सांसद डिम्पल यादव पर अभद्र टिप्पणी मामले में सपा महिला सभा की एंट्री! मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ गोमतीनगर थाने में दी तहरीर

Lucknow News: सपा सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी की अशोभनीय टिप्पणी के खिलाफ समाजवादी महिला सभा ने गोमतीनगर थाने में तहरीर दी है। इससे पहले विभूतिखंड में FIR दर्ज हो चुकी है। अब हिंदू महासभा ने भी विरोध जताते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Hemendra Tripathi
Published on: 28 July 2025 9:03 PM IST
Lucknow news
X

SP Women Wing Files FIR Against Maulana Sajid Rashidi Over Dimple Yadav Remark

Lucknow News: सपा सांसद डिंपल यादव पर मौलाना साजिद रशीदी की विवादित टिप्पणी अब तूल पकड़ चुकी है। मौलाना के बयान के खिलाफ समाजवादी महिला सभा ने सोमवार को मोर्चा खोलते हुए गोमतीनगर थाने में FIR के लिए तहरीर दी है। सपा की प्रमुख महिला पदाधिकारियों ने मौलाना के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। आपको बता दें कि इससे पहले रविवार को विभूतिखंड थाने में सपा नेता प्रवेश यादव की तहरीर पर IPC और IT एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज हो चुका है। इसी के साथ अब इस मामले में हिंदू महासभा भी मैदान में उतर गई है। डिंपल यादव के सम्मान की रक्षा को लेकर शुरू हुई यह मुहिम अब राजनीतिक तूफान का रूप लेती नजर आ रही है। पुलिस पर कार्रवाई का दबाव तेज हो गया है और विपक्ष भी भाजपा से जवाब मांग रहा है।

महिला सम्मान को लेकर समाजवादी महिला सभा में आक्रोश

सोमवार को समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल गोमतीनगर थाना लखनऊ पहुंचा। सांसद डिंपल यादव पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ FIR दर्ज करने की तहरीर दी गई। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि यह टिप्पणी न केवल एक महिला सांसद का अपमान है, बल्कि देश की महिलाओं के आत्मसम्मान के खिलाफ है।

प्रतिनिधि मंडल में जूही सिंह समेत कई वरिष्ठ महिला नेत्री रहीं शामिल

मौलाना के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराने वाले प्रतिनिधिमंडल में समाजवादी पार्टी की नेता जूही सिंह, महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नेहा यादव, राष्ट्रीय महासचिव जान्हवी यादव, जिलाध्यक्ष प्रेमलता यादव, इंजीनियर शीला यादव, रागिनी चौहान शामिल रहीं। इसके साथ ही राष्ट्रीय प्रवक्ता फ़ख़रुल हसन चाँद, अधिवक्ता सभा से ज्ञानेश्वर पांडेय व प्रदीप भारती भी तहरीर देने वालों में शामिल रहे।

मौलाना के खिलाफ FIR पहले ही दर्ज, सियासत तेज

रविवार को ही सपा नेता प्रवेश यादव की तहरीर पर विभूतिखंड थाने में मौलाना साजिद रशीदी के खिलाफ FIR दर्ज की जा चुकी है। आरोप है कि टीवी डिबेट के दौरान उन्होंने डिंपल यादव पर अशोभनीय टिप्पणी की थी। IPC की कई धाराओं के साथ IT एक्ट भी लगाया गया है। इस कानूनी कार्रवाई के बाद अब सपा कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग थानों में तहरीर देकर दबाव बनाना शुरू कर दिया है। इसके साथ ही अखिल भारत हिंदू महासभा ने भी इस मुद्दे को महिला अपमान से जोड़ते हुए सख्त बयान जारी किया है। राष्ट्रीय प्रवक्ता शिशिर चतुर्वेदी ने कहा कि इस तरह की सोच रखने वाले मौलाना पर तुरंत कानूनी कार्यवाही होनी चाहिए। सोमवार को उन्होंने हजरतगंज थाने में तहरीर दी और मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

पुलिस पर कार्रवाई का बढ़ा दबाव

लगातार आ रही शिकायतों और राजनैतिक दबाव के चलते पुलिस अब मामले की गहन जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, मौलाना साजिद रशीदी की गिरफ्तारी पर भी विचार चल रहा है। वहीं समाजवादी पार्टी ने भाजपा से जवाब मांगते हुए चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। यह विवाद अब केवल एक बयान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक गरिमा और महिला सम्मान का विषय बन गया है। समाजवादी पार्टी इसे भाजपा की महिला विरोधी मानसिकता बता रही है और इस पर लगातार हमलावर रुख अपना रही है।

1 / 6
Your Score0/ 6
Hemendra Tripathi

Hemendra Tripathi

Mail ID - [email protected]

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!