TRENDING TAGS :
लखनऊ में दिख रहा मिशन शक्ति का असर! नाबालिग से छेड़छाड़ व पीछा करने वाला आरोपी चढ़ा पुलिस के हत्थे
लखनऊ पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत गोमतीनगर विस्तार थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ और जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी दीपक रावत को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने पीड़िता और परिवार को सुरक्षा और न्याय दिलाया।
Lucknow News: लखनऊ पुलिस ने मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शनिवार को बड़ी सफलता हासिल की। गोमतीनगर विस्तार थाना पुलिस ने 15 साल किशोरी से छेड़छाड़ करने व पीछा करने के साथ साथ जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को 24 घंटे के भीतर दबोच लिया। पीड़िता की मां की तहरीर पर दर्ज केस में नामजद आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस ने मिशन शक्ति केंद्र की महिला उपनिरीक्षक और पुलिस बल की मदद से मकदूमपुर इलाके से गिरफ्तारी की। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से न सिर्फ पीड़िता और उसके परिवार को राहत मिली बल्कि नारी सुरक्षा के प्रति मिशन शक्ति अभियान की सख्ती का संदेश भी गया।
नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ की तहरीर मिलते ही पुलिस ने दर्ज की FIR
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की मां ने 3 अक्टूबर को गोमतीनगर विस्तार थाने में लिखित तहरीर दी थी, जिसमें आरोपी दीपक रावत की ओर से पीड़िता की नाबालिग बेटी को लगातार परेशान करने की बात कही गई थी। तहरीर के अनुसार, आरोपी किशोरी का पीछा करता, छेड़खानी करता और जान से मारने की धमकी देता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत धारा 74/78/351(3) बीएनएस व 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया। पुलिस आयुक्त लखनऊ से लेकर संयुक्त पुलिस आयुक्त और पूर्वी क्षेत्र पुलिस अधिकारियों के पर्यवेक्षण में कार्रवाई की जिम्मेदारी गोमतीनगर विस्तार थाने की टीम को सौंपी गई।
मिशन शक्ति केंद्र की मदद से दबोचा गया आरोपी
शिकायत दर्ज होने के बाद मिशन शक्ति केंद्र पर तैनात महिला उपनिरीक्षक और पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी को तलाशना शुरू किया। 4 अक्टूबर की दोपहर करीब ढाई बजे पुलिस ने आरोपी को मकदूमपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवक की पहचान 21 वर्षीय दीपक रावत के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को विधिक कार्यवाही पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। इस कार्रवाई ने साफ कर दिया कि मिशन शक्ति अभियान केवल कागजों में नहीं, बल्कि वास्तविक स्तर पर महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहा है।
नारी सुरक्षा को लेकर पुलिस का सख्त रुख
लखनऊ पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से एक बार फिर संदेश गया है कि महिला व नाबालिगों से जुड़ी किसी भी शिकायत पर तत्काल सुनवाई और कार्रवाई होगी। मिशन शक्ति फेज-05 के तहत लगातार पुलिस टीम अपराधियों की धरपकड़ कर रही है, ताकि शहर में बच्चियों और महिलाओं को सुरक्षित माहौल दिया जा सके। इस मामले में भी पुलिस ने जिस तेजी से आरोपी को गिरफ्तार किया, उसने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में एक मजबूत कदम साबित किया है।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!


