TRENDING TAGS :
Meerut News: महिलाएं ही देती हैं राष्ट्र को दिशा: कुलपति
Meerut News: सीसीएसयू में आयोजित दीक्षा उत्सव 2025 के महिला सम्मेलन में वक्ताओं ने कहा- महिला शिक्षा और नेतृत्व ही सशक्त समाज और राष्ट्र निर्माण की नींव है।
महिलाएं ही देती हैं राष्ट्र को दिशा: कुलपति (Video- Newstrack)
Meerut News: मेरठ, 11 सितंबर। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में दीक्षा उत्सव 2025 के तहत बृहस्पतिवार को अटल सभागार में आयोजित महिला सम्मेलन महिला शक्ति और सशक्तिकरण के जोश से गूंज उठा। सम्मेलन में छात्राओं और महिला प्राध्यापकों की भारी भीड़ उमड़ी। आयोजन का मकसद छात्राओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मनिर्भरता और सामाजिक चेतना को बढ़ावा देना रहा।
मुख्य अतिथि और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त राजनयिक डॉ. जेनीस दरबारी ने कहा कि महिला शिक्षा ही समाज की वास्तविक प्रगति का रास्ता है। उन्होंने छात्राओं से कहा, “महिलाएं केवल परिवार का आधार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र को नई दिशा देने वाली शक्ति हैं। आज की छात्राएं कल की नेता बनेंगी, जिनके संकल्प शांति, समानता और विकास की राह खोलेंगे।”
विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला ने कहा कि सीसीएसयू सदैव महिला शिक्षा और सशक्तिकरण को प्राथमिकता देता रहा है। उन्होंने राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के विचारों को दोहराते हुए कहा कि शिक्षित और आत्मनिर्भर महिला ही सशक्त समाज की नींव रखती है।
जिला वन अधिकारी वंदना ने कहा कि महिलाएं अब किसी एक भूमिका तक सीमित नहीं हैं। वे प्रशासन, समाज और पर्यावरण संरक्षण जैसे हर क्षेत्र में अहम योगदान दे रही हैं। मेरठ छावनी परिषद की पूर्व उपाध्यक्ष बीना वाधवा ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्थानीय निकायों में महिलाओं की भागीदारी से ही असली बदलाव आता है। कवयित्री कोमल रस्तोगी ने कविताओं के जरिए नारी शक्ति की भावनाओं को व्यक्त किया।
कार्यक्रम में बुनकर सेवा केंद्र के हस्तकरघा और हथशिल्प उत्पादों ने सबका ध्यान खींचा। Holistic Herbs Daiwik और MuskaanEco स्टार्टअप्स ने अपने हर्बल और औषधीय उत्पादों से लोगों को प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
साहित्यिक-सांस्कृतिक परिषद की अध्यक्ष प्रो. नीलू जैन गुप्ता ने कहा कि यह सम्मेलन छात्राओं को समाज और संस्कृति से जोड़ने की दिशा में अहम कदम है। समन्वयक डॉ. वैशाली पाटील ने बताया कि छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रश्नोत्तर के जरिए अपने विचार व्यक्त किए।
समापन पर प्रो. बिंदु शर्मा ने महिला स्वास्थ्य और नेतृत्व पर जोर देते हुए नारी शक्ति को संगठित करने का आह्वान किया। प्रो. अलका तिवारी ने सभी का आभार जताया। छात्राओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से आत्मविश्वास बढ़ता है। सम्मेलन ने साफ संदेश दिया कि महिला शिक्षा और सशक्तिकरण केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत नींव है।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!