Mathura News: स्वर्ण-रजत हिंडोला में विराजे ठा. बांकेबिहारी के दर्शन को उमड़ा भक्तों का सैलाब

Mathura News: ठाकुर बाँके बिहारी लाल को मंदिर के गर्भ-गृह से बाहर निकालकर करीब 32 फुट चौड़े व 12 फुट ऊंचे विशाल स्वर्ण- रजत निर्मित हिंडोले में विराजमान कराया गया।

Amit Sharma
Published on: 27 July 2025 10:09 AM IST
Mathura News: स्वर्ण-रजत हिंडोला में विराजे ठा. बांकेबिहारी के दर्शन को उमड़ा भक्तों का सैलाब
X

Mathura News

Mathura News: जग प्रसिद्ध ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में रविवार को हरियाली तीज का पावन पर्व हिंडोला उत्सव के रूप में प्रतिवर्ष की भांति हर्षोल्लास से मनाया गया। भक्तों ने स्वर्ण-रजत निर्मित हिंडोले में विराजमान ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन कर स्वयं को धन्य किया। वैसे तो हरियाली-तीज पर ब्रज के सभी प्रमुख मंदिरों में झूलनोत्सव के अंतर्गत झूले सजाये जाते हैं और ठाकुरजी को झूला झुलाकर प्राचीन परंपरा का निर्वहन किया जाता है। परन्तु ब्रज की प्रसिद्ध हरियाली तीज पर्व की विशेष धूम जग प्रसिद्ध बाँकेबिहारी मंदिर में दिखाई दी।

जहां प्रातःकाल ठाकुर बाँके बिहारी लाल को मंदिर के गर्भ-गृह से बाहर निकालकर करीब 32 फुट चौड़े व 12 फुट ऊंचे विशाल स्वर्ण- रजत निर्मित हिंडोले में विराजमान कराया गया और उनके दोनों ओर खड़ीं सखियां प्रतीकात्मक रूप में उन्हें झूला झुला रही थीं।हरियाली-तीज के मौके पर हरे रंग के महत्त्व को देखते हुए ठाकुरजी और सखियों को हरे रंग की विशेष पोशाक धारण कराई गई और मंदिर में सावन का एहसास कराने के लिए सावन के सभी रंगों से सजावट की गई।

साथ ही ठाकुरजी को भोग भी इस पर्व की विशेष मिठाई घेवर-फैनी अर्पित किया गया। ठाकुर जी की थकान मिटाने यानी विश्राम के लिए सुख सेज भी सजाई गई। प्राचीन मान्यता के अनुसार मंदिर बंद होने के बाद ठाकुरजी को यहां विश्राम कराया जाता है। वहीं मन्दिर के आंतरिक परिसर में हिंडोले की तैयारियां सम्पन्न हो जाने के बाद प्रातः पौने आठ बजे दर्शनार्थियों के लिये मन्दिर के पट खोल दिये गये। बस फिर क्या था इस पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे के भक्त उत्साह और उमंग के साथ अंदर प्रवेश करने लगे। भक्तों ने जब अपने आराध्य को स्वर्ण-रजत बेशकीमती हिंडोले में झूलते हुए देखा तो उनके आनंद का ठिकाना नहीं रहा और वे स्वयं को धन्य महसूस करने लगे।

मंदिर परिसर की भव्य सजावट के साथ ही ठाकुरजी की हरे रंग की पोशाक और स्वर्ण-रजत के आकर्षक श्रंगार से मन को मोहने वाला सौंदर्य भक्तों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा था।जिसके चलते संपूर्ण मंदिर परिसर बांकेबिहारी लाल के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। वहीं कुछ श्रद्धालु महिलाओं ने मल्हार गाकर अपनी खुशी व्यक्त की। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक इंतजाम किए गए थे। नगर निगम द्वारा मंदिर के आसपास विशेष साफ सफाई कराई गई।

1 / 5
Your Score0/ 5
Shalini singh

Shalini singh

Mail ID - [email protected]

Next Story

AI Assistant

Online

👋 Welcome!

I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!