर सुरक्षा उपायों पर विशेष चर्चा
राजधानी में शुक्रवार को सेवा संकल्प द्वारा आयोजित दीपावली समारोह में शहर की मलिन बस्तियों के शिशु वाटिका और निशुल्क शिक्षा केंद्र के बच्चे शामिल हुए।
Lucknow News: Photo-News Track
Lucknow Today News: राजधानी में शुक्रवार को सेवा संकल्प द्वारा आयोजित दीपावली समारोह में शहर की मलिन बस्तियों के शिशु वाटिका और निशुल्क शिक्षा केंद्र के बच्चे शामिल हुए। यह कार्यक्रम बुद्धेश्वर स्थित सेवा संकल्प के निशुल्क शिक्षा केंद्र में आयोजित किया गया, जिसमें सेवा संकल्प के अन्य केंद्रों के बच्चे भी भागीदार बने। इस अवसर पर बच्चों को न केवल दीपावली के उत्सव का हिस्सा बनने का मौका मिला, बल्कि उन्हें भारतीय संस्कृति से भी रूबरू कराया गया।
सेवा संकल्प संस्था का उद्देश्य निर्धन बच्चों और महिलाओं के समग्र विकास में योगदान देना है। 1992 से उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में अपनी गतिविधियाँ चला रही यह संस्था बच्चों के लिए इवनिंग क्लासेस, स्वरोजगार प्रशिक्षण केंद्र और निशुल्क डिस्पेंसरी चलाती है। संस्था का मानना है कि समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए बच्चों का मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास बेहद जरूरी है।
बच्चों के साथ दीपावली मनाने की विशेष पहल
कार्यक्रम में सेवा संकल्प के सदस्य विपुल शंकर ने बताया कि संस्था हर प्रमुख पर्व बच्चों के साथ मनाती है, ताकि वे समाज के मुख्य अंग बन सकें। इस दिन बच्चों को पटाखे, फुलझड़ी, फल, मिठाइयाँ और उपहार वितरित किए गए। इसके अलावा बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी कला का प्रदर्शन भी किया।
संस्था के वरिष्ठ सदस्य ने साझा किया दीपावली का महत्व
दीपावली के इस विशेष मौके पर, सेवा संकल्प के वरिष्ठ सदस्य शिव बिहारी अग्रवाल ने बच्चों को दीपावली के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह पर्व भगवान प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने की खुशी में मनाया जाता है। साथ ही, संस्था के संस्थापक शिव कुमार श्रीवास्तव 'शिवेश' ने बताया कि दीपावली का दिन महालक्ष्मी के अवतरण का दिन होता है, और इस दिन लक्ष्मी-गणेश पूजा से न केवल धन और ऐश्वर्य की प्राप्ति होती है, बल्कि विवेक और स्थिरता भी मिलती है।
दीपावली सुरक्षा उपायों पर भी दिया गया ध्यान
दीपावली के दौरान सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विपुल शंकर ने बच्चों को पटाखे सावधानी से जलाने, सूती कपड़े पहनने और पटाखे जलाने के बाद हाथ धोने के अपील की। उन्होंने कहा कि हमारी सुरक्षा से ही पर्वों की खुशियाँ और सफलता संभव होती है।
सभी सहयोगियों का आभार
कार्यक्रम की सफलता में सेवा संकल्प से जुड़े सभी सहयोगी सदस्य सुखप्रीत कौर, गोल दरवाजा चिकनकारी, सिद्धार्थ प्रजापति, लिपिका चटर्जी, ऋषभ गौतम, सृष्टि यादव, उत्कर्ष वर्मा, विपिन सिंह, ब्रह्मकमल, वीरेंद्र यादव, सिद्धार्थ, अंकुर रंजना तिवारी कुसुम, मंजू, सुमन और आजाद क्रैकर्स का विशेष योगदान रहा। संस्थापक शिव कुमार श्रीवास्तव 'शिवेश' ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और दीपावली की शुभकामनाएं दी।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!