TRENDING TAGS :
झटका लगा पर झुके नहीं! IRCTC घोटाले पर तेजस्वी का 'तूफानी' ऐलान, 'चुनाव आया है, तो...'
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले IRCTC होटल घोटाले में आरोप तय होने के बावजूद तेजस्वी यादव ने राजनीतिक संघर्ष जारी रखने का ऐलान किया। उन्होंने इसे चुनावी साजिश बताया और जनता से भरोसा बनाए रखा, जबकि कोर्ट ने लालू परिवार पर गंभीर आरोप लगाए।
Tejashwi Yadav on IRCTC scam Accusition: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और बिहार में मुख्यमंत्री पद के दावेदार तेजस्वी यादव की मुश्किलें आज कानूनी रूप से बढ़ गई हैं, लेकिन उनका सियासी तेवर बरकरार है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट की सीबीआई अदालत ने आईआरसीटीसी होटल घोटाले के केस में लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव समेत कई आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि यह धोखाधड़ी, साजिश और पद के दुरुपयोग का मामला है। इस बड़े कानूनी झटके के बावजूद, तेजस्वी यादव ने सीधे भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर हमला करते हुए इसे चुनावी साजिश करार दिया है।
तेजस्वी का 'तूफानों से लड़ने का ऐलान'
कोर्ट में आरोप तय होने के बाद बाहर निकले तेजस्वी यादव ने मीडिया से बात करते हुए इस पूरे घटनाक्रम को चुनाव से प्रेरित बताया और संघर्ष करने का संकल्प दोहराया। तेजस्वी यादव ने कहा, "चुनाव आया है, तो इस तरह की चीजें होंगी। यह शुरू से ही राजनीतिक रहा है।" उन्होंने कहा कि "तूफानों से लड़ने में मजा ही कुछ और है। हमने संघर्ष के पथ को चुना है। हम अच्छे मुसाफिर भी बनेंगे और मंजिल तक भी पहुँचेंगे।" उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि कानूनी और राजनीतिक मोर्चे पर वह पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि न्यायालय का सम्मान करते हुए, "हम लोग हमेशा से लड़ते आए हैं और आगे भी लड़ते रहेंगे।"
'लालूजी मैनेजमेंट गुरु थे, उन पर आरोप लगाना गलत'
तेजस्वी यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव का बचाव करते हुए कहा कि उनके रेल मंत्री के कार्यकाल को ऐतिहासिक माना गया है और उन पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाना पूरी तरह से राजनीतिक है। तेजस्वी ने कहा कि जिस व्यक्ति ने 90 हजार करोड़ का मुनाफा रेलवे को दिया, हर बजट में किराया कम किया और जिन्हें ऐतिहासिक रेल मंत्री के रूप में जाना गया, उन पर आरोप लगाना सही नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि "हार्वर्ड से आईआईएम तक के बच्चे लालूजी से पढ़ने आए, जिनको मैनेजमेंट गुरु के नाम से जाना गया।" तेजस्वी ने कहा कि "जब तक बीजेपी रहेगी और मेरा उम्र रहेगा, हम उसके खिलाफ लड़ते रहेंगे।" उन्होंने बिहार की जनता पर भरोसा जताते हुए कहा कि "बिहार की जनता समझदार है, वह जानती है कि क्या हो रहा है।"
कोर्ट ने लालू परिवार पर लगाए गंभीर आरोप
आईआरसीटीसी घोटाले में राउज एवेन्यू कोर्ट ने पाया कि टेंडर प्रक्रिया में बड़े स्तर पर अनियमितताएँ की गईं और इसका सीधा फायदा लालू परिवार को मिला। कोर्ट ने लालू यादव से कहा कि "आपने सरकारी पद का दुरुपयोग कर टेंडर प्रक्रिया में दखल दिया और टेंडर की शर्तों में हेराफेरी की गई।" कोर्ट ने स्पष्ट किया कि लालू यादव ने "कम कीमत पर जमीन खरीद की साजिश रची।" हालाँकि, कोर्ट में लालू यादव ने भी कहा कि "मैं दोषी नहीं हूँ।" कोर्ट ने तेजस्वी और राबड़ी देवी पर भी इसी मामले में आरोप तय किए हैं।
महागठबंधन में सीट फॉर्मूले पर आज उम्मीद
एक तरफ जहाँ तेजस्वी यादव कानूनी संकट से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ उनकी पार्टी महागठबंधन में सीट बँटवारे को अंतिम रूप देने में लगी है। तेजस्वी यादव से यह सवाल भी पूछा गया कि क्या महागठबंधन में सीटों का फॉर्मूला आज फाइनल हो जाएगा? इस सवाल पर उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा, "हाँ, उम्मीद है।" कानूनी मोर्चे पर आए इस बड़े झटके को तेजस्वी यादव 'विक्टिम कार्ड' खेलकर और बीजेपी को 'चुनावी हथियार' इस्तेमाल करने का दोषी ठहराकर जनता के बीच भुनाने की पूरी कोशिश करेंगे, ताकि मुख्यमंत्री पद की उनकी दावेदारी पर कोई असर न पड़े।
AI Assistant
Online👋 Welcome!
I'm your AI assistant. Feel free to ask me anything!


