TRENDING TAGS :
UP Weather: उत्तर प्रदेश में अगले 48 घंटों में होगी बारिश, फिलहाल प्रचंड लू का कहर
UP Weather: प्रदेश में फिलहाल लू का कहर जारी है। सभी को सलाह है कि बहुत जरूरी होने पर दोपहर 12 से पांच बजे के बीच घर से निकलें। बाहर निकलते समय सिर ढक कर रखें। नमक पानी के घोल का सेवन करते रहें।
UP Weather Alert (Social Media)
UP Me Aaj Mausam Kaisa Rahega: उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी की गिरफ्त में है। जून की शुरुआत के साथ ही राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान तेजी से ऊपर चढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। राज्य के पश्चिमी और पूर्वी दोनों ही हिस्सों में गर्म हवाएं और तेज धूप लोगों की दिनचर्या को मुश्किल बना रही हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में 11 जून से मौसम के परिवर्तन का अगला दौर शुरू होगा और 12 से 14 जून तक एक बार फिर बारिश, झोंकेदार तेज हवाओं और बिजली गिरने की संभावनाओं का दौर शुरू होगा। लेकिन वर्तमान मौसम की चाल को देखते हुए लोगों को लू की चपेट में आने से बचने के उपाय करने चाहिए।
येलो अलर्ट: लू की चेतावनी
मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 9 और 10 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में लू चलने की पूरी संभावना है। इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं अगले 48 से 72 घंटों में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।
धूल भरी आंधी की संभावना
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में आज और कल धूल भरी आंधी चलने की आशंका है, जिससे दृश्यता में कमी और वायु गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। हालांकि पूर्वी उत्तर प्रदेश को गर्मी से फिलहाल कोई राहत मिलती नहीं दिख रही।
बदलाव और असर
वर्तमान में उत्तर भारत के ऊपर विभिन्न स्थानों पर ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय हैं। उत्तर-पश्चिम राजस्थान पर बना चक्रवात अब हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में शिफ्ट हो गया है। उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश पर बना परिसंचरण अब दक्षिण-पूर्व हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड तक खिसक चुका है। मध्य प्रदेश क्षेत्र में स्थित चक्रवात अब कमजोर पड़ गया है। इन मौसमीय स्थितियों के कारण प्रदेश में गर्मी का दबाव लगातार बना हुआ है।
कहां कितनी बढ़ी गर्मी?
शनिवार को जिन मंडलों में सबसे अधिक तापमान वृद्धि दर्ज की गई, उनमें शामिल हैं:
• वाराणसी मंडल (वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, जौनपुर)
• प्रयागराज मंडल (प्रयागराज, फतेहपुर, कौशांबी, प्रतापगढ़)
• बरेली मंडल (बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर)
• झांसी मंडल (झांसी, ललितपुर, जालौन)
इन क्षेत्रों में तापमान 2.1°C से 4.0°C तक बढ़ा है, जबकि अन्य मंडलों में यह वृद्धि 2.0°C से कम रही।
प्रयागराज (पी.बी.ओ.) में शनिवार को 43.8°C तापमान दर्ज किया गया, जो पूरे प्रदेश में सबसे अधिक रहा। मेरठ में न्यूनतम तापमान 25.4°C दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम था।
रात्रि में भी नहीं मिल रही गर्मी से राहत
रात के तापमान में भी चिंताजनक वृद्धि दर्ज की गई है, खासकर:
• मुरादाबाद मंडल (बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल): तापमान सामान्य से 3.1°C से 5.0°C अधिक
• कानपुर मंडल (कानपुर नगर, कानपुर देहात आदि) और मेरठ मंडल (गाजियाबाद, नोएडा आदि): तापमान सामान्य से 1.6°C से 3.0°C अधिक
बाकी मंडलों में रात का तापमान सामान्य के आसपास रहा, लेकिन उमस और गर्म हवाओं के चलते लोगों को नींद में भी तकलीफ हो रही है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों और मौसम वैज्ञानिकों ने सुझाव दिया है कि दोपहर 12 से 3 बजे के बीच बिना ज़रूरत घर से बाहर न निकलें। खासकर बच्चे और बुजुर्ग। हल्के और सूती कपड़े पहनें। भरपूर पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स का सेवन करें।
Start Quiz
This Quiz helps us to increase our knowledge